मध्य प्रदेश के सीहोर में राष्ट्रीय दलहन आत्मनिर्भरता मिशन लॉन्च. बीज ग्राम में लगेंगी हजारों मिलें, मिलेंगी दालों की नई वैरायटी. Pulses Production

एक मंच पर दर्जन भर नेताओं का जमावड़ा

हाल ही में मध्य प्रदेश के सीहोर में राष्ट्रीय दलहन आत्मनिर्भरता मिशन पोर्टल का आरंभ हुआ, जिसमें केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित 9 राज्य के कृषि मंत्री व मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल रहे. इसके साथ ही शिवराज सिंह चौहान ने देशभर में ‘बीज ग्राम’ शुरू करने की घोषणा की.

क्या है दलहन मिशन पोर्टल

दलहन मिशन पोर्टल एक ऐसा ऑनलाइन पोर्टल है जिससे प्रदेश ही नहीं पूरे देश में दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किया जाएगा. यह पोर्टल किसानों के लिए बड़े काम का है. दलहन मिशन पोर्टल किसानों को दलहन व बीजों से जुड़ी नई तकनीकी जानकारी व कृषि सेवाओं डिजिटल माध्यम और आसानी से उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेगा. Pulses Production
शिवराज सिंह ने कहा कि हमारा संकल्प है कि मसूर हो, चना हो, उड़द हो, मूंग हो, इन सभी की उत्पादकता बढ़ाएंगे. इन्हें बोने पर उत्पादन अधिक मिले इसकी कोशिश करेंगे. हम उन्नत बीज भी लगातार बना रहे हैं.

देश-भर में लगेगी 1 हजार दाल मिलें

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अमलाहा में आयोजित दलहन कॉन्फ्रेंस में घोषणा करते हुए 1 हजार नई दाल मिलें स्थापित करने की घोषणा की. उन्होंने बताया कि इन दाल मिलों में से 55 दाल मिलें मध्य प्रदेश में शुरू होंगी.

एमएसपी पर होगी दालों की खरीद

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एमएसपी पर कहा कि तुअर 8,000 रुपए प्रति क्विंटल, उड़द 7,800 रुपए, चना 5,875 रुपए और मसूर 7,000 रुपए प्रति क्विंटल पर खरीदी जाएगी. उन्होंने आगे कहा, “बीज से लेकर बाजार तक किसानों की चिंता सरकार ही करेगी.”

अब दिल्ली में रिलीज नहीं होंगे बीज

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस दौरान बीजों के रिलीज पर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अब बीज प्रदेशों में अलग-अलग जाकर रिलीज किए जाएंगे. उन्होंने कहा, “आज हम एक फैसला कर रहे हैं कि कोई भी बीज अब दिल्ली में रिलीज नहीं होगा. प्रदेशों में जाकर किसान के बीच बीज रिलीज करेंगे. किसान भाइयों से मैं निवेदन करना चाहता हूं कि दलहन मिशन के अंतर्गत हम क्लस्टर डवलप करेंगे. हर किसान को जो क्लस्टर के अंतर्गत आएगा, हम बीज की किट भी देंगे.” Pulses Production

मध्य प्रदेश को अलग से 354 करोड़ रुपए

केंद्रीय कृषि मंत्री का ऐलान था कि ‘दलहन उत्पादन को बढ़ाने का राष्ट्रीय रोडमैप तैयार किया जा रहा है. इस मिशन के तहत मध्य प्रदेश को अलग से 354 करोड़ रुपए की राशि दी जाएगी.’

ICARDA के ट्रेनिंग सेंटर का लोकार्पण
इस अवसर पर राष्ट्रीय दलहन आत्मनिर्भरता मिशन के अंतर्गत ICARDA कैंपस में प्रशासनिक भवन, किसान प्रशिक्षण केंद्र और अत्याधुनिक कृषि लैब का भी लोकार्पण किया गया. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस दौरान कहा, ‘यह पहल किसानों को आधुनिक विज्ञान और बेहतर तकनीक से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.”

आयोजन में ये लोग रहे मौजूद

सीहोर के अमलाहा में आयोजित इस राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन में मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों के कृषि मंत्री शामिल हुए. इसमें बिहार के राम कृपाल यादव, गुजरात के रमेशभाई कटारा, उत्तर प्रदेश के सूर्य प्रताप शाही, हरियाणा के श्याम सिंह राणा, ओडिशा के कनकवर्धन सिंह देव, पंजाब के गुरुमीत सिंह खुड़ियन, छत्तीसगढ़ के मंत्री रामविचार नेताम, पश्चिम बंगाल के कृषि मंत्री सोवानदेव चटोपाध्याय, मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना, विदेशी वैज्ञानिक के साथ-साथ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हुए.

मध्य प्रदेश के कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंसाना ने कहा कि दलहन के उत्पादन को बढ़ावा देने और नई तकनीकों के उपयोग के साथ किसानों की आमदनी में बढ़ोतरी करने के लिए इस सम्मेलन का आयोजन किया गया.

यह पोर्टल दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने, किसानों को नवीन तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने व डिजिटल माध्यमों से कृषि सेवाओं को सुलभ, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी पहल साबित होगा.

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...