कर्नाटक में नंदिनी दूध एक बार फिर महंगा होने जा रहा है. राज्य कैबिनेट ने नंदिनी दूध की कीमतों (Milk Price) में 8 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है.

हालांकि विधानपरिषद चुनावों के कारण राज्य में आचार संहिता लागू है, इसलिए सरकार अभी इस की औपचारिक घोषणा नहीं कर सकती. सरकार चुनाव आयोग से अनुमति लेने के बाद नई दरें जारी करेगी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नई कीमतें 1 नवंबर से लागू हो सकती हैं.

5वीं बार बढ़ेंगे दाम

अगर 8 रुपए की पूरी बढ़ोतरी लागू होती है तो यह हाल के सालों में 5वीं बढ़ोतरी होगी.

-मार्च, 2025 में 4 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी.

-जून, 2024 में 2 रुपए की बढ़ोतरी के साथ 50 मिलीलीटर अतिरिक्त दूध दिया गया था.

-जुलाई, 2023 और नवंबर, 2022 में भी 3-3 रुपए की बढ़ोतरी हुई थी.

इस बार बढ़ोतरी के बाद नंदिनी के ब्लू पैकेट वाले टोंड दूध की कीमत 46 रुपए से बढ़ कर 54 रुपए प्रति लीटर हो जाएगी.

क्यों बढ़ रहे हैं दाम?

डेयरी संघों का कहना है कि पशु आहार, चारा, दवाओं, ट्रांसपोर्ट और प्लास्टिक पैकेजिंग की लागत लगातार बढ़ रही है. सूखे के कारण चारे की कमी से भी खर्च बढ़ा है. इसी वजह से दुग्ध संघों ने सरकार से 8 से 10 रुपए की बढ़ोतरी की मांग की थी.

संघों के मुताबिक, कर्नाटक में टोंड दूध की खरीद कीमत करीब 35 रुपए प्रति लीटर है, जबकि आंध्र प्रदेश में 41.50 रुपए, केरल में 41.80 रुपए, महाराष्ट्र में 41 रुपये और तमिलनाडु में 42.24 रुपए है.

सरकार और डेयरी संघों का कहना है कि इस बढ़ोतरी का मकसद किसानों की आय बढ़ाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है. Milk Price

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...