मछली पालन (Fish Farming) को अधिक लाभकारी बनाने और नई तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में विगत दिनों 14वें भारतीय मत्स्य एवं जलीय कृषि सम्मेलन का आयोजन किया गया. इस तीन दिवसीय सम्मेलन में भारत समेत 6 अन्य देशों के 1,000 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए.

इस सम्मेलन का आयोजन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के केंद्रीय मीठाजल जलीय कृषि संस्थान (आईसीएआर-सीआईएफए) में किया गया. इसमें वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, मछली पालकों, उद्यमियों और सरकारी अधिकारियों ने मछली पालन को आधुनिक और अधिक कमाई वाला व्यवसाय बनाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया.

नई तकनीक से बदलेगा मछली पालन

सम्मेलन की मुख्य थीम ‘जलीय कृषि और मत्स्य पालन में बदलाव : विज्ञान और समाज के बीच सेतु निर्माण’ रखी गई. इसका उद्देश्य मछली पालन में वैज्ञानिक तकनीकों को बढ़ावा देना और शोध से मिलने वाले नए तरीकों को किसानों तक पहुंचाना है.

एनएसीए के महानिदेशक ने क्या कहा

सम्मेलन का उद्घाटन बैंकॉक स्थित एशिया-प्रशांत जलीय कृषि केंद्रों के नेटवर्क (एनएसीए) के महानिदेशक डॉ. एडुआर्डो लियानो ने किया. उन्होंने कहा कि मछली पालन के क्षेत्र में तेजी से बदलाव लाने के लिए नई तकनीकों और नवाचारों को अपनाना जरूरी है.

आईसीएआर के उप महानिदेशक (मत्स्य विज्ञान) क्या बोले

आईसीएआर के उप महानिदेशक (मत्स्य विज्ञान) डॉ. जे. के. जेना ने बेहतर शोध और मछली की खरीद से लेकर बाजार तक पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया.

National Fishery Development Board के CEO ने क्या कहा

राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी डॉ. बी. के. बेहरा ने मछुआरों की आमदनी बढ़ाने के लिए मत्स्य सहकारी समितियों को मजबूत बनाने की बात कही.

मछली की गुणवत्ता और बाजार पर भी जोर

सम्मेलन में मछली की गुणवत्ता सुधारने और उपभोक्ताओं के बीच इसकी मांग बढ़ाने पर भी चर्चा हुई. विशेषज्ञों का मानना है कि मछली पालन को लाभकारी बनाने के लिए केवल उत्पादन बढ़ाना काफी नहीं है. मछली की अच्छी गुणवत्ता, सुरक्षित रखरखाव और बाजार तक सही तरीके से पहुंच भी जरूरी है.

इस दौरान देश-विदेश के विशेषज्ञों ने मत्स्य पालन की नई संभावनाओं, शोध और कारोबार से जुड़े अनुभव साझा किए.

इन नई तकनीकों पर होगा मंथन

तीन दिवसीय सम्मेलन में मछली पालन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई. इनमें प्रमुख हैं :

# कम लागत में टिकाऊ मछली पालन.
# मछलियों की अच्छी नस्ल तैयार करने की तकनीक.
# मछलियों के लिए बेहतर और पौष्टिक आहार.
# मछलियों में होने वाली बीमारियों की पहचान और बचाव.
# AI यानि कृत्रिम बुद्धिमत्ता से मछली पालन का बेहतर प्रबंधन.
# जीन तकनीक से मछलियों की नस्ल में सुधार.
# तालाबों और जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाना.
इन तकनीकों का मकसद मछली उत्पादन बढ़ाने के साथ लागत कम करना और मछली पालकों को बेहतर आमदनी दिलाना है.

20 संस्थाओं ने दिखाई नई तकनीकें

सम्मेलन के साथ एक प्रदर्शनी भी लगाई गई. इसमें 20 संस्थाओं और एजेंसियों ने मछली पालन से जुड़े अपने उत्पाद, नई मशीनें, तकनीकें और सेवाएं प्रदर्शित कीं.

कार्यक्रम में मछली पालकों को नई तकनीकों की जानकारी लेने और वैज्ञानिकों व कंपनियों से सीधे बातचीत करने का मौका मिला. सम्मेलन में वैज्ञानिक पुस्तकों और शोध प्रकाशनों का विमोचन भी किया गया. साथ ही मछली पालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले वैज्ञानिकों को एसोसिएशन ऑफ एक्वाकल्चरिस्ट्स के फेलो पुरस्कार से सम्मानित किया गया.

किसानों तक पहुंचे शोध का फायदा

आईसीएआर-सीआईएफए के निदेशक और सम्मेलन के संयोजक डॉ. पी. के. साहू ने कहा कि वैज्ञानिकों, उद्योगों और मछली पालकों के बीच बेहतर तालमेल बनाना जरूरी है. शोध से मिलने वाली नई जानकारियों को ऐसे व्यावहारिक तरीकों में बदलना चाहिए, जिन्हें मछली पालक अपने तालाबों और कारोबार में अपना सकें.

इस सम्मेलन से उम्मीद है कि मछली पालन के क्षेत्र में नई तकनीकों को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को उत्पादन बढ़ाने, लागत घटाने तथा कमाई के नए अवसर मिलेंगे. Fish Farming

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...