डेयरी किसानों के लिए राहत भरी खबर है. राज्य सरकार ने दूध के खरीद मूल्य (Milk Price) में बढ़ोतरी का बड़ा ऐलान किया है. ओडिशा स्टेट को-ऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स फेडरेशन लिमिटेड (OMFED) ने दूध के प्रोक्योरमेंट प्राइस में 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है. यह बढ़ा हुआ नया दाम आज से पूरे राज्य में लागू हो जाएगा.
कितने किसानों को मिलेगा फायदा?
इस फैसले से राज्य के 3.24 लाख से ज्यादा डेयरी किसानों को सीधा लाभ मिलेगा. OMFED के अनुसार यह कदम किसानों की आजीविका और आय को मजबूत करने के लिए उठाया गया है. वर्तमान में OMFED राज्य की 4,455 दुग्ध सहकारी समितियों के जरिए रोजाना लगभग 6.70 लाख लीटर दूध की खरीद कर रहा है.
दाम क्यों बढ़ाया गया
सरकार ने बताया कि दूध उत्पादन की लागत में भारी वृद्धि हुई है, जिसके कारण यह फैसला लेना जरूरी था.
1. पशु आहार महंगा
पशु आहार में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल जैसे मक्का, सरसों की खली, राइस पॉलिश और डी-ऑयल्ड राइस ब्रान के दाम 25% से ज्यादा बढ़ गए हैं.
2. ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ा
ग्लोबल स्तर पर तेल की कीमतें बढ़ने से उत्पादन और ढुलाई की लागत भी बढ़ी है.
3. किसानों की मांग
प्राथमिक दुग्ध समितियों से जुड़े किसानों ने मुख्यमंत्री से मिलकर बढ़ती लागत की समस्या बताई थी और खरीद मूल्य बढ़ाने की मांग की थी.
इसी मांग पर मत्स्य एवं पशु संसाधन विकास मंत्री गोकुलानंद मल्लिक ने कहा कि किसानों पर बढ़ते वित्तीय दबाव को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है.
पहले भी बढ़ा था दाम
यह पहली बार नहीं है जब OMFED ने दाम बढ़ाया हो. इससे पहले मई 2026 में भी 1 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद गाय के दूध का रेट 39.05 रुपये प्रति लीटर हो गया था. अब नई बढ़ोतरी के बाद किसानों को और अधिक मुनाफा मिलेगा.
ओमफेड प्रबंधन ने कहा है कि फेडरेशन दूध की गुणवत्ता से कभी समझौता नहीं करता, इसलिए बाजार में ओमफेड दूध की मांग लगातार बढ़ रही है और इसका सीधा मुनाफा किसानों तक पहुंचाया जा रहा है. Milk Price





