Dairy Plant: उत्तर प्रदेश सरकार ने हालिया बजट में पशुधन और दुग्ध विकास पर खासा जोर दिया है. छुट्टा पशुओं के संरक्षण के लिए भी 2000 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं.

मथुरा में डेयरी प्लांट की बढ़ेगी क्षमता

मथुरा में पूर्व में प्रस्तावित 30 हजार लीटर क्षमता की नवीन डेयरी परियोजना को बढ़ाकर एक लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता के नवीन डेयरी प्लांट (Dairy Plant) की स्थापना को 23 करोड़ रुपए की व्यवस्था की गई है.

बनेंगी नई दुग्ध समितियां

दुग्ध संघों के सुधार और उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने को लेकर 220 नई दुग्ध समितियों का गठन होगा और 450 दुग्ध समितियों के पुनर्गठन के लिए 107 करोड़ रुपए की व्यवस्था भी की गई है.

पशुओं की सुधरेगी सेहत

पशु रोग नियंत्रण योजना के लिए 253 करोड़, पशु चिकित्सालयों-पशु संघ केंद्रों के सुदृढ़ीकरण के लिए 155 करोड़ रुपए की व्यवस्था की गई है. पहली बार मोबाइल वेटरेनरी यूनिट की स्थापना भारत सरकार की अम्ब्रेला स्कीम पशुधन स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण योजना के तहत शामिल की गई है. केंद्र सरकार की योजना सेंटर फार एडवांस्ड रिप्रोडक्शन एंड एक्सीलेंस (केयर) एवं टेस्टिंग रिसर्च एंड एनिमल केयर (ट्रेक) केंद्र के लिए राज्य सरकार की ओर से 25 करोड़ रुपए की व्यवस्था की गई है.

बकरी और पशुधन बीमा योजना

बकरी प्रक्षेत्रों की स्थापना, विकास एवं सुदृढ़ीकरण की योजना को 9.19 करोड़ रुपये का प्राविधान है. पशुओं की सेहत के लिए मुख्यमंत्री जोखिम प्रबंधन एवं पशुधन बीमा योजना के लिए 50 करोड़ रुपए रखे गए हैं. इसके अलावा पशुधन विकास प्रशिक्षण केंद्र चगेरवां बस्ती के संचालन, प्रादेशिक पशुधन मिशन और पशु प्रजनन सुविधाओं के सुधार एवं विस्तार के लिए भी बजट दिया गया है.

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इन योजनाओं से पशुपालन क्षेत्र को काफी विस्तार मिलेगा और पशुपालकों को भी अनेक लाभ मिलेंगे.

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...