Farmer’s Daughter Success Story-
किसान के घर में जब फसल अच्छी होती है, तभी परिवार की जरूरतें पूरी होने की उम्मीद बढ़ती है. कभी मौसम साथ देता है तो कभी पूरी मेहनत पर पानी फिर जाता है. ऐसे में बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाना और उन्हें डॉक्टर या इंजीनियर बनाने का सपना देखना किसी चुनौती से कम नहीं होता. आंध्र प्रदेश की के. प्रगथी की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. उनके पिता खेती करके परिवार चलाते रहे और बेटी ने तमाम मुश्किलों के बावजूद डॉक्टर बनने की राह नहीं छोड़ी. पढ़ें उनकी प्रेरक कहानी –
मां को खोया, लेकिन नहीं छोड़ा डॉक्टर बनने का सपना
आंध्र प्रदेश की के. प्रगथी का जीवन आसान नहीं रहा. परिवार में उस समय दुख का पहाड़ टूट पड़ा, जब उनकी मां गंभीर रूप से बीमार हुईं और कुछ ही दिनों में उनका निधन हो गया. मां के जाने के बाद घर की जिम्मेदारियां और बढ़ गईं. पिता के सामने तीन बेटियों की परवरिश और उनकी पढ़ाई जारी रखने की बड़ी चुनौती थी.
एक तरफ पत्नी को खोने का दुख था, तो दूसरी तरफ बेटियों के भविष्य की चिंता. परिवार की आमदनी का एकमात्र प्रमुख सहारा खेती थी. खेती में कभी अच्छी पैदावार होती तो कभी मौसम और फसल की परिस्थितियां कमाई को प्रभावित कर देतीं. इसी सीमित आमदनी में घर चलाना और तीनों बेटियों की पढ़ाई का खर्च उठाना आसान नहीं था.
लेकिन पिता ने बेटी के सपने को आर्थिक परेशानियों के आगे झुकने नहीं दिया. प्रगथी के पिता ने उनकी पढ़ाई नहीं रुकने दी वे खेतों में मेहनत करते रहे, ताकि उनकी बेटियां पढ़-लिखकर अपने पैरों पर खड़ी हो सकें.
NEET में 598 अंक लाकर हासिल किया मेडिकल कॉलेज में दाखिला
प्रगथी को साइंस के एक पाठ ने डॉक्टर बनने का रास्ता दिखाया. धीरे-धीरे उन्होंने इसे अपना लक्ष्य बना लिया. इंटरमीडिएट की पढ़ाई आंध्र प्रदेश के कुरनूल से पूरी करने के बाद उन्होंने मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG की तैयारी शुरू की.
उनके सामने दो बड़ी चुनौतियां थीं. पहली, कठिन प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल करना और दूसरी, परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए पढ़ाई का खर्च पूरा करना. इसके बावजूद उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी.
आखिरकार मेहनत रंग लाई. प्रगथी ने NEET में 598 अंक हासिल किए और कुरनूल मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए दाखिला प्राप्त किया.
यह सफलता केवल एक परीक्षा पास करने तक सीमित नहीं थी, बल्कि उस किसान पिता की वर्षों की मेहनत का परिणाम भी थी, जिसने अपनी बेटी की पढ़ाई के लिए हर संभव प्रयास किया.
GSK Scholarship से मिली मेडिकल पढ़ाई में आर्थिक मदद
सरकारी मेडिकल कॉलेज में दाखिला मिलना बड़ी सफलता थी, लेकिन इसके बाद भी किताबों, हॉस्टल और पढ़ाई से जुड़े दूसरे खर्चों की चिंता बनी हुई थी. इसी दौरान उन्हें GSK Scholars Programme के बारे में जानकारी मिली. उन्होंने छात्रवृत्ति के लिए आवेदन किया और उनका चयन हो गया. इस कार्यक्रम के तहत पात्र सरकारी मेडिकल कॉलेजों के एमबीबीएस विद्यार्थियों को अधिकतम साढ़े चार साल तक प्रतिवर्ष एक लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाती है.
इस सहायता ने प्रगथी की पढ़ाई का आर्थिक बोझ कम करने में मदद की. पिता की मेहनत और छात्रवृत्ति के सहारे उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई पूरी की.
MBBS पूरा कर बनीं हाउस सर्जन, अब NEET-PG की तैयारी
आज प्रगथी एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर हाउस सर्जन के रूप में काम कर रही हैं और आगे विशेषज्ञ डॉक्टर बनने के लिए पोस्टग्रेजुएशन की तैयारी में जुटी हैं. उनका सपना है कि वे मरीजों को बेहतर इलाज के साथ सम्मान, संवेदनशीलता और अच्छी देखभाल भी दे सकें.
प्रगथी की सफलता सिर्फ एक परिवार की खुशी नहीं है. यह उन हजारों किसान परिवारों के लिए उम्मीद की कहानी है, जहां माता-पिता सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों को बड़े सपने देखने का हौसला देते हैं.
किसान के बच्चों के लिए प्रेरणा है प्रगथी की सफलता की कहानी
प्रगथी की कहानी बताती है कि किसान की आर्थिक स्थिति भले ही हर साल एक जैसी न हो, लेकिन बच्चों के सपनों को आगे बढ़ाने की कोशिश नहीं रुकनी चाहिए. अच्छी शिक्षा, लगातार मेहनत और सही समय पर मिलने वाली छात्रवृत्ति जैसी मदद मुश्किल रास्तों को आसान बना सकती है.
एक पिता खेतों में फसल उगाता रहा और उसकी बेटी ने मेहनत से अपने भविष्य की फसल तैयार कर ली. मां का साया भले ही प्रगथी के सिर से उठ गया, लेकिन पिता का संघर्ष और भरोसा उनके सपनों के साथ बना रहा.
आज उनकी सफलता हर उस किसान पिता के लिए प्रेरणा है, जो अपनी बेटी को पढ़ाकर उसे अपने पैरों पर खड़ा देखना चाहता है. क्योंकि बेटी के सपनों को पंख मिल जाएं, तो किसान का घर भी डॉक्टर तैयार कर सकता है.





