OPSC Assistant Agriculture Engineer Recruitment 2026-
एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग करने वाले छात्रों के लिए सरकारी नौकरी का सबसे बड़ा मौका आ गया है. ओडिशा लोक सेवा आयोग यानी OPSC ने सहायक कृषि अभियंता (Assistant Agriculture Engineer) के 48 पदों पर भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. यह भर्ती कृषि एवं किसान सशक्तिकरण विभाग, ओडिशा सरकार के अंतर्गत निकाली गई है.
कितना मिलेगा वेतन
ओपीएससी कृषि अधिसूचना 2026 आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी गई है. विज्ञापन संख्या 08, 2026-27 के तहत यह क्लास -II समूह-B के स्थायी पदों के लिए होगी. चयनित उम्मीदवारों को वेतन स्तर-10 के तहत शुरुआती वेतन 44,900 रुपये प्रतिमाह मिलेगा. इसके अलावा महंगाई भत्ता (DA) और मकान किराया भत्ता (HRA) भी दिया जाएगा.
कुल पद और आरक्षण
कुल 48 पदों में से 16 पद महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं. वर्ग के अनुसार देखें तो अनारक्षित वर्ग (UR) के लिए 22 पद, सामाजिक एवं आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग (SEBC) के लिए 3 पद, अनुसूचित जाति (SC) के लिए 8 पद और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 15 पद निर्धारित हैं.
महिला आरक्षण इन्हीं पदों के अंदर है. इसके अलावा पूर्व सैनिकों और दिव्यांग (PwD) उम्मीदवारों के लिए भी क्षैतिज आरक्षण (Horizontal Reservation) का प्रावधान है.
महत्वपूर्ण तिथियां
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 28 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है और इसकी अंतिम तिथि 28 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक है. आवेदन केवल OPSC की आधिकारिक वेबसाइट opsc.gov.in पर ही स्वीकार किए जाएंगे.
लिखित परीक्षा का आयोजन 1 नवंबर 2026, रविवार को कटक और भुवनेश्वर में किया जाएगा.
योग्यता और आयु सीमा
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कृषि इंजीनियरिंग में बीटेक या बीई की डिग्री होना अनिवार्य है.
आयु सीमा 1 जनवरी 2026 के अनुसार न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 42 वर्ष रखी गई है. आरक्षित वर्ग को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी. SC, ST, SEBC, महिला और पूर्व सैनिक उम्मीदवारों को 5 वर्ष, जबकि दिव्यांग (PwD) उम्मीदवारों को 10 वर्ष की आयु में छूट दी जाएगी.
साथ ही उम्मीदवार को ओड़िया भाषा पढ़ना, लिखना और बोलना आना जरूरी है.
आवेदन शुल्क
सामान्य और SEBC वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 700 रुपये रखा गया है, जबकि SC, ST और दिव्यांग (PwD) उम्मीदवारों के लिए कोई आवेदन शुल्क नहीं है.
अच्छी बात यह है कि सामान्य और SEBC वर्ग के उम्मीदवारों का 700 रुपये का आवेदन शुल्क वापस कर दिया जाएगा, बशर्ते उम्मीदवार लिखित परीक्षा के दोनों प्रश्नपत्रों में शामिल हो.
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर होगा. लिखित परीक्षा 200 अंकों की होगी, जबकि साक्षात्कार 25 अंकों का होगा. लिखित परीक्षा में नकारात्मक अंकन भी रहेगा.
इच्छुक उम्मीदवार OPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आधिकारिक अधिसूचना को जरूर जांचें और अंतिम तिथि से पहले आवेदन कर दें. OPSC Recruitment





