भारत दुनिया में प्याज (Onion ) का दूसरा सब से बड़ा उत्पादक है. प्याज सब्जी व मसाले की खास फसल है. इसे अकेले या दूसरी सब्जियों के साथ मिला कर खाया जाता है. प्याज का जमीन के अंदर का भाग व पत्तियां खाने में इस्तेमाल की जाती हैं. सब्जी बनाने में व सलाद के अलावा इस के औषधीय गुण के कारण इस का अपना अलग महत्त्व है.
भारत में उगाई जाने वाली सब्जियों में प्याज सब से ज्यादा पसंद किया जाता है. भारत में प्याज की खेती करीब 4.8 लाख हेक्टेयर रकबे में की जाती है. हाल के सालों में वैज्ञानिक अपने शोध से जहां एक तरफ प्याज में नई तकनीक और संकर किस्मों को विकसित कर के उत्पादन बढ़ाने में लगे हैं, वहीं किसान खेती के नए तरीके अपना कर ज्यादा उत्पादन लेने की कोशिश में हैं.
उन्नत किस्में : प्याज की कुछ उन्नत किस्में हैं अर्का निकेतन, अर्का बिंदु, अर्का प्रगति, पूसा रेड, पूसा रत्नार, पूसा माधवी, पूसा व्हाइट, फ्लैट एग्रीफाउंड, डार्करेड, एन 53, निफाद 53, हिसार 2, पंजाब सिलेक्शन, पंजाब रेडराउंड, कल्याणपुर रेडराउंड व उदयपुर 102 वगैरह.
हाइब्रिड प्रजातियां : अर्का कीर्तिमान, अर्का लालिमा व अर्का पीतांबर वगैरह.
रोपाई
रबी मौसम में बोई जाने वाली प्याज की नर्सरी अक्तूबरनवंबर में डालते हैं और पहाड़ी क्षेत्रों में मार्च से जून के महीने में यह काम करते हैं. बीजों को पूरी तरह से तैयार नर्सरी में डालते हैं. नर्सरी में तैयार पौधों को लगाने के लिए खेत को छोटेछोटे टुकड़ों में बांट लेना चाहिए और उस के बाद पौधों को रोपना चाहिए. लाइन और पौधे के बीच की दूरी कम से कम 8 से 10 सेंटीमीटर रखनी चाहिए. इस से खरपतवार निकालने व सिंचाई में आसानी होती है. बीजों को बोने से पहले थायरम 3 ग्राम प्रति किलोग्राम या बाविस्टीन 2 से 3 ग्राम प्रति किलोग्राम बीज की दर से उपचारित करें.
बीज की दर
प्याज की फसल के लिए नर्सरी तैयार करने के लिए 7 से 8 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर बीज की जरूरत होती है.
पौध तैयार करना
पौधशाला के लिए चुनी हुई जगह की पहले जुताई करें. इस के बाद उस में सही मात्रा में गोबर की सड़ी खाद या कंपोस्ट डालना चाहिए. पौधशाला का आकार 3 मीटर × 0.75 मीटर रखा जाता है और 2 क्यारियों के बीच 60 से 70 सेंटीमीटर की दूरी रखी जाती है, जिस से खेती के काम आसानी से किए जा सकें. खेत के 1/20 भाग में नर्सरी तैयार की जानी चाहिए.
पौधशाला के लिए रेतीली दोमट मिट्टी मुनासिब रहती है. पौध शैय्या में बीजों को 2 से 3 सेंटीमीटर मोटी छनी हुई महीन मिट्टी व सड़ी गोबर की खाद या कंपोस्ट खाद से ढक देना चाहिए. बोआई से पहले शैय्या को 250 गेज की पालीथीन से ढक कर सूरज की गरमी से उपचारित कर लें. बीजों को हमेशा लाइनों में बोना चाहिए. इस के बाद क्यारियों पर कंपोस्ट व सूखी घास की पलवार बिछा देते हैं. इस प्रकार 45 से 55 दिनों के तैयार पौधे पहले से तैयार खेत में रोप देने चाहिए.
खेत की तैयारी :
खेत में मिट्टी पलटने वाले हल से 1 बार जुताई कर के 3 से 5 जुताइयां देशी हल से करने के बाद खेत को समतल व भुरभुरा बना लेना चाहिए. खेत की आखिरी जुताई के दौरान 20 टन सड़ी गोबर की खाद या वर्मी कंपोस्ट को खेत में मिला देना चाहिए.
खाद की मात्रा :
प्याज के सफल उत्पादन के लिए खाद व उर्वरकों की ज्यादा मात्रा की जरूरत होती है. फसल में खाद व उर्वरक का इस्तेमाल जांच के आधार पर ही करना चाहिए. गोबर की सड़ी खाद 20 से 25 टन बोआई व रोपाई से 1 या 2 महीने पहले खेत में डालनी चाहिए. इस के अलावा 100 किलोग्राम नाइट्रोजन, 50 किलोग्राम फास्फोरस व 50 किलोग्राम पोटाश प्रति हेक्टेयर के हिसाब से लगती है. 50 किलोग्राम नाइट्रोजन और फास्फोरस व पोटाश की पूरी मात्रा खेत में पौध लगाने से पहले छिड़काव कर के देनी चाहिए और 50 किलोग्राम बची नाइट्रोजन का रोपाई के 30 से 45 दिनों बाद खेत में छिड़काव करना चाहिए.
सिंचाई :
रोपाई के एकदम बाद खेत में हलकी सिंचाई देनी चाहिए और रोपाई के तीसरे दिन अच्छी व गहरी सिंचाई करनी चाहिए और यदि मिट्टी में पानी सोखने की अच्छी कूवत हो तो 15 दिनों के अंतर पर खेत में पानी लगाते रहना चाहिए. इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि शल्क कंद बनने के समय पानी की कमी नहीं होनी चाहिए.
खुदाई व देखभाल :
रोपाई के 3 से 5 महीने बाद फसल खुदाई लायक हो जाती है. खुदाई के 10 से 15 दिनों पहले खेत में सिंचाई बंद कर देनी चाहिए. फिर खुरपी या कुदाल से खुदाई करनी चाहिए. उस के बाद 3 से 4 दिनों के लिए प्याज को छायादार जगह पर सुखाने के बाद उस का तना 2 सेंटीमीटर ऊपर से काट कर हटा देना चाहिए.
उत्पादन :
बढि़या देखरेख के बाद अच्छी फसल से 30 से 45 टन प्याज प्रति हेक्टेयर मिल जाता है. उत्पादन प्रजातियों व देखरेख के अनुसार कम भी हो सकता है.
भंडारण :
प्याज के भंडारण के लिए हवादार व छायादार जगह के साथसाथ सूखी जगह का होना जरूरी है. भंडारण के लिए अंधेरा कमरा भी ठीक रहता है.
भंडारित प्याज को समयसमय पर पलटते रहना चाहिए और खराब व सड़े प्याज को तुरंत निकाल कर बाहर कर देना चाहिए.
मुमकिन हो तो मैलिक हाईड्राजाइड 2000 से 2500 पीपीएम का छिड़काव कर देना चाहिए. इस से प्याज की सड़न व गलन को कम किया जा सकता है.Onion





