Government Schemes –
महाराष्ट्र देश के प्रमुख कृषि राज्यों में शामिल है. यहां की बड़ी आबादी खेती और उस से जुड़े कामों पर निर्भर है. लेकिन बेमौसम मानसून, सूखा, ओलावृष्टि, बढ़ती उत्पादन लागत और बाजार में कीमतों के उतारचढ़ाव जैसी चुनौतियां किसानों की आय को लगातार प्रभावित करने का काम करती हैं. खेती के हर मौसम में बीज, खाद, कीटनाशक, सिंचाई और मजदूरी पर होने वाला खर्च किसानों की चिंता बढ़ा देता है. इन्हीं हालात को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने किसानों को आर्थिक मदद मिल सके, इसी उद्देश्य से नमो शेतकरी महासम्मान निधि योजना लागू की है. इस योजना का उद्देश्य किसानों को समय पर नकद रकम उपलब्ध कराना है, ताकि खेती के जरूरी काम पैसे के अभाव में न रुकें.
क्या है नमो शेतकरी महासम्मान निधि योजना?
यह राज्य सरकार की किसानों को सीधे लाभ देने वाली (डीबीटी) आधारित आय सहायता योजना है. इस योजना के तहत पात्र किसानों को राज्य सरकार की ओर से प्रतिवर्ष 6,000 रुपए की सहायता 3 समान किस्तों में दी जाती है.
यह योजना पीएम किसान सम्मान निधि से अलग है. यदि किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के भी लाभार्थी हैं, तो उन्हें दोनों योजनाओं का लाभ मिल सकता है जिस के तहत दोनों योजनाओं को मिला कर कुल 12,000 रुपए प्रतिवर्ष प्राप्त होते हैं. यह धनराशि सीधे किसान के बैंक खाते में पहुंचती है, जिस से पारदर्शिता बनी रहती है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो जाती है.
किसानों की जरूरतें समय पर होती हैं पूरी
खेती में कई ऐसे मौके आते हैं, जब थोड़ी सी नकदी भी बहुत बड़ा सहारा बन जाती है. बोआई के समय बीज खरीदना हो, खेत में उर्वरक डालना हो, कीट नियंत्रण करना हो या सिंचाई का खर्च उठाना हो, खेती के हर काम में धन की आवश्यकता होती है. ऐसे समय में योजना से मिलने वाली सहायता राशि किसानों को इन आवश्यक कार्यों को समय पर पूरा करने में मदद करती है. इस से किसान किसी के भी कर्जदार होने से बचते हैं.
छोटे किसानों के लिए बड़ी राहत
महाराष्ट्र में अधिकांश किसान छोटे और सीमांत वर्ग के हैं. ऐसे किसानों के पास सीमित भूमि और सीमित आय होती है, इसलिए इस योजना से मिलने वाली राशि भले ही बहुत अधिक न हो, लेकिन यह खेती के शुरुआती खर्च पूरे करने में उपयोगी साबित होती है. कई किसान इस धन का उपयोग पशुपालन, सब्जी उत्पादन, बागबानी या अन्य पूरक कृषि गतिविधियों में भी करते हैं, जिस से अतिरिक्त आय का रास्ता खुलता है.
किसानों को मिलता है सीधा लाभ
नमो शेतकरी योजना की सब से बड़ी खासीयत है यह डीबीटी के माध्यम से संचालित होती है, जिस से किसान के बैंक खाते में सीधा रुपया जाता है. इस से भुगतान में देरी भी नहीं होती और बिचौलियों का भी कोई भूमिका नहीं होती. सरकार के लिए भी लाभार्थियों का सत्यापन और निगरानी आसान हो गई है.
योजना का लाभ लेने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
योजना का लाभ लगातार मिलता रहे, इस के लिए किसानों को अपने आधार और बैंक खाते की जानकारी सही रखनी चाहिए. ईकेवाईसी समय पर पूरी करानी चाहिए तथा भूमि रिकौर्ड और बैंक विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए. अधिकांश मामलों में किस्त रुकने का कारण दस्तावेजों की छोटीछोटी गलतियां ही होती हैं.
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मिल रही गति
योजना का प्रभाव केवल किसानों तक सीमित नहीं है. जब किसानों के हाथ में समय पर पैसा पहुंचता है तो वे स्थानीय बाजार से बीज, खाद, कृषि यंत्र और अन्य सामग्री खरीदते हैं. इस से गांवों में व्यापार बढ़ता है और कृषि से जुड़े छोटे व्यवसायों को भी लाभ मिलता है. इस प्रकार योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करती है.
क्या कहना है किसानों का
अहमदनगर जिले के किसान दिनेश पाटिल बताते हैं कि पहले खरीफ सीजन की शुरुआत में बीज और उर्वरक खरीदने के लिए उन्हें उधार लेना पड़ता था लेकिन अब नमो शेतकरी महासम्मान निधि और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से मिलने से वह खेती के सभी काम समय पर कर पाते हैं. इस के लिए उन्हें किसी से उधार भी नहीं लेना पड़ता है. महाराष्ट्र राज्य के ऐसे सैकड़ों हजारों किसान हैं जो इस योजना का लाभ ले कर अपनी खेती से अच्छा लाभ ले रहे हैं.
योजनाओं को ले कर विशेषज्ञ क्या कहते हैं?
कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की योजनाएं अधिक प्रभावी तब होती हैं, जब उन से मिलने वाली धनराशि का सोचसमझ कर इस्तेमाल किया जाए. आधुनिक खेती, सूक्ष्म सिंचाई, गुणवत्तापूर्ण बीज, फसल बीमा और किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) जैसी पहलों के साथ जोड़ा जाए. इस से किसानों की आय में स्थायी वृद्धि संभव हो सकती है.
योजना एक नजर में
-प्रतिवर्ष 6,000 रुपए की आर्थिक सहायता जो 3 किस्तों में सीधे किसान के बैंक खाते में आती है.
-नमो शेतकरी योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, दोनों को एक साथ मिला कर किसान को कुल 12,000 रुपए तक का लाभ मिलता है.
-इस योजना की पूरी प्रक्रिया डीबीटी आधारित और पारदर्शी है. किसान को सीधे लाभ मिलता है इसलिए यह योजना किसानों की आर्थिक प्रगति का मजबूत आधार बन सकती है.
देखा जाए तो किसानों के लिए यह नमो शेतकरी महासम्मान निधि योजना महाराष्ट्र के किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण पहल है. खेती की बढ़ती लागत और मौसम की अनिश्चितताओं के बीच यह योजना किसानों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराती है. हालांकि यह सहायता खेती की सभी आवश्यकताओं को पूरा नहीं कर सकती, लेकिन सही समय पर मिलने वाली यह राशि किसानों का आत्मविश्वास को बढ़ाने का काम कर रही है. Government Schemes





