Modern Agricultural Techniques : कई बार देखने में आया है कि किसान के खेत में खड़ी फसल पककर तैयार है या फसल काटने के बाद खेत में पड़ी है. ऐसे में अचानक बेमौसम बरसात या आंधी-तूफान आ जाता है जिससे किसान की तैयार फसल का नाश हो जाता है और फसल बड़ी मात्रा में बर्बाद हो जाती है. अगर बरसात लंबी चली तो कटी फसल खेत में ही उग आती है. अनाज और भूसा सड़ जाता है. क्या आप जानते हैं इसके पीछे असल कारण क्या है? कारण है कटाई में देरी और मजदूरों की कमी होना.

ऐसे में आपको कृषि तकनीकों को अपनाना होगा. मजदूरों के भरोसे न रहकर कृषि यंत्रों को अपनाना होगा, जिससे समय पर खेती का काम पूरा किया जा सके और सुरक्षित खेती की जा सके.

कृषि यंत्रों के उपयोग से समय और लागत की होगी बचत

आज खेती-किसानी के काम के लिए ढेरों प्रकार के कृषि यंत्र मौजूद हैं, जिनका इस्तेमाल कर हम समय और धन की बचत कर सकते हैं और गुणवत्तायुक्त उत्पादन भी ले सकते हैं.

कृषि यंत्र बदल रहे खेती की तस्वीर

कभी खेती का पहलू सामने आते ही बदहाल किसान की तस्वीर सामने आती थी, लेकिन अब समय बदल गया है और अब खेती करना मेहनत का नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक और स्मार्ट तरीके से काम करने का नाम है. खेती में कृषि यंत्रों के इस्तेमाल से देश और किसानों की तस्वीर बदल रही है. यदि आप भी खुद को और खेती को मुनाफे में बदलना चाहते हैं तो खेती में करें कृषि यंत्रों का इस्तेमाल और अपनाएं आधुनिक तकनीक.

कृषि यंत्रीकरण से घटे लागत, बढ़े पैदावार

खेत तैयार करने से लेकर फसल उत्पादन मिलने तक अगर किसान ठीक प्रकार से कृषि यंत्रों का तकनीक के साथ इस्तेमाल करे तो खेती में पैदावार तो बढ़ेगी ही, खेती की लागत में भी खासी कमी आएगी. आइए जानते हैं कुछ खास कृषि यंत्रों के बारे में :

धान रोपाई यंत्र पैडी प्लांटर

धान की खेती में धान की रोपाई का काम कमर तोड़ देने वाला काम है. मजदूरों द्वारा पानी भरे खेत में घंटों तक झुककर धान पौध रोपाई का काम करना होता है, जिसमे समय के साथ मेहनत भी अधिक लगती है. इसी काम को अगर पैड़ी प्लांटर से किया जाए तो यह काम बहुत कम समय और कम लागत में अच्छा होता है.

पैडी प्लांटर से पौधों की रोपाई एक समान दूरी और तय गहराई में होती है, जिससे हर पौधे को पर्याप्त धूप और हवा मिलती है. इससे जड़ों का विकास बेहतर होता है और पैदावार बढ़ती है.

फसल कटाई यंत्र

गेहूं, धान, जौ जैसी अनाज वाली फसल कटाई के लिए भी अनेक कृषि यंत्र उपलब्ध हैं, जिसमें रीपर, रीपर बाइंडर, हार्वेस्टर आदि खास हैं, जिन्हें किसान अपनी सुविधा के अनुसार खरीद सकता है.

रीपर यंत्र को अकेले व्यक्ति द्वारा चलाया जाता है जिसमें एक डीजल इंजन लगा होता है और वही उसे संचालित करने का काम करता है. इसके अलावा रीपर बाइंडर यंत्र आता है, जो फसल की कटाई के साथ-साथ उसके बंडल भी बांधता है. इस यंत्र से कटाई करने पर समय और लागत की बचत होती है.

उपरोक्त दोनों कृषि यंत्र पावर चलित हैं, इसलिए इन्हे चलाने के लिए अलग से पावर या ट्रैक्टर जैसे कृषि यंत्र की जरुरत नहीं होती और इनका रखरखाव भी आसान है. इनके अलावा खेती की तमाम मशीनें हैं जिन्हें किसान अपनी खेती की जरूरत के मुताबिक खरीद सकता है. फार्म एन फूड में तमाम तरह के कृषि यंत्रों के बारे में जानकारी दी जाती रही है.

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...