TIME 100 Next India 2026-
बाजरे का आटा आमतौर पर पिसने के कुछ ही दिनों में खराब होने लगता है. लेकिन क्या हो अगर इसे बिना किसी केमिकल प्रिजर्वेटिव के छह महीने तक सुरक्षित रखा जा सके? महाराष्ट्र की एक महिला ने अपनी रिसर्च से इसे संभव कर दिखाया है. उनकी इस तकनीक से न सिर्फ बाजरे के आटे की शेल्फ लाइफ बढ़ी है, बल्कि लाखों ग्रामीण बच्चों तक पौष्टिक भोजन पहुँचाने की राह भी आसान हुई है. यही वजह है कि उन्हें प्रतिष्ठित TIME 100 Next India 2026 की सूची में जगह मिली है. आइए जानते हैं कौन हैं विद्या परशुरामकर और कैसे उनकी रिसर्च बन रही है बदलाव की वजह.
कौन हैं विद्या परशुरामकर?
फूड टेक्नोलॉजिस्ट और सोशल एंटरप्रेन्योर विद्या परशुरामकर Indian Institute of Technology (IIT) खड़गपुर की पूर्व छात्रा हैं. उन्होंने एक ऐसी तकनीक विकसित की है, जिससे बाजरे के आटे को बिना किसी रासायनिक प्रिजर्वेटिव के छह महीने तक सुरक्षित रखा जा सकता है.
आम तौर पर बाजरे का आटा पिसने के लगभग दस दिनों के भीतर खराब होने लगता है. इसका कारण आटे में मौजूद प्राकृतिक फैट और लाइपेज नामक एंजाइम है.
विद्या की तकनीक इस एंजाइम को निष्क्रिय कर देती है, जिससे बाजरे के आटे को लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है. खास बात यह है कि इस प्रक्रिया में बाजरे के आटे का आयरन जैसे जरूरी पोषक तत्व भी सुरक्षित रहते हैं.
एनीमिया के अनुभव से मिली नई दिशा
उनकी खोज की प्रेरणा उनके निजी अनुभव से भी जुड़ी है. वह स्वयं आयरन की कमी, यानी एनीमिया से जूझ चुकी हैं. IIT खड़गपुर में फूड टेक्नोलॉजी में M.Tech करते समय उन्होंने ऐसे पारंपरिक खाद्य पदार्थों पर काम शुरू किया, जो कम लागत में लोगों को अच्छा पोषण दे सकें. उसी समय उन्होंने बाजरे को अपने शोध का मुख्य विषय बनाया.
पुणे में Agrozee Organics में इंटर्नशिप करते हुए उन्होंने बाजरे के आटे को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के तरीके पर काम किया. जब उनकी तकनीक सफल हुई, तो वह कंपनी की सह-संस्थापक बन गईं.
4 लाख से अधिक बच्चों तक पहुँचा इसका लाभ
फिलहाल, विद्या Agrozee Organics के साथ मिलकर अपने अभियान ‘Millets Now’ के जरिए ग्रामीण इलाकों में पोषण की स्थिति बेहतर बनाने पर काम कर रही हैं. TIME की रिपोर्ट के अनुसार, इस पहल के तहत 4 लाख से ज्यादा स्कूली बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं.
इसके तहत बच्चों को ‘न्यूट्री डब्बा’ कार्यक्रम के जरिए बाजरे से बनी कुकीज, लड्डू, न्यूट्रिशन बार, खाखरा और इंस्टेंट खिचड़ी जैसे पोषण से भरपूर खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा रहे हैं. ये खाद्य पदार्थ न सिर्फ स्वादिष्ट हैं, बल्कि बच्चों के विकास के लिए भी फायदेमंद हैं.
किसानों और महिलाओं के लिए भी बनीं प्रेरणा
विद्या का काम सिर्फ बच्चों को अच्छा खाना देने तक सीमित नहीं है. वह लगभग 7,000 छोटे किसानों और महिला सहायता समूहों के साथ मिलकर काम करती हैं. इस काम से किसानों को अपनी फसल के लिए बेहतर बाजार मिल रहा है और गाँव की महिलाओं को रोजगार के मौके मिल रहे हैं.
इससे पहले 2025 में विद्या को ग्रामीण विकास के लिए रोहिणी नैय्यर पुरस्कार मिला था. यह पुरस्कार पाने वाली वह पहली महिला थीं.
एक किसान परिवार से आने वाली विद्या ने अपने अनुभव को समाज में बदलाव लाने के काम में बदला है. उनकी कहानी दिखाती है कि पारंपरिक अनाज और नई तकनीक को मिलाकर पोषण, खेती और ग्रामीण रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं.





