Fish Farming. बिहार में छोटे और सीमांत मछली पालकों की आमदनी बढ़ाने के लिए उन्हें कोऑपरेटिव सोसाइटी (सहकारी समिति) से जोड़ने की तैयारी की जा रही है. इस पहल से मछली पालकों को एक साथ मिलकर काम करने का मौका मिलेगा. साथ ही मछली पालन को बेहतर और कमाई वाला
व्यवसाय बनाने में मदद मिलेगी.
बिहार सरकार ने विजन 2030 के तहत इस दिशा में योजना बनाई है. इसके तहत मछली पालकों को मछली का बीज, चारा, प्रशिक्षण, सरकारी अनुदान, बैंक से कर्ज और मछली बेचने के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा.
बिचौलियों से मिलेगी राहत
मधुबनी जिले में तालाब, पोखर और जलाशयों की अच्छी उपलब्धता है. झंझारपुर, जयनगर, पंडौल, बेनीपट्टी, बाबूबरही, राजनगर, लदनियां, हरलाखी और मधवापुर सहित कई प्रखंडों में मछली पालन किया जाता है.
इसके बावजूद छोटे मछली पालकों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है. उनके पास पर्याप्त संसाधन नहीं होते और बाजार में बिचौलियों के कारण मछली का सही दाम भी नहीं मिल पाता.
कोऑपरेटिव सोसाइटी से जुड़ने पर मछली पालक मिलकर बीज, चारा और दवाएं खरीद सकेंगे. इससे लागत कम होगी. वहीं, समिति के माध्यम से मछलियों की सामूहिक बिक्री करने पर बाजार तक सीधी पहुंच बनेगी और बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है.
बेकार पड़े तालाबों में होगा मछली पालन
जिले में कई सरकारी और निजी तालाब व पोखर देखरेख के अभाव में बेकार पड़े हैं. ऐसे जलस्रोतों की पहचान कर उन्हें मछली पालन से जोड़ने की योजना है. इससे पानी के इन स्रोतों का बेहतर इस्तेमाल हो सकेगा और गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
इस योजना में ग्रामीण महिलाओं और युवाओं को भी जोड़ने पर खास ध्यान दिया जाएगा. महिलाओं को समूहों के माध्यम से प्रशिक्षण देकर मछली पालन से स्वरोजगार के अवसर दिए जा सकते हैं. वहीं, दूसरे राज्यों में काम की तलाश में जाने वाले युवाओं को अपने गांव में ही रोजगार मिल सकेगा. Fish Farming





