हर साल 26 नवंबर को भारत में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस (National Milk Day) मनाया जाता है. यह दिन श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती को समर्पित है. उनके प्रयासों और ऑपरेशन फ्लड ने भारत को दूध की कमी वाले देश से दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बना दिया. 2014 में इस दिवस की शुरुआत हुई थी. इसका मकसद दूध के पोषण महत्व को बताने के साथ ही देश के करोड़ों पशुपालकों और दुग्ध किसानों के योगदान को सम्मान देना है.

भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश

भारत ने दूध उत्पादन के मामले में दुनिया में अपनी बादशाहत कायम रखी है. पिछले 10 साल में देश का दूध उत्पादन करीब 69 प्रतिशत बढ़ा है. वर्ष 2014-15 में भारत में 146.31 मिलियन टन दूध का उत्पादन होता था, जो 2024-25 में बढ़कर 247.87 मिलियन टन हो गया. आज दुनिया में पैदा होने वाले कुल दूध का करीब एक चौथाई हिस्सा भारत में उत्पादित होता है.

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस से पहले जारी एक सरकारी फैक्टशीट में यह जानकारी दी गई है. इसके मुताबिक, भारत में दूध उत्पादन लगातार बढ़ रहा है. इसका फायदा न सिर्फ डेयरी कारोबार को मिल रहा है, बल्कि गांवों में रहने वाले करोड़ों परिवारों की आमदनी भी बढ़ रही है.

हर व्यक्ति के हिस्से में आया ज्यादा दूध

देश में दूध उत्पादन बढ़ने का असर लोगों को मिलने वाले दूध पर भी पड़ा है. 10 साल पहले एक व्यक्ति के लिए रोजाना औसतन 319 ग्राम दूध उपलब्ध था, जो अब बढ़कर 485 ग्राम हो गया है. यानी अब पहले के मुकाबले लोगों को ज्यादा दूध मिल रहा है.

दूध उत्पादन बढ़ने की एक बड़ी वजह पशुओं की बेहतर देखभाल, अच्छी नस्ल और पशुपालन के तरीकों में सुधार भी है. इससे गाय-भैंसों की दूध देने की क्षमता बढ़ी है.

5 राज्यों का दूध उत्पादन में बड़ा योगदान

देश के दूध उत्पादन में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र की अहम भूमिका है. इन 5 राज्यों से देश का आधे से ज्यादा दूध आता है. उत्तर प्रदेश इस मामले में सबसे आगे है.

8.5 करोड़ ग्रामीण परिवारों की आजीविका का आधार

डेयरी कारोबार गांवों में रोजगार और आमदनी का बड़ा जरिया बन चुका है. देश के करीब 8.5 करोड़ ग्रामीण परिवार दूध उत्पादन और इससे जुड़े कामों पर निर्भर हैं. खास बात यह है कि डेयरी क्षेत्र में काम करने वालों में करीब 70 प्रतिशत महिलाएं हैं.

गांवों में महिलाएं पशुओं की देखभाल, दूध निकालने, दूध बेचने और सहकारी समितियों से जुड़कर परिवार की आमदनी बढ़ाने में अहम योगदान दे रही हैं. इस तरह डेयरी कारोबार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का भी काम कर रहा है.

गांव-गांव तक पहुंचा डेयरी सहकारिता का नेटवर्क

भारत में दूध का कारोबार सहकारी समितियों के जरिए भी आगे बढ़ रहा है. देश में दुग्ध सहकारी समितियों का बड़ा नेटवर्क है, जो लाखों किसानों को दूध बेचने और बाजार से जुड़ने में मदद करता है.
नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड डेयरी सर्विसेज ने 31 अक्टूबर 2026 तक 25 दुग्ध उत्पादक संगठन बनाए हैं. इनका मकसद किसानों को एक साथ जोड़ना और दूध के कारोबार में उनकी भागीदारी बढ़ाना है.
इनमें करीब 18 संगठन ऐसे हैं, जिनकी सभी सदस्य महिलाएं हैं. इनके संचालन में भी महिलाएं ही प्रमुख भूमिका निभा रही हैं. ये संगठन 12 राज्यों के 175 जिलों में 13 लाख से अधिक दूध उत्पादकों से जुड़े हैं.

श्वेत क्रांति के जनक को समर्पित है दुग्ध दिवस

हर साल 26 नवंबर को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस मनाया जाता है. यह दिन भारत में श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है. उन्होंने ऑपरेशन फ्लड और दुग्ध सहकारी समितियों के जरिए देश में दूध उत्पादन बढ़ाने की मजबूत नींव रखी थी.

आज भारत का दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बनना उन्हीं प्रयासों और करोड़ों पशुपालकों की मेहनत का नतीजा है. देश की इस सफलता में किसानों के साथ-साथ ग्रामीण महिलाओं की भूमिका भी बेहद अहम है.

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...