Agriculture Roadmap-
खेतो में किसानों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए केंद्र सरकार ने खेती को आधुनिक बनाने और ग्रामीण इलाकों की सुविधाएं बेहतर बनाने के लिए कई जरुरी कदम उठाए हैं. म. प्र. में कृषि विकास को नई दिशा दिखाने के लिए एक वैज्ञानिक कृषि रोडमैप तैयार किया जाएगा. इसके साथ ही उनका काम और सरल बनाने के लिए दो एग्रीकल्चर क्लस्टर और दो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी बनाए जाएंगे.
इस तरह की पहल करने से किसानों को बेहतर बीज और पौधे मिलेंगे, साथ ही सिंचाई की सुविधाओं को भी मजबूत किया जाएगा. साथ ही ग्रामीण इलाकों में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए 223 पुलों के निर्माण को मंजूरी दे दी गई है. यह निर्णय केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बीच हुई बैठक में लिए गए.
कृषि विकास के लिए तैयार होगा रोडमैप
मध्य प्रदेश में खेती को और बेहतर बनाने के लिए सरकार ने नया रास्ता तैयार किया है. इस योजना में वैज्ञानिक तरीकों को शामिल किया जाएगा. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि यह रोडमैप कृषि वैज्ञानिकों के साथ मिलकर बनाया जाएगा.
इसका मुख्य लक्ष्य राज्य में खेती को नई टेक्नोलॉजी से जोड़ना है, साथ ही किसानों की आय बढ़ाने और खेती का उत्पादन बढ़ाने का उदेश्य है. वैज्ञानिको की मदद से बनने वाला यह रोडमैप राज्य की कृषि योजनाओ में जान फूंक सकता है और उसे एक नई दिशा दे सकता है.
बनेंगे दो एग्रीकल्चर क्लस्टर
मध्य प्रदेश में दो एग्रीकल्चर क्लस्टर बनाए जाने का निर्णय लिया गया है. इस कदम से कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों और खेती से जुड़े कामों को बढ़ावा मिलेगा. एग्रीकल्चर क्लस्टर के बनने से कृषि क्षेत्र में उत्पादन और मूल्य संवर्धन (वैल्यू एडिशन) को बढ़ावा मिल सकता है. परंतु, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि क्लस्टर कहाँ होंगे और कौन-सी सुविधाएँ वहाँ मिलेंगी.
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के द्वारा मिलेगा आधुनिक खेती हो बढ़ावा
कृषि विकास की लंबी राह में मध्य प्रदेश में दो नए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाए जाएंगे. इन केंद्रों का मुख्य उद्देश्य आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देना है और किसानों को नई और बेहतर खेती विधियों का ज्ञान देना है. इन केंद्रों के जरिए किसानों को उन्नत खेती के तरीके, बेहतर उत्पादन और कम खर्च में ज्यादा फसल पाने के तरीके सिखाए जाएंगे. यह उनके लिए एक बड़ा मौका होगा, खासकर छोटे और मध्यम किसानों के लिए, जो आज तक नई तकनीकों तक पहुंच से वंचित रहे हैं.
क्लीन प्लांट प्रोग्राम के जरिए बनेंगी विशेष नर्सरी
बैठक में क्लीन प्लांट प्रोग्राम पर भी ज़रूरी चर्चा हुई. इस योजना के अंतर्गत मध्य प्रदेश में खास नर्सरी बनाई जाएगी. क्लीन प्लांट प्रोग्राम का मुख्य लक्ष्य किसानों को रोगरहित और उच्च गुणवत्ता वाले पौध उपलब्ध कराना है. बागवानी किसानों के लिए क्लीन प्लांट प्रोग्राम खास मददगार हो सकता है.
‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ के जरिए सिंचाई पर जोर
मध्य प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के पर ड्रॉप मोर क्रॉप (PDMC पर भी फोकस किया जा रहा हैं. कम पानी के साथ अधिक फसल उगाने को बढ़ावा दिया जा रहा है. ड्रिप और स्प्रिंकलर जैसी सूक्ष्म सिंचाई तकनीकें किसानों के लिए उपयोगी है. शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में सिंचाई कार्यों की सराहना की साथ ही, राज्य द्वारा उठाए गए अन्य सिंचाई प्रस्तावों के समाधान और योजना के तहत व्यापक सहायता देने पर भी बात हुई.
643.14 करोड़ रुपए मंजूर किए
कृषि विकास के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए एक बड़ा फैसला लिया गया है. केंद्र सरकार ने मध्य प्रदेश में 223 पुलों के निर्माण के लिए 643.14 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है. इन पुलों के बनने से ग्रामीण इलाकों के आवागमन में सुधार होगा और गांवों को आपस में जोड़ने में मदद मिलेगी. बेहतर सड़क और पुल की व्यवस्था से कृषि उपज को मंडियों और अन्य बाजारों तक आसानी से पहुंचाने में किसानों को सहायता मिलेगी.
600 करोड़ रुपए का सड़क प्रस्ताव
मजबूत सड़कों और पुलों का जाल ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए बहुत ज़रूरी है. इससे किसानों, ग्रामीण परिवारों और कृषि से जुड़े व्यापारियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकती है. इसीलिए बैठक में मध्य प्रदेश की ओर से सड़क निर्माण पर लगभग 600 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भी दिया गया. उन प्रस्तावों पर चर्चा हुई.
महत्वपूर्ण रही यह बैठक
विगत दिनों नई दिल्ली के कृषि भवन में हुई एक बड़ी बैठक में यह निर्णय लिए गए. यह बैठक केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बीच हुई. इस मौके पर मध्य प्रदेश के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और एदल सिंह कंसाना भी मौजूद थे, साथ ही कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए.
मध्य प्रदेश के लिए ये निर्णय किसानों के लिए काफी अहम हैं. खेती में नई तकनीकें आएं, किसानों को अच्छे बीज और पौधे मिलें, और गांवों की बुनियादी सुविधाएं भी मजबूत हों, ये सब जरूरी है. अगर इन योजनाओं पर सही तरीके से काम हो जाए, तो आगे चलकर प्रदेश की खेती को एक नई दिशा मिल सकती है.
इन सुविधाओं का लाभ उठाकर राज्य की कृषि गुणवत्ता में सुधार हो सकता है. उत्पादकता बढ़ेगी, उत्पादन लागत कम होगी और खाद्य सुरक्षा मजबूत होगी. लंबे समय में ऐसा बदलाव किसानों की आय में भी सुधार लाएगा. केंद्र सरकार की ये पहलें बस एक कदम नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है जो मध्य प्रदेश के कृषि भविष्य को बदल सकता है. Agriculture Roadmap





