प्याज (Onion) एक शाकीय फसल है, इसलिए कोशिश करनी चाहिए कि कम से कम रसायनों का इस्तेमाल किया जाए, लिहाजा खरपतवारों को निराईगुड़ाई कर के खेत से निकाल देना चाहिए. फिर भी बेहद जरूरी होने पर तालिका में बताई गई रासायनिक दवाओं का इस्तेमाल करना चाहिए.

प्याज का मैगट : इस कीट की मादा पौधों की जड़ों के आसपास जमीन में अंडे देती है, जो 2-7 दिनों में फूट जाते हैं. अंडों से निकलने वाले मैगट पत्तियों के डंठलों से होते हुए जमीन में जा कर पौधों के शल्क कंदों के मुलायम तंतुओं को खाते हैं, इस से पौधे पीले पड़ कर सूखने लगते हैं.

रोकथाम : रोगी खेत में काटाप हाइड्रोक्लोराइड 4जी की 10 किलोग्राम मात्रा को प्रति हेक्टेयर की दर से जमीन पर बिखेर कर सिंचाई कर दें. बढ़ते हुए पौधों पर मिथोमिल 40 एसपी की 1.0 किलोग्राम मात्रा या ट्रायजोफास 40 ईसी की 750 मिलीलीटर मात्रा को 500-600 लीटर पानी में घोल कर प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव करने पर नए निकले हुए मैगट मर जाते हैं.

रसाद कीट : इस कीट के बड़े व बच्चे दोनों ही पौधों की पत्तियों को खुरच कर व उन का रस चूस कर नुकसान पहुंचाते हैं, जो बाद में पीलेसफेद रंग के निशानों में बदल जाते हैं, जिस से पत्तियां चमकीली सफेद दिखाई देने लगती हैं. ऐसी पत्तियां बाद में ऐंठ कर व मुड़ कर सूख जाती हैं.

रोकथाम : प्याज की कीटरोधी प्रजातियां उगानी चाहिए. कीड़ों के ज्यादा प्रकोप की दशा में 150 मिलीलीटर इमिडाक्लोप्रिड 17.8 एसएल को 500-600 लीटर पानी में घोल कर प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव करें.

तंबाकू की इल्ली : इस कीट की मादा पत्तियों की निचली सतह पर 250-300 अंडे समूहों में देती है. ये अंडे भूरे बालों से ढके रहते हैं और इन में से 3 से 5 दिनों में पीलापन लिए गहरे भूरे रंग की इल्लियां निकल कर प्याज की पत्तियों को खा कर नुकसान पहुंचाती हैं. इस का प्रकोप होने पर पूरा पौधा मर जाता है. कभीकभी यह कीट 50-60 फीसदी तक नुकसान पहुंचाता है.

रोकथाम : प्रकाश ट्रैप को लगा कर बड़े कीड़ों को पकड़ कर खत्म कर देना चाहिए. ज्यादा कीड़ों की दशा में इंडोक्साकार्ब 14.5 एसपी की 500 मिलीलीटर मात्रा या लैम्डा सायहेलोथ्रिन 50 ईसी की 300 मिलीलीटर मात्रा का 500 से 600 लीटर पानी में घोल बना कर प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव करना चाहिए.

चने का कटुआ कीट : मादा अक्तूबर महीने से पत्तियों की निचली सतहों, तनों और गीली मिट्टी में अंडे देना शुरू कर देती है. ये दिन के समय खेत में ढेलों में छिपी रहती है और रात में नुकसान पहुंचाती है. इल्लियां जितना खाती हैं, उस से ज्यादा काटकाट कर बरबाद करती हैं.

रोकथाम : मिथाइल पैराथियान 5 फीसदी धूल का 25 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर की दर से बुरकाव करना चाहिए. कीट का ज्यादा प्रकोप होने पर अल्कामेथ्रिन 10 ईसी की 250 मिलीलीटर मात्रा का 500-600 लीटर पानी में घोल बना कर प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव करना चाहिए.

मूंगफली का कर्ण कीट : इस कीट की मादा 21 से 139 तक अंडे देती है, जो 7-10 दिनों में फूट जाते हैं. इस कीट के बच्चे व बड़े दोनों ही अपने कुतरने व चुभाने वाले अंगों से पत्तियों को नुकसान पहुंचाते हैं.

रोकथाम : खेत में पौधों की रोपाई से पहले 25 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर की दर से मिथाइल पैराथियान 2 फीसदी धूल डालने से इस कीड़े के प्रकोप को कम किया जा सकता है.

मटर का पर्ण सुरंग कीड़ा : मादा मक्खी पत्तियों के तंतुओं में छेद बना कर अंडे देती है. ये अंडे 3-4 दिनों फूट जाते हैं और उन से मैगट निकाल कर पत्तियों के ऊपरी सिरे की ओर से सुरंग बना कर उस के हरे उतकों को खा कर नुकसान पहुंचाते हैं, जिस से पत्तियां सूख जाती हैं. बाद में इस का प्रकोप पत्तियों के निचले भाग पर होता है. इस के असर से पत्तियां टेढ़ी दिखाई देने लगती हैं.

रोकथाम : सूखी हुई जमीन पर इस का प्रकोप ज्यादा होता है, इसलिए समय से पानी देना चाहिए. लैम्डा सायहेलोथ्रिन 5 ईसी की 300 मिलीलीटर मात्रा या फेंथोएट 50 ईसी की 1.0 लीटर मात्रा का 500 से 600 लीटर पानी में घोल बना कर प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव करना चाहिए.

प्याज के खास रोग

आर्द्रपतन रोग : इस रोग से प्याज के पौधे को काफी नुकसान होता है. बीज का जमाव न होना, जमाव के बाद जमीन के अंदर के हिस्से का गल जाना, पौधशाला में बीज डालने के बाद जमाव कम होना आदि इस रोग की खास पहचान हैं. रोगी बीज काफी मुलायम हो जाता है और दबाने पर आसानी से फट जाता है. उगते हुए पौधे जमीन की सतह के पास ही टूट कर नीचे गिर जाते हैं. जड़ें सड़ जाती हैं.

रोकथाम : पौधशाला में बोआई से पहले बीजों को कार्बंडाजिम की 2.5 ग्राम मात्रा से प्रति किलोग्राम बीज की दर से शोधित करना चाहिए. टाइकोडर्मा की 125 ग्राम मात्रा को गोबर की अच्छी सड़ी हुई खाद में मिला कर 200 वर्गमीटर रकबे की दर से पौधशाला को शोधित कर लें.

बैगनी धब्बा : इस रोग से पत्तियों के बीच का भाग बैगनी रंग का हो जाता है. यदि आप उसे हाथों से छुएं तो काले रंग का चूर्ण हाथ में चिपका हुआ दिखाई देता है. रोगी पत्तियां झुलस कर गिर जाती हैं. प्याज के बीज तने पर रोग लगने के कारण रोगी जगह से टूट कर गिर जाते हैं. रोगी पौधों में यदि बीज बन गए तो सिकुड़े हुए होते हैं. रोगी पौधों के कंद सड़ने लगते हैं.

रोकथाम : 2 से 3 साल का सही फसल चक्र अपनाएं. रोग की पहचान दिखाई देते ही मैंकोजेब की 2.0 ग्राम मात्रा का प्रति लीटर पानी की दर से घोल बना कर 2 बार छिड़काव करें.

मृदुरोमिल आसिता : इस से पत्तियों पर अंडे के आकार से ले कर आयताकार दाग दिखाई पड़ते हैं. ये दाग समान दशाओं में पत्तियों के करीब अगले आधे भाग पर सफेद कोहरे की तरह छा जाते हैं. पत्तियां पीली हो कर मुरझा जाती हैं. रोग की उग्र दशा में पौधे बौने, बेआकार और पीले हो जाते हैं.

रोकथाम : फसल की अगेती प्रजातियों का चुनाव करें. रोग की पहचान दिखाई देते ही फसल पर मैंकोजेब 0.25 फीसदी या थीरम 0.1 फीसदी या कैप्टाफाल 0.1 फीसदी का घोल बना कर छिड़काव करें.

कंडुआ : इस रोग के कारण पत्तियों और बीजपत्रों में काले रंग के भरे हुए दाग बनते हैं. रोगी पत्तियां नीचे की तरफ मुड़ जाती हैं. पुराने पौधों पर शल्कों के नीचे के भाग पर भारी संख्या में उठे हुए फफोले दिखाई पड़ते हैं. इन धब्बों के फटने पर काले रंग का चूर्ण निकलता है. रोगी पौधे 3-4 हफ्ते बाद मर जाते हैं.

रोकथाम : ऐसे पौधों को देखते ही  पालीथीन की थैली से ढक कर सावधानीपूर्वक उखाड़ कर मिट्टी में दबा दें. बीजों को बोने से पहले विटावैक्स 2.5 ग्राम या टेबूकोनाजोल 1.0 ग्राम से प्रति किलोग्राम की दर से शोधित करें.

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...