सोर्फ मशीन (Machine) से गन्ने (sugarcane) की अच्छी पैदावार

गन्ना उगाने के मामले में भारत पहले नंबर पर है, ऐसा माना जाता है. पर इसे पूरी दुनिया में उगाया जाता है. वैसे, इसे उगाने की शुरुआत ही भारत से मानी गई है और देश में गन्ना पैदा करने वाले राज्यों में उत्तर प्रदेश पहले नंबर पर है. गन्ने की फसल को आम बोलचाल की भाषा में ईख भी कहा जाता है. इस फसल को एक बार बो कर इस से 3 साल तक उपज ली जा सकती है.

तकरीबन 50 मिलियन गन्ना किसान और उन के परिवार अपने दैनिक जीवनयापन के लिए इस फसल पर ही निर्भर हैं या इस से संबंधित चीनी उद्योग से जुड़े हुए हैं. इसलिए पेड़ी गन्ने की पैदावार में बढ़ोतरी करना बेहद जरूरी है, क्योंकि भारत में इस की औसत पैदावार मुख्य गन्ना फसल की तुलना में 20-25 फीसदी कम है. हर साल गन्ने के कुछ रकबे यानी आधा रकबा पेड़ी गन्ने की फसल के रूप में लिया जाता है.

गन्ने से अधिक उपज लेने में किल्ले की अधिक मृत संख्या, जमीन में पोषक तत्त्वों की कमी होना, ट्रेश यानी गन्ने की सूखी पत्तियां जलाना वगैरह खास कारण हैं.

इन बातों को ध्यान में रखते हुए गन्ना पेड़ी प्रबंधन के लिए ‘सोर्फ’ नाम से एक खास बहुद्देशीय कृषि मशीन मौजूद है. इस के इस्तेमाल से गन्ना पेड़ी से अच्छी फसल ली जा सकती है.

मशीन (Machine)

मशीन की खूबी : यह मशीन एकसाथ 4 काम करने में सक्षम है.

  1. पोषक तत्त्व प्रबंधन : सोर्फ मशीन गन्ने की सूखी पत्तियों वाले खेत में भी कैमिकल उर्वरकों को जमीन के अंदर पेड़ी गन्ने की जड़ों तक पहुंचाने में सहायक है.
  2. ठूंठ प्रबंधन : गन्ना फसल कटने के बाद खेत में जो ठूंठ रह जाते हैं या ऊंचेनीचे होते हैं, उन असमान ठूंठों को जमीन की सतह के पास से बराबर ऊंचाई पर काटने के लिए भी इस मशीन का इस्तेमाल किया जा सकता है.
  3. मेंड़ों का प्रबंधन : गन्ने की पुरानी मेंड़ों की मिट्टी को अगलबगल से आंशिक रूप से काट कर यह मशीन उस को 2 मेंड़ों के बीच पड़ी सूखी पत्तियों पर डाल देती है, जिस से पत्तियां गल कर खाद का काम करती हैं.
  4. जड़ प्रबंधन : ‘सोर्फ’ मशीन द्वारा गन्ने की पुरानी जड़ों को बगल से काट दिया जाता है, जिस से नई जड़ें आ जाती हैं और पेड़ी गन्ने में किल्ले की संख्या में बढ़ोतरी होती है.

सोर्फ मशीन से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय अजैविक स्ट्रैस प्रबंधन संस्थान, (समतुल्य विश्वविद्यालय), मालेगाव, बासमती 413115, पुणे (महाराष्ट्र) फोन : 02112-254057 पर जानकारी ले सकते हैं.

खाजा : स्वाद से भरपूर, देशी मिठाई

हमारे देश में मिठाइयों की भरमार है. मिठाई अलगअलग तरह के प्रयोग और नाम से तैयार की जाती है. उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तर भारत के कई राज्यों में बनने वाली मिठाई खाजा भी है. खाजा यानी वह मिठाई, जिसे देखते ही खाने का मन करे.

इसे बनाने में प्रमुख रूप से मैदा, घी और चीनी का प्रयोग होता है. कई शहरों में खाजा बनाते समय ही चेरी, मेवा, खोया और इलायची को भी मिला दिया जाता है.

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में इस को खजला नाम से भी जाना जाता है. बुलंदशहर, औरैया, इटावा, आगरा और राजस्थान के तमाम इलाकों में इस को खजला के नाम से ही जाना जाता है.

खजला बड़ी पूरी के आकार का बनता है. इस में मेवा, चेरी भर कर स्वादिष्ठ बना दिया जाता है. गोलगोल खाजा बनने के अलावा चपटे आकार का खाजा भी बनता है. उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ इलाके में इस को केवल आटा, घी और चीनी के प्रयोग से तैयार किया जाता है.

गांव के कई इलाकों में खाजा का इस्तेमाल इसलिए भी ज्यादा होता है क्योंकि इस मिठाई को 15-20 दिन तक आराम से खा सकते हैं. ऐसे में इसे शादीविवाह में देने और खानेपीने के रूप में ज्यादा पसंद किया जाता है.

मेले में लगने वाली दुकानों में यह सब से ज्यादा दिखाई देता है. कीमत के हिसाब से देखें तो यह सस्ती मिठाई है. 150 से 250 रुपए किलोग्राम तक के भाव में यह आसानी से मिल जाती है.

खाजा खाने में बेहद कुरकुरा होता है. इस को कुरकुरा बनाने के लिए आटे में गूंदते समय घी का इस्तेमाल ज्यादा किया जाता है. इस को सजाने के लिए खोया, चेरी और मेवा का इस्तेमाल किया जाता है.

गोरखपुर की रहने वाली रंजना वर्मा कहती हैं कि खाजा केवल मिठाई नहीं है, बल्कि यह हमारे देशी चलन का हिस्सा है. आज के समय में शादीविवाह में पुरानी मिठाइयों का चलन वापस लौटता नजर आ रहा है. ऐसे में एक बार फिर से देशी मिठाइयां ट्रेंड में आ गई हैं. शादीविवाह में यह मिठाई उपहार के रूप में भी दी जाती है.

यही वजह है कि पुरानी देशी मिठाइयां बाजार में फिर से जगह बनाती जा रही हैं. मेलों में लोग देशी मिठाई का स्वाद लेना चाहते हैं. इन की दुकानें भी रोजगार का जरीया बन गई हैं. मेवा और खोया की जगह अनाज से बनी मिठाइयां सब से ज्यादा मशहूर हो रही हैं.

खाजा बनाने के लिए सामग्री

एक कप मैदा. मैदा में मिलाने के लिए 2 चम्मच घी. पेस्ट के लिए 2 चम्मच घी और मैदा अलग से लें. चाशनी बनाने के लिए आधा कप चीनी, आधा कप से कम पानी और इलायची पाउडर लें. खाजा को सजाने के लिए आधा कप सूखे और पिसे हुए मेवे का मिश्रण. मावा आधा कटोरी और चेरी आधा कप तैयार करें. खाजा को तलने के लिए घी या तेल इस्तेमाल करें.

ऐसे तैयार करें खाजा

मैदे में घी को हलका गरम कर के मोयन बना लें. पानी के सहारे मुलायममुलायम आटा गूंद लें. तकरीबन 20 मिनट तक आटा ढक कर रख दें. पानी और चीनी को मिला कर चाशनी तैयार करने के लिए पहले इस को गरम करें. इस में इलायची पाउडर भी मिला दें. चीनी गाढ़ी हो कर चाशनी में तबदील हो जाए तो इस को अलग रख दें.

अब आटे की पतली पूरी बेल कर इस में घी और मैदे का पेस्ट लगाएं. दूसरी पूरी बेल कर इस के ऊपर रखें. इस तरह से कई पूरियां पेस्ट लगा कर ऊपर रखें. इस को रोल करें और एक बार फिर से बेल कर कड़ाही में घी और तेल डाल कर तलें. पूरी तरह से यह पूरी गोलगोल हो कर तैयार होगी. इस को निकाल कर पहले से बनी चाशनी में डाल दें. जब चाशनी में ठंडी हो जाए तो सूखे मेवे, चेरी और मावा डाल कर इस को सजा दें. जब आप खा कर देखेंगे तो ऐसा लगेगा जैसे कह रहा हो मुझे खाजा.

दुधारू पशुओं (Milch Animals) को दें हरा चारा

पशुओं से अगर ज्यादा दूध लेना है तो यह जरूरी है कि वे सेहतमंद रहें. अगर पशुपालक दुधारू पशुओं को हरा चारा दें और सही प्रबंध करें तो वे अपने पशुओं को ठीक से रख सकते हैं.

दुधारू पशुओं की देखभाल करना बहुत ही जरूरी है, क्योंकि इन से ज्यादा दूध लेने से ज्यादा पैसा मिलता है. मानव शरीर के लिए पशुजनित प्रोटीन भी जरूरी है, जो शाकाहारी इनसान को केवल दूध से ही मिल सकता है.

दुधारू पशुओं से ज्यादा दूध लेने के लिए ज्यादा पोषक तत्त्वों की जरूरत पड़ती है. ये पोषक तत्त्व हैं चिकनाई, कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, विटामिन, खनिज पदार्थ, लवण और पानी. इस के लिए दुधारू पशुओं को संतुलित आहार देना चाहिए, जो उन के स्वास्थ्य से संबंधित सभी तरह की जरूरतों को पूरा कर सके और उन्हें सेहतमंद रखने के लिए उसे पोषक तत्त्व ठीक अनुपात और सही मात्रा में मुहैया करा सके.

संतुलित आहार है जरूरी

दूध का उत्पादन 2 बातों पर ज्यादा निर्भर करता है:

* पशु के दूध देने की कूवत.

* पशु का रखरखाव, देखभाल और आहार.

आहार की मात्रा पशु द्वारा दिए गए दूध की मात्रा और उस में चिकनाई और प्रतिशत पर निर्भर है. दूध अयन में बनता है. दुधारू पशु को ऐसे पोषक तत्त्व और ज्यादा खिलाने चाहिए, जो दूध में निकले हुए तत्त्वों की कमी को पूरा कर सकें. साथ ही, उन तत्त्वों को भी पूरा करें, जो इस क्रिया के पूरा होने में खत्म हुए हों.

दुधारू पशुओं (Milch Animals)

ऊर्जा भी है जरूरी

दुधारू पशुओं के शरीर से दूध के साथ कार्बोहाइड्रेट और चिकनाई बाहर निकलती है. इस नुकसान को पूरा करने के लिए पशु को 5 फीसदी चिकनाई और अच्छे कार्बोहाइड्रेट वाले हरे चारे जैसे ज्वार, मक्का, लोबिया, ग्वार, बरसीम, जई वगैरह खिलाने चाहिए. इन्हें खिलाने से दूध में निकले जरूरी तत्त्वों की कमी पूरी हो जाती है.

प्रोटीन भी जरूर दें

दूध बनने में कार्बोहाइड्रेट अहम भूमिका निभाता है और उसे शरीर से बाहर निकलने में प्रोटीन का नुकसान होता है. इस कमी को पूरा करने के लिए हम आमतौर पर पशु को एक किलोग्राम टाइप 1 दाना या पैलेट खिलाते हैं, लेकिन यदि हमारे पास फलीदार हरा चारा हो तो 12 किलोग्राम हरे चारे से उस की यह जरूरत पूरी की जा सकती है. हरे फलीदार चारे को हमेशा सूखे भूसे के साथ मिला कर देना चाहिए वरना पेट में गैस बन सकती है.

खनिज लवणों की जरूरत

दूध में कैल्शियम और फास्फोरस की मात्रा शरीर से काफी निकलती है. इन की भरपाई के लिए फलीदार हरा चारा जैसे लूसर्न, बरसीम, ग्वार, लोबिया वगैरह में कैल्शियम और गेहूं के चोकर में फास्फोरस काफी मात्रा में होने के चलते दुधारू पशुओं को आहार में खिलाना चाहिए.

वहीं दूसरी ओर दूध में तमाम तरह के विटामिन पाए जाते हैं. इन का दूध के बनने और शरीर से बाहर निकलने में बहुत अधिक महत्त्व हैं. खासतौर से चिकनाई में घुलनशील विटामिन ए और विटामिन डी, जो शरीर में नहीं बनते, उन्हें चारे द्वारा पशुओं को खिलाने चाहिए.

पशुओं को हरा चारा खिलाने से विटामिन ए मिलता है, वहीं धूप में पशु को खड़ा कर के अथवा चारागाहों में चराने से चमड़ी पर सूरज की किरणों के प्रभाव से विटामिन डी मिलता है. खिलाए जाने वाले दानों से काफी मात्रा में पशु को विटामिन ई मिल जाता है. बी श्रेणी के विटामिन और विटामिन सी पशु के शरीर के अंदर भोजन प्रणाली में जीवाणुओं द्वारा हरे चारे पर प्रतिक्रिया हो कर खुद ही बन जाते हैं और इस तरह उन की जरूरत पूरी हो जाती है.

हरे चारे की उपयोगिता

दुधारू पशुओं (Milch Animals)* हरा चारा स्वादिष्ठ, रुचिकर, पौष्टिक और जल्दी पचने वाला होता है.

* हरे चारे से पशुओं को सभी पोषक तत्त्व मिल जाते हैं, खासकर विटामिन ए, प्रोटीन, पानी और खनिज पदार्थ. दुधारू पशुओं को इन की जरूरत बहुत ज्यादा होती है.

* पशुओं को हरा चारा खिलाने से दाने की बचत होती है.

* हरे चारे द्वारा पालनेपोसने में खर्च की कमी से उत्पादन की लागत भी कम हो जाती है.

* किसान एक साल में इन हरे चारों की कई फसलें ले सकता है. इस से उसे सालभर में प्रति हेक्टेयर अच्छी आमदनी हो जाती है.

* अधिक रेशेदार होने की वजह से ये चारे राशन की मात्रा बढ़ाते हैं, जो भोजन प्रणाली के तनाव के लिए जरूरी है. इस तरह तनाव पा कर ही भोजन प्रणाली अपना पूरा काम करने में समर्थ होती है.

* ये चारे भोजन प्रणाली के अंदर अधिक पानी सोख कर के मृदुरेचक प्रभाव पैदा करते हैं.

* ये चारे ज्यादा सस्ते और शक्तिदायक होते हैं.

* जुगाली करने वाले पशुओं में इन का और भी ज्यादा महत्त्व है. रूमेन (प्रथम अमाशय) में मौजूद जीवाणुओं के लिए ये चारे अनुकूल अवस्थाएं प्रदान करते हैं:

* चारे के रेशे या न पचने वाले तंतुओं को तोड़ कर ये जीवाणु उन से उड़नशील चिकने अम्ल पैदा करते हैं जो कि शरीर के लिए ताकत देते हैं.

* ये जीवाणु इन चारे से कुछ जरूरी अमीनो एसिड और विटामिन भी तैयार करते हैं.

* ये चारे भोजन प्रणाली की दीवारों में संकुचन और विमोचन क्रियाओं के पूरा होने में भी जरूरी भूमिका निभाते हैं.

* ये चारे पाचक रसों की क्रिया के लिए अधिक बड़ी सतह बनाते हैं, जिस से उन का असर भोजन पर अच्छी तरह हो सके.

* पशुओं को उन की शुष्क पदार्थ की पूरी जरूरत का दोतिहाई हिस्सा इन्हीं चारों से दिया जाता है.

साफ पानी का हो इंतजाम

दुधारू पशुओं को भरपूर मात्रा में हर समय साफ ताजा रंगहीन, गंधहीन, कीटाणुरहित पानी देना चाहिए. पशु के शरीर में तकरीबन 70 फीसदी भाग और उस के दूध में तकरीबन 87 फीसदी भाग में पानी होता है.

बता दें, शरीर में पानी की 10 फीसदी कमी होने पर पशुओं में बेचैनी होने, कांपने अथवा कमजोरी आने के लक्षण पैदा हो जाते हैं और 20 फीसदी कमी होने पर पशु मर जाता है. हरे चारे में तकरीबन 70-80 फीसदी भाग पानी या नमी का होता है, जो पशु के पोषण में बहुत उपयोगी होता है.

नीलगाय (Nilgai) से फसलों की हिफाजत (Protection)

नीलगाय (Nilgai) से फसलों को बचाने के लिए कई तरीके हैं, लेकिन ज्यादातर उपाय खर्चीले हैं व गरीब किसानों की पहुँच से बाहर होते हैं.  कुछ ऐसे उपाय हैं जिन्हें आजमा कर आप अपनी फसलों का नीलगाय (Nilgai) व जंगली जानवरों से बचाव कर सकते हैं.

सबसे ज्यादा नुकसान किसानों को नीलगाय (Nilgai) से होता है. नीलगाय (Nilgai) झुंड में रहती हैं. इन की तादाद कभीकभी 25-30 तक रहती है. ऐसे में ये जिस किसी खेत में घुसती हैं, उस का एक बार में सफाया कर देती हैं.

नीलगाय (Nilgai) से फसलों को बचाने के लिए कई तरीके हैं, लेकिन ज्यादातर उपाय खर्चीले हैं. गरीब किसानों के पास इतना पैसा नहीं होता कि वे खेतों की तारबंदी करवा लें.

कृषि वैज्ञानिकों ने कई रिसर्च के जरीए इस बात को साबित कर दिया है कि नीलगाय (Nilgai) के गोबर के घोल की गंध उन्हें खेतों में आने से रोकती है.

नीलगाय (Nilgai) फसलों को तो खाती हैं ही, बल्कि इन के पैरों से भी खेत में काफी नुकसान होता है. सरसों और आलू के पौधे यदि एक बार टूट गए तो दोबारा जड़ें जमाना मुश्किल हो जाता है इसलिए फसलों की हिफाजत के लिए नीचे दिए गए उपाय अपनाना जरूरी हैं:

* नीलगाय (Nilgai) को खेतों की ओर आने से रोकने के लिए 4 लिटर मट्ठा में आधा किलो छिला हुआ लहसुन पीस कर मिला दें और इस में 500 ग्राम बालू डालें. इस घोल का 5-5 दिन बाद छिड़काव करें. इस की गंध से तकरीबन 20 दिन तक नीलगाय (Nilgai) खेतों में नहीं आएंगी. इसे 15 लिटर पानी के साथ भी इस्तेमाल किया जा सकता है.

* 20 लिटर गोमूत्र, 5 किलोग्राम नीम की पत्तियां, 2 किलोग्राम धतूरा, 2 किलोग्राम मदार की जड़, फलफूल, 500 ग्राम तंबाकू की पत्तियां, 250 ग्राम लहसुन, 150 ग्राम लाल मिर्च पाउडर को डब्बे में भर कर धूप में 40 दिन तक के लिए रख दें. उस में हवा नहीं जानी चाहिए. इस के बाद 1 लिटर इस दवा को 80 लिटर पानी में घोल कर फसल पर छिड़काव करने से महीनेभर तक नीलगाय (Nilgai) फसलों को नुकसान नहीं पहुंचाती हैं. इस से नीलगाय (Nilgai) से हिफाजत के साथ ही आप की फसलों की कीटपतंगों से भी हिफाजत हो जाएगी.

* किसान अपने खेतों के चारों तरफ कंटीली तार के साथ ही बांस की फट्टियां लगा सकते हैं. आजकल बाजार में जानवरों से बचाव के लिए चमकीली बैंड की पट्टियां भी मिल रही हैं. इन से भी घेराबंदी की जा सकती है.

* खेत की मेंड़ों को ऊंचा बनाना चाहिए और इन मेंड़ों के किनारे करौंदा, जैट्रोफा, तुलसी, खस, जिरेनियम, मैंथा, लैमन ग्रास, सिट्रोनेला, पामारोजा के पौधे लगाए जा सकते हैं. इन पौधों की खासीयत यह होती है कि ये काफी घने होते हैं और कुछ पौधे कंटीले भी होते हैं. यह तरीका भी आप की फसल को महफूज रख सकता है.

* कुछ किसान अपने खेत में आदमी के आकार का पुतला बना कर खड़ा कर देते हैं. इस से जानवरों को यह डर रहता है कि कोई आदमी खेत पर है. इस से भी नीलगाय खेतों में नहीं आती हैं.

* नीलगाय के गोबर का घोल बना कर मेंड़ से 1 मीटर अंदर फसलों पर छिड़कने से कुछ समय के लिए फसलों की हिफाजत की जा सकती है.

* किसानों को चाहिए कि वे फसलों पर 1 लिटर पानी में 1 ढक्कन फिनाइल के घोल का छिड़काव करें. इस से नीलगाय फिनाइल की बदबू से खेतों के आसपास आने की हिम्मत नहीं करेंगी.

* गधे की लीद, पौल्ट्री का कचरा, गोमूत्र, सड़ी सब्जियों की पत्तियों का घोल बना कर फसलों पर छिड़कने से नीलगाय खेतों के पास नहीं आती हैं.

* कुछ किसान अपने खेतों में रात के वक्त मिट्टी के तेल की डिबरी जला देते हैं, जिस से नीलगाय खेतों में नहीं आती हैं.

ये कुछ ऐसे उपाय हैं जिन्हें आजमा कर आप अपनी फसलों का नीलगाय व जंगली जानवरों से बचाव कर सकते हैं.

लखनऊ की गुलाब रेवड़ी (Gulab Rewari)

लखनऊ की गुलाब रेवड़ी देश भर में अपने स्वाद और खुशबू के लिए मशहूर है. इस गुलाब रेवड़ी का रंग तो गुलाबी नहीं होता, लेकिन इस की खुशबू में गुलाब महकता है.

कई बार तो खुशबू के लिए रेवड़ी के पैकेट में सूखे गुलाब की पत्तियों या फिर गुलाब के खाने वाले इत्र का इस्तेमाल किया जाता है.

गुलाब रेवड़ी के साथ अब दूसरे स्वाद और खुशबू वाली रेवडि़यां भी आ रही हैं. इन का आकार भी बदल गया है. रेवड़ी बनाने के कारोबार से ले कर बेचने तक का अलगअलग कारोबार कर के लोग कमाई कर रहे हैं.

फेरी में बिकने वाली लखनऊ की गुलाब रेवड़ी अब बड़ीबड़ी मिठाई की दुकानों की शान बन गई हैं. जाड़ों में यह काफी बिकती है. गुड़, शक्कर और तिल से बनने वाली रेवड़ी सेहत के लिए काफी उपयोगी है. यह शरीर में जाड़ों में होने वाली तेल की कमी को पूरा करती है. इस से शरीर को ऊर्जा मिलती है. यही वजह है कि जाड़ों में गुड़ और तिल से बनने वाली रेवड़ी सभी को पसंद आती है. रेवड़ी पहले छोटे कारोबारियों द्वारा बनाई और बेची जाती थी, लेकिन अब यह दुनिया भर के बाजारों में छा गई है.

रेवड़ी अब कारपोरेट स्वीट बन गई है. दीवाली, नया साल और होली के मौके पर इस को उपहार में दिया जाने लगा है. रेवड़ी की खासीयत इस का कुरकुरापन है. लखनऊ के अलावा रेवड़ी का यह कारोबार उत्तर प्रदेश के मेरठ, हरियाणा के रोहतक और राजस्थान के जयपुर और अलवर जैसे शहरों में भी बड़े पैमाने पर होने लगा है. अपने खास स्वाद के कारण जयपुर और मेरठ की रेवडि़यां भी खूब पसंद की जा रही हैं.

बनाएं घर पर रेवड़ी

गजक बनाने वाली सामग्री ही रेवड़ी बनाने में भी लगती है. रेवड़ी में भी तिल, गुड़, चीनी का इस्तेमाल होता है. गुड़ और चीनी को एकसाथ मिलाने से रेवड़ी में दोनों का स्वाद मिलता है. इस का दूसरा लाभ यह होता है कि रेवड़ी का रंग पूरी तरह से साफ हो जाता है. केवल गुड़ से तैयार रेवड़ी का रंग अच्छा नहीं दिखता है. चीनी और गुड़ की चाशनी को मिला कर खूंटी में गरमगरम लटका कर खींचा जाता है. जब इस में से सफेद तार निकलने लगे, तो गरमगरम मनचाहे आकार में इसे काट कर छोटीछोटी रेवड़ी तैयार की जाती हैं. चाशनी ठंडी होने पर यह नहीं बन पाती है. इसे मशीन से दबा कर ऊपर से तिल चिपका दिए जाते हैं. इसे बनाने में सब से ज्यादा सावधानी चाशनी तैयार कने में बरतनी पड़ती है.

फरवरी में इन बातों पर दें ध्यान

कभी नरम धूप में खिला तो कभी धुंध की चादर में सिकुड़ा फरवरी का महीना खेतीकिसानी के लिए बहुत अहम है, क्योंकि यह मौसम फसल और पशुओं के लिए नाजुक होता है, इसलिए किसान बरतें कुछ  एहतियात:

* समय पर बोई गेहूं की फसल में इन दिनों फूल आने लगते हैं. इस दौरान फसल को सिंचाई की बहुत जरूरत होती है. झुलसा, गेरूई, करनाल बंट जैसी बीमारी का हमला फसल पर दिखाई दे तो मैंकोजेब दवा के 2 फीसदी घोल का छिड़काव करें.

* गन्ने की बोआई 15 फरवरी के बाद कर सकते हैं. बोआई के लिए अपने इलाके की आबोहवा के मुताबिक गन्ने की किस्मों का चुनाव करें. बोआई में 3 आंख वाले सेहतमंद बीजों का इस्तेमाल करें. बोआई 75 सेंटीमीटर की दूरी पर कूंड़ों में करें. बीज को फफूंदनाशक दवा से उपचारित कर के ही बोएं.

* सूरजमुखी की बोआई 15 फरवरी के बाद कर सकते हैं. उन्नत बीजों को बोआई लाइन में 4-5 सेंटीमीटर गहराई पर बोएं. बीज को कार्बंडाजिम से उपचारित कर के बोएं.

* मैंथा की बोआई करें. बोआई के लिए उन्नतशील किस्में जैसे हाईब्रिड एमएसएस का चुनाव करें. 1 हेक्टेयर खेत के लिए 400-500 किलो मैंथा जड़ों की जरूरत पड़ती है. बोआई के दौरान 30 किलोग्राम नाइट्रोजन,75 किलोग्राम फास्फोरस, 40 किलोग्राम पोटाश प्रति हेक्टेयर की दर से इस्तेमाल करें.

* आलू की फसल पर पछेता झुलसा बीमारी दिखाई दे, तो इंडोफिल दवा के 0.2 फीसदी वाले घोल का अच्छी तरह छिड़काव करें. फसल को कोहरे और पाले से बचाने का भी इंतजाम  करें.

* चना, मटर, मसूर की फसल में फलीछेदक कीट की रोकथाम के लिए कीटनाशी का इस्तेमाल करें. चने की फसल की सिंचाई करें. मटर की चूर्ण फफूंदी बीमारी की रोकथाम के लिए कैराथेन दवा का इस्तेमाल करें.

* टमाटर की गरमियों की फसल की रोपाई करें. रोपाई 60×45 सेंटीमीटर की दूरी पर करें. रोपाई से पहले खेत को अच्छी तरह तैयार कर लें.

* प्याज की रोपाई अभी तक नहीं की गई है, तो फौरन रोपाई करें. पिछले महीने रोपी गई फसल की निराईगुड़ाई करें. जरूरत के मुताबिक सिंचाई करें.

* आम की चूर्णिल आसिता बीमारी की रोकथाम के लिए कैराथेन दवा का पेड़ों पर अच्छी तरह छिड़काव करें. भुनगा कीट के लिए सेविन दवा का इस्तेमाल करें.

* नर्सरी में अंगूर की सेहतमंद कलमों की रोपाई करें. अंगूर की श्यामवर्ण बीमारी की रोकथाम के लिए ब्लाइटाक्स 50 दवा का छिड़काव करें.

* इस महीने धूप में चटकपन आ जाता है. धूप देख कर किसान पशुओं की देखरेख में लापरवाही बरतने लगते हैं. ऐसा न करें, पशुओं का ठंड से पूरा बचाव करें. जरा सी लापरवाही नुकसानदायक हो सकती है.

* अपने ऐसे पशु जो कि जल्द ही ब्याने वाले हों, उन्हें दूसरे पशुओं से अलग कर दें और उन पर लगातार निगरानी रखें. गाभिन पशु का कमरा आदामदायक और कीटाणुरहित हो. इस में तूड़ी का सूखा डाल कर रखें.

अगर बरसीम सही मात्रा में उपलब्ध हो तो दाना मिश्रण में 5-7 फीसदी खल को कम कर के अनाज की मात्रा बढ़ा दें. दोहते समय थूक, झाग या दूध न लगाएं.

शीतलहर और पाले से फसलों की हिफाजत

सर्दी के मौसम में फसलों को शीतलहर और पाले से बचाना बहुत जरूरी है. इन के प्रकोप से भी फसलों को नुकसान होता है. टमाटर, आलू, मिर्च बैगन, पपीता, केला, मटर व चना आदि का शीतलहर व पाले से सब से ज्यादा 80 से 90 फीसदी तक नुकसान हो सकता है. इस से अरहर में 70 फीसदी, गन्ने में 50 फीसदी और गेहूं व जौ में 10 से 20 फीसदी तक नुकसान हो सकता है.

पाले की वजह से पौधों की पत्तियां व फूल खराब हो कर झड़ जाते हैं. पाले के असर से अधपके फल सिकुड़ जाते हैं और उन में झुर्रियां पड़ जाती हैं. इस से फलियों व बालियों में दाने नहीं बनते हैं और रहे दाने सिकुड़ कर और पतले हो जाते हैं.

रबी की फसलों में फूल निकलने और बालियां या फलियां आने व उन के विकास के वक्त पाला पड़ने की सब से ज्यादा उम्मीद रहती है. उस वक्त किसानों को सावधानी बरत कर फसलों की हिफाजत के तरीके अपनाने चाहिए.

सर्दी के मौसम में जब बहुत ज्यादा ठंड पड़ने लगती है और हवा रुक जाती है, तब रात में पाला पड़ने का खतरा रहता है. किसान पाला गिरने का अंदाजा मौसम से लगा सकते हैं.

सर्दी के दिनों में जिस रोज दोपहर से पहले ठंडी हवा चलती रहे और फिर दोपहर बाद अचानक बंद हो जाए और असामान साफ रहे, फिर उस दिन आधी रात से ही हवा रुक जाए, तो पाला पड़ने की आशंका ज्यादा रहती है. रात को खासतौर से तीसरे और चौथे पहर में पाला पड़ने का खतरा रहता है.

बचाव के तरीके

* जिस रात पाला पड़ने की आशंका हो उस रात 12 से 2 बजे के आसपास खेत की उत्तरीपश्चिमी दिशा से आने वाली ठंडी हवा की दिशा में खेत के किनारे पर बोई हुई फसल के आसपास मेंड़ों पर कूड़ाकचरा या घासफूस जला कर धुआं करना चाहिए ताकि खेत में धुआं आने से वातावरण में गरमी आ जाए. सुविधा के लिए मेंड़ पर 10 से 20 फुट के अंतर पर कूड़ेकरकट के ढेर लगा कर धुआं करें.

* जब पाला पड़ने की आशंका हो, तब खेत में सिंचाई करनी चाहिए. इस से जमीन में काफी देर तक गरमी रहती है, इस वजह से खेत का तापक्रम एकदम कम नहीं होता है. इस तरह से नमी होने पर शीतलहर व पाले से नुकसान का खतरा कम रहता है. वैज्ञानिकों के मुताबिक सर्दी में फसल में सिंचाई करने का 0.5 से 2 डिगरी सेंटीग्रेड तक तापमान बढ़ जाता है.

* जिन दिनों पाला पड़ने की आशंका हो उन दिनों फसलों पर गंधक के तेजाब का 0.1 फीसदी घोल का छिड़काव करना चाहिए. इस के लिए 1 लीटर गंधक के तेजाब को 1000 लीटर पानी में घोल कर 1 हेक्टेयर क्षेत्र में प्लास्टिक के स्प्रेयर से छिड़कें. ध्यान रखें कि पौधों पर घोल की फुहार अच्छी तरह लगे. छिड़काव का असर 2 हफ्ते तक रहता है. यदि इस के बाद भी शीतलहर व पाले की आशंका बनी रहे, तो 15 दिनों के अंतर से छिड़काव करते रहें.

* सरसों, गेहूं, चना, आलू, मटर जैसी फसलों को पाले से बचाने के लिए गंधक के तेजाब का छिड़काव करने से न केवल पाले से बचाव होता है, बल्कि पौधों में लौह तत्त्व की जैविक और रासायनिक सक्रियता भी बढ़ जाती है, जो पौधों को रोगों से लड़ने की कूवत देती है और फसल को जल्दी पकाने में मददगार होती है.

पपीता (Papaya) लागत कम फायदा ज्यादा

पपीता एक जायकेदार फल होने के साथ ही कई खूबियों से भरपूर होता है. जब किसी को आंखों में कमजोरी या पेट की तकलीफ होती है, तब डाक्टर उसे पपीता खाने की सलाह देते हैं. पपीता हर जगह आसानी से मिलने वाला फल है.

किसानों के लिए पपीते की खेती करना काफी फायदे का सौदा साबित हो सकता है. पपीते की खेती में लागत कम आती है, लेकिन समयसमय पर उस की देखभाल बहुत जरूरी है. पपीते की खेती के लिए किसी खास किस्म की मिट्टी की जरूरत नहीं होती. इस की खेती किसी भी मिट्टी और जलवायु में आसानी से की जा सकती है.

पपीते की खेती के लिए ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती. अगर किसान जरा सी सावधानी से काम लें, तो कम लागत में अच्छी पैदावार कर के काफी मुनाफा कमा सकते हैं.

रोपाई : पौधे लगाने के लिए 1 या 2 मीटर की दूरी पर 50×50 सेंटीमीटर आकार के गड्ढे खोद लेते हैं. 15-20 किलोग्राम सड़ी गोबर की खाद और 2 किलोग्राम आर्गेनिक खाद का मिश्रण मिट्टी में मिला कर सभी गड्ढों में जरूरत के हिसाब से भर देते हैं.

जिन इलाकों में पाला पड़ता है और सिंचाई के साधन मौजूद हों, वहां पौधे लगाने का काम फरवरीमार्च में करना चाहिए. उत्तर भारत में पौधे लगाने का काम आमतौर पर जुलाईअगस्त में किया जाता है.

वैसे तमाम प्रयोगों से साबित हो गया है कि अक्तूबरनवंबर में पौधे लगाने से विषाणु रोग का खतरा कम हो जाता है.

सिंचाई: पपीता उथली जड़ वाला पौधा है, इसलिए इसे ज्यादा पानी की जरूरत पड़ती है. यह पानी के भराव को सहन नहीं कर सकता. पपीते में कम दिनों पर हलकी सिंचाई करनी चाहिए. गरमी के दिनों में हर हफ्ते और सर्दी के मौसम में 10-15 दिनों पर सिंचाई करना ठीक रहता है. बारिश के मौसम की खेती के लिए सिंचाई की जरूरत नहीं पड़ती.

खरपतवारों से बचाव : पपीते की अच्छी फसल के लिए 20-25 दिनों के अंतराल में खरपतवार निकालते रहना चाहिए. इस से यह फायदा होता है कि पौधों का विकास तेजी से होता है. पेड़ों की कतारों के बीच में गुड़ाई करना जरूरी है. 2 कतारों के बीच पलवार बिछा देने से खरपतवार कम हो जाते हैं और नमी भी बनी रहती है.

कीड़ों और बीमारियों से बचाव

माहूं : पपीते में खासतौर से माहूं का प्रकोप होता है. ये पौधों का रस चूस कर फलों को नुकसान पहुंचाते हैं. इन से फलों को बचाने के लिए किसान नीम के काढ़े या गौमूत्र का छिड़काव कर सकते हैं.

लाल मकड़ी : ये कीड़े पत्तियों से रस चूस कर पौधों को कमजोर करते हैं. ज्यादा प्रकोप होने पर कीड़े फलों से भी रस चूसने लगते हैं. इन की रोकथाम के लिए गौमूत्र या नीम के काढ़े का छिड़काव करना चाहिए.

कालर राट : यह रोग पीथियम एफेनीडरमेटेम नामक कवक से फैलता है. इस के असर से जमीन के पास वाले तने पर धब्बे उभरते हैं और तना सड़ने लगता है. कुछ दिनों बाद पौधा गिर जाता है. इस की रोकथाम के लिए अरंडी की खली और नमी की खाद देना बहुत जरूरी है. इस के अलावा गौमूत्र या नीम के काढ़े का छिड़काव भी करते हैं.

आर्द्रगलन : यह नर्सरी का गंभीर रोग है, जो कई तरह के फफूंदों के आक्रमण की वजह से होता है. इस में पौधे जमीन के पास से सड़ने लगते हैं और गिर जाते हैं.

इस की रोकथाम के लिए केरोसिन तेल, गौमूत्र, नीम के तेल या नीम के काढ़े से बीच उपचारित कर के बोआई करते हैं और नर्सरी की मिट्टी में माइक्रो नीम की खाद और अरंडी की खली मिला कर पौधे तैयार करते हैं.

मौजेक : यह विषाणु से होने वाला रोग है, जो माहूं द्वारा फैलता है. भारत में पपीते की ज्यादातर प्रजातियां इस से प्रभावित होती हैं. इस के असर से पत्तियां चितकबरी हो जाती हैं और डंठल छोटे हो जाते हैं, नतीजतन फल कम लगते हैं. इस की रोकथाम के लिए माहूं की रोकथाम करना जरूरी होता है. माहूं की रोकथाम के लिए नीम के काढ़े या गौमूत्र का 10-15 दिनों में छिड़काव करें. मौसम खराब होने पर तुरंत छिड़काव करना चाहिए.

नीम का काढ़ा : नीम की 25 हरी व ताजी पत्तियां तोड़ें और कुचल कर पीस लें. फिर उन्हें 50 लीटर पानी में पकाएं. जब पानी घट कर 20-25 लीटर रह जाए, तब बरतन उतार कर उसे ठंडा करें और जरूरत के हिसाब से छिड़काव करें.

गौमूत्र : देशी गाय का 10 लीटर मूत्र ले कर पारदर्शी कांच या प्लास्टिक के जार में भर कर 10-15 दिनों तक धूप में रखें और उस के बाद जरूरत के मुताबिक छिड़काव करें.

फलों की तोड़ाई : जब फल पक जाते हैं, तो उन का रंग हरे से पीला हो जाता है. पके फलों को एकएक कर हाथ से तोड़ें. उन्हें जमीन पर न गिरने दें.

पपीता (Papaya)

पैदावार: पपीता के फलों की पैदावार प्रजातियों, जलवायु और रखरखाव पर निर्भर करती है. औसतन 1 पौधे से 15 से 50 किलोग्राम तक फल हासिल होते हैं. 1 हेक्टेयर से 400-500 क्विंटल तक उपज हासिल हो जाती है.

फलों का रखरखव : पपीता के फलों को बांस या प्लास्टिक की टोकरियों में भर कर शीतगृहों में रखा जाता है. पपीता के फल 7-8 डिगरी सेंटीग्रेड तापमान और 80-90 फीसदी सापेक्ष आर्द्रता पर 3 हफ्ते तक सुरक्षित रखे जा सकते हैं.

पपेन निकलना : पपीते के फलों से हासिल दूध को सुखाने से जो सफेद पाउडर बनता है, उसे पपेन कहते हैं. पपेन का इस्तेमाल पेट की तमाम बीमारियों की दवा के तौर पर किया जाता है. इस का इस्तेमाल बवासीर, टेप वर्म, रिंग वर्म के इलाज में, मांस को मुलायम बनाने में, सौंदर्य प्रसाधनों के निर्माण में और ऊनी, रेशमी व सूती कपड़ों की सिकुड़न ठीक करने में किया जाता है.

जब पपीते का फल बड़ा हो जाता है, तब उस पर स्टील के चाकू से 3 मिलीमीटर गहरा खरोंच बनाया जाता है. खरोंचों से दूध टपकता है, उसे स्टेनलेस स्टील या कांच के बरतन में जमा कर लेते हैं.

इस दूध को 40 डिगरी सेंटीग्रेड तापमान पर सुखा लिया जाता है. सुखाने से पहले इस में 0.05 पोटेशियम मेटा बायीसल्फाइट परीक्षक के रूप में मिलाते हैं. इसे कम तापमान पर ही सुखाते हैं, क्योंकि ज्यादा तापमान पर सुखाने से इस का पेपसिन एंजाइम खत्म हो जाता है. इसे रासायनिक विधि से शुद्ध किया जाता है.

पपीते की किस्में

वाशिंगटन : यह पश्चिमी भारत की खास किस्म है. इस के तने की गांठें और पत्तियों के डंठल बैगनी रंग के होते हैं. फल अंडाकार होते हैं और उन के गूदे का रंग पीला होता है. फलों का औसत वजन 1.5 से 2.5 किलोग्राम होता है.

कोयंबटूर : इस के पौधे बोने व एक लिंगी होते हैं. इस के फल 60-70 सेंटीमीटर की ऊंचाई से लगने शुरू हो जाते हैं. फलों का आकार गोल और औसत वजन 1.25 किलोग्राम तक होता है.

पूस डिलीशस : यह एक गाइनो डायोसियास किस्म है. इस के फल बहुत अच्छी क्वालिटी के होते हैं. फलों का वजन 1 से 2 किलोग्राम तक होता है.

पूसा मेजीसटी : इस किस्म का पौधा जमीन से 50-55 सेंटीमीटर ऊंचा हो जाने पर फलने लगता है. इस किस्म के एक पौधे से 30 से 40 किलोग्राम तक पैदावार हो जाती है.

पंत पपीता : यह किसम कृषि विश्वविद्यालय पंतनगर ने विकसित की है. इस में फल जमीन से 50-60 सेंटीमीटर की ऊंचाई पर लगते हैं. फलों का आकार मध्यम और औसत वजन डेढ़ किलोग्राम तक होता है. इस के फल खाने वालों को काफी पसंद आते हैं.

सूर्या : भारतीय बागबानी अनुसंधान संस्थान बेंगलुरु ने इस संकर किस्म को विकसित किया है. इस के फल का औसत वजन 600-700 ग्राम तक हो जाता है. इस के गूदे का रंग लाल होता है. इस किस्म में 60 किलोग्राम प्रति पौधा तक पैदावार हो जाती है.

सरसों के तेल (Mustard Oil) में मिलावट से दूर रहें

दुनियाभर में खाद्य तेलों का इस्तेमाल साल दर साल बढ़ता जा रहा है. भारत में सरसों के तेल का खाद्य तेलों में खास स्थान है. ऐसे में सरसों से तेल निकालने की यूनिट लगा कर आप भी अपना कारोबार शुरू कर सकते हैं.

तेल मिल शुरू करने के लिए जरूरी नहीं है कि आप बड़ी यूनिट ही लगाएं, बल्कि आप छोटी मिनी तेल मिल लगा कर भी काम शुरू कर सकते हैं. यह काम आप अपने घर में भी शुरू कर सकते हैं.

इस के लिए सब से पहले जरूरी है कच्चे माल की जानकारी होना कि कच्चा माल कहां से, कैसे खरीदा जाए. सरसों का तेल निकालने के लिए सब से पहले सरसों की ही जरूरत पड़ती है.

सरसों के 100 किलोग्राम दानों से तकरीबन 30 से 35 किलोग्राम तेल मिलता है. बाकी अवशेष को खली के रूप में इस्तेमाल किया जाता है, जिसे पशुओं को खिलाया जाता है.

सरसों एक मौसमी रबी फसल है, जो साल में केवल एक बार ही पैदा होती है, इसलिए अगर आप के पास जगह मौजूद है, तो कोशिश करें कि सीजन के दौरान ही ज्यादा से ज्यादा सरसों खरीद कर रख लें,क्योंकि सीजन के दौरान सरसों की कीमत कम होती है, वरना आप को बाद में दूसरे शहर या राज्य से भी सरसों खरीदनी पड़ सकती है, जिस से उस के लाने और ले जाने का खर्च बढ़ेगा और बेमौसम खरीदने पर माल महंगा भी मिलेगा.

सरसों का भंडारण एकदम सूखी जगह पर करें. वहां नमी न हो वरना सरसों खराब हो सकती है. खुद का कारोबार शुरू करने के लिए सरकार की अनेक योजनाएं हैं, जिन के तहत आप को लघु उद्योग इकाई लगाने के लिए लोन भी मिल सकता है. भारत सरकार की मुद्रा योजना के तहत भी लोन के लिए आवेदन किया जा सकता है, जिस से 10 लाख रुपए तक का लोन मिल सकता है. इसलिए अपनी जरूरत के मुताबिक आप सरसों तेल एक्सपेलर खरीद कर अपनी तेल इकाई लगा कर कारोबार शुरू कर सकते हैं.

इसी सिलसिले में एक कृषि मेले में ‘फार्म एन फूड’ के इस प्रतिनिधि की बात मुकेश गोयल से हुई, जिन्होंने मुकेश गिनिंग मिल के नाम से मंडी आदमपुर, हिसार, हरियाणा में अपनी तेल निकालने की इकाई लगा रखी है. पीला घोड़ा के नाम से वे सरसों के तेल का उत्पादन कर रहे हैं. पेश हैं, उन से हुई बातचीत के खास अंश:

आप इस कारोबार से कब जुड़े और इस काम की शुरुआत कैसे की?

इस काम की शुरुआत साल 2007 में मेरे पिता और मैं ने मिल कर की थी. इस से पहले हम कपास के क्षेत्र में काम करते थे. हम ने उस समय कौटन मिल लगा रखी थी, लेकिन खास मुनाफा न होने के कारण हम ने उस काम को बंद कर के सरसों का तेल निकालने का काम शुरू किया. इस काम की शुरुआत करने के लिए उस समय तकरीबन 30 से 35 लाख रुपए खर्च हुए थे. कुछ खेती की जमीन भी हमारे पास थी, जिस का फायदा हमें मिला.

बेहतर तरीके से काम शुरू करने के लिए कम से कम कितने एक्सपेलर लगाने पड़ते हैं?

1 एक्सपेलर का खर्च तकरीबन साढ़े 4 लाख रुपए आता है और 4 एक्सपेलर लगा कर इस काम की शुरुआत कर सकते हैं.

इस काम को करने के लिए कितने लोगों की जरूरत होती है?

ज्यादा लोगों की तो नहीं, हां 2-3 लोग इस काम के लिए जरूरी होते हैं, जो रोजाना तकरीबन 12 घंटे काम करते हैं.

आज हर तरफ खाद्य तेलों में मिलावट का जोर है. इस बारे में आप क्या कहेंगे?

जी हां, आज के समय में मिलावट बड़ी समस्या है. शुद्ध उत्पाद होगा तो जाहिर है कि कीमत भी ज्यादा होगी. आज हमें 100 दुकानदारों में से 10 दुकानदार ही ऐसे मिलते हैं जो कहते हैं कि हमें शुद्ध माल चाहिए वरना ज्यादातर लोगों को तो सस्ता माल ही चाहिए भले ही वह मिलावटी हो. लेकिन हमें बाजार में अपनी साख बनाए रखने के लिए अपने उत्पाद की गुणवत्ता का खास खयाल रखना होगा, तभी आप सफल उद्योगपति साबित हो सकते हैं.

सरसों के 2 तरह के तेल आ रहे हैं, एक कच्ची घानी का दूसरा एक्सपेलर का. कौन सा तेल सेहत के लिए सही है?

खाने में इस्तेमाल करने के लिए कच्ची घानी का तेल बेहतर होता है. इस के लिए हम ने भी अपनी यूनिट में बदलाव किया है. एक्सपेलर की जगह अब कोल्हू लगाए गए हैं, क्योंकि अब लोगों की डिमांड कच्ची धानी का तेल है.

कच्ची घानी और पक्की घानी का क्या मतलब है?

देखिए, कच्ची घानी में तेल कोल्हू के जरीए निकाला जाता है, जो हमारा पुराना तरीका था, जिस ने अब आधुनिक कोल्हू का रूप ले लिया है. हां, कोल्हू के जरीए तेल धीरेधीरे निकलता है. पक्की घानी तरीके यानी एक्सपेलर से तेल जल्दी निकलता है. इस तरीके में तेल गरम हो जाता है. कोल्हू से तेल धीरेधीरे निकलता है, इसलिए वह ठंडा रहता है और एक्सपेलर वाले तरीके से निकाले गए तेल से ज्यादा अच्छा होता है.

सरसों के तेल (Mustard Oil)

आधुनिक कोल्हू के बारे में कुछ जानकारी दें?

जैसे पुराने समय में लकड़ी का कोल्हू होता था, तरीका अब भी वही है. हां अब थोड़ा आधुनिक हो गया है. कोल्हू वैसा ही होता है. लकड़ी को पहले बैलों द्वारा चलाया जाता था अब बैलों की जगह बिजली की मोटर से कोल्हू चलाए जाते हैं.

एक खास बात और कि कोल्हू में एक बार में सिर्फ 22 किलोग्राम सरसों ही डाली जाती है, जिस का तेल निकालने में 1  घंटे का समय लगता है. हां, तेल की वैराइटी बढि़या होती है.

यह तेल पौष्टिक होता है और हार्ट के लिए अच्छा माना जाता है. इसी को देखते हुए हम ने अपनी यूनिट में 48 कोल्हू लगवा रखे हैं, ताकि उत्पादन समय से और अच्छा मिल सके. एक्सपेलर में एक बार में 5 क्विंटल सरसों का इस्तेमाल किया जा सकता है.

क्या दोनों तरीकों से निकाले गए तेल की कीमत में भी फर्क होता है?

हां, कुछ कंपनियां इस का फायदा उठाती हैं. वे 15 रुपए प्रति किलोग्राम तक की दर से तेल की कीमत में फर्क कर देती हैं. हम अपने उत्पादों में करीब 5 रुपए प्रति किलोग्राम का ही फर्क रखते हैं.

आप 1 दिन में कितने तेल का उत्पादन करते हैं?

हम 1 दिन में तकरीबन 4 टन तेल का उत्पादन कर लेतेहैं.

आप किसानों को बताएं कि वे सरसों की कौन सी वैराइटी खरीदें, जिस से उन्हें अच्छी आमदनी हो सके?

आजकल हाइब्रिड सरसों चल रही है, उस में तेल की मात्रा ज्यादा होती है. मुनाफे की नजर से यह ठीक भी है. वैसे हम जब भी सरसों खरीदते हैं, तो उस का वजन देख कर ही खरीदते हैं. सरसों में अगर भारीपन होगा तो जाहिर है कि तेल की मात्रा भी ज्यादा ही होगी.

आप सरसों कहां से लेते हैं? सीधे किसानों से लेते हैं या कृषि मंडी से लेते हैं?

हम सरकार द्वारा तय की गई कीमत पर ही मंडी से सरसों खरीदते हैं. यह पूरे साल मंडी में मौजूद होती है, क्योंकि किसान समयसमय पर मंडी में आ कर अपने अनाज और सरसों बेचते ही हैं.

आज बाजार में कंपीटिशन का दौर है. आप इस में खुद को कहां खड़ा पाते हैं?

देखिए, मैं किसी से कंपीटिशन नहीं करता. मेरा ध्यान केवल अपने उत्पाद की शुद्धता पर है. आज बाजार में 20 फीसदी माल ही शुद्ध मिल रहा है. 80 फीसदी मिलावटी माल बाजार में है. मैं अपनेआप को 20 फीसदी वाली कैटेगरी में रखना चाहता हूं.

बाजार में सरसों का तेल कब ज्यादा शुद्ध मिलता है, फसल सीजन के समय या बिना सीजन के?

देखिए, सीजन के समय तेल की गुणवत्ता में फर्क होता है. उस समय सरसों ताजी आई होती है, उस में नमी होती है इसलिए तेल में कच्चापन और हरापन होता है. सीजन निकलने के कुछ महीने बाद सरसों की नमी खत्म हो जाती है, इस से सरसों के तेल की गुणवत्ता भी अच्छी होती है. इसलिए घरेलू इस्तेमाल के लिए अगर इकट्ठा तेल खरीदना हो, तो सरसों की फसल का सीजन निकलने के कुछ समय बाद ही खरीदें,क्योंकि उस समय तक सरसों अच्छी तरह सूख जातीहै, जिस से में शुद्ध व पौष्टिक तेल निकलता है.

आप अपने प्रचार के लिए भी कोई जरीया अपनाते हैं?

इस में मुझे मंडी का काफी सहयोग रहता है. मैं मंडी से हमेशा अच्छा माल खरीदता हूं, जिस से आसपास के लोग मुझे जानतेहैं और हमारे उत्पाद पर भरोसा करते हैं.

कोई इस काम की शुरुआत छोटे स्तर से करना चाहे तो उस के लिए आप कुछ बताना चाहेंगे? कितनी रकम से यह काम शुरू किया जा सकता है? कहां से मशीनें खरीदें?

छोटी मशीनें लगा कर 3 से 4 लाख रुपए से इस काम की शुरुआत की जा सकती है. जैसेजैसे मांग बढ़ती जाए मशीनें बढ़ा दें. मशीनें पंजाब के लुधियान से खरीदी जा सकती हैं. मशीन बनाने वाली कंपनियां मशीन के बारे में जानकारी देने के अलावा उस से जुड़े कारीगरों की भी जानकारी देती हैं.

अगर आप भी खुद का रोजगार शुरू करना चाहते हैं या इस संबंध में अन्य जानकारी लेना चाहते हैं, तो मुकेश गोयल से उन के मोबाइल नंबर 09354966007 पर बात कर सकते हैं.

कैसे करें मिलावटी तेल की पहचान

*             सरसों का तेल यदि फ्रिज में रखने पर जमने लगे तो समझो कि उस में मिलावट है.

*             सरसों के तेल को हाथ पर रगड़ कर देखें. अगर वह हाथों पर रंग छोड़ने लगे तो मिलावट है, क्योंकि तेल में रंग और खुशबू के लिए रसायन मिलाए जाते हैं.

*             1 चम्मच सरसों के तेल में 5 मिलीलीटर नाइट्रिक एसिड डाल कर हिलाएं. अगर तेल रंग बदलता है, तो उस में सत्यानाशी के तेल की मिलावट हो सकती है.

*             सरसों के तेल में मिलावट करने के लिए काफी आयल, अरंडी का तेल, सत्यानाशी का तेल, पाम आयल और सोयाबीन का तेल वगैरह के अलावा अनेक तरह के रसायन इस्तेमाल किए जाते हैं.

कपास (Cotton) में नवाचार से कमाया नाम

राजस्थान के जोधुपर जिले के भोपालगढ़ क्षेत्र में पालड़ी राणावता गांव के प्रगतिशील किसान ओम गिरि के पास परिवार की 100 बीघे जमीन है, जिस में से 40 बीघे में उन्होंने कपास की खेती में नवाचारों से ज्यादा पैदावार कर के फायदा उठाया है.

ओम गिरी जैव तकनीक यानी बायोटैक्नोलौजी से विकसित राशि 134, अंकुर, कृषि धन, सरपास 700 फीसदी माहिको वगैरह कपास की बीटी किस्मों का इस्तेमाल करते हैं, जिस से कपास की फसल पर लट कीट का असर नहीं होता है. वे बीजों का बोआई से पहले उपचार करते हैं. वे पड़ोसी किसानों की मदद भी करते हैं. वे गोबर की खाद को सड़ा कर इस्तेमाल करते हैं. उन्होंने खेत में कंपोस्ट के गड्ढे बना कर रखे हैं. कंपोस्ट के इस्तेमाल से दीमक भी नहीं लगती और जमीन की उर्वरा शक्ति भी बनी रहती है.

वे कपास की बोआई के लिए जमीन की जांच के आधार पर उर्वरकों का इस्तेमाल करते हैं. वे खड़ी फसल में रस चूसक कीटों की रोकथाम ईटीएल के आधार पर करते हैं. इस के तहत वे पहला छिड़काव इमिडाक्लोप्रिड 17.8 (1 मिलीलीटर प्रति 3 लीटर पानी), दूसरा छिड़काव एसीफेट (1 ग्राम प्रति लीटर पानी) व तीसरा छिड़काव नीम आधारित दवा (एजाडिरेक्टीन) का करते हैं, जिस से रस चूसक कीट सफेदमक्खी, हरा तेला और थ्रिप्स की रोकथाम हो जाती है. फसल के लिए संतुलित उर्वरक एनपीके 18:18:18 के 1 फीसदी घोल का छिड़काव करते हैं. फूल गिरने की समस्या को रोकने के लिए प्लानोफिक्स 4 मिलीलीटर प्रति 15 लीटर पानी में मिला कर छिड़काव करते हैं. इस से फसल के सूखने की शिकायत नहीं रहती.

कपास (Cotton)

अच्छी क्वालिटी की खेती के लिए जरूरी है कि कपास की चुनाई 50 फीसदी डोडे खिलने पर शुरू करें. पूरी तरह खिले डोडे से ही चुनाई करें. चुनाई सुबह ओस सूखने के बाद शुरू करें. चुनाई करते वक्त सिर को कपड़े से ढक लें ताकि कपास में बाल न मिलें. चुनाई करते समय कपास में पत्तियां न मिलने दें. चुनाई नीचे के डोडे से शुरू करें. कपास की चुनाई प्लास्टिक के थैले की बजाय सूती कपड़े में करें. चुनी कपास में पानी न मिलाएं. जमीन पर गिरी कपास को अच्छी तरह चुनें. चुनाई करते वक्त बीड़ीसिगरेट न पीएं व खानापीना न खाएं. चुनी कपास को सूती कपड़े या तिरपाल पर ढक कर रखें. भंडारित कपास को आग व पानी से बचाएं. अंतिम चुनाई की कपास अलग से इकट्ठा करें.

गुणवत्ता वाली साफ कपास का बाजार में 100 से 200 रुपए प्रति क्विंटल ज्यादा मिलता है.

कपास में नवाचारों से ओम गिरी ने कपास का उत्पादन 7 क्विंटल प्रति बीघा यानी तकरीबन 44 क्विंटल प्रति हेक्टेयर हासिल किया है, जो रिकार्ड उत्पादन है. जोधपुर जिले में सब से ज्यादा यानी 44 क्विंटल प्रति हेक्टेयर की दर से कपास का उत्पादन लेने के कारण भारतीय वस्त्र उद्योग परिसंघ, कपास विकास और अनुसंधान संगठन ने हाल ही में विजयनगर में ओम गिरी को नकद राशि और प्रशस्तिपत्र दे कर सम्मानित किया है.

कपास (Cotton)

इस तरह ओम गिरी ने कपास में नवाचार जैव तकनीक से उन्नत किस्म का कपास हासिल कर के ज्यादा मुनाफा कमाया है और दूसरे किसानों को भी इस की जानकारी दी है.