Superstition: एक तरफ हमारा देश विज्ञान के क्षेत्र में नईनई खोजें कर रहा है, जिस से जीवन को आसान किया जा सके, वहीं दूसरी तरफ हमारे देश के बहुत से किसान आज भी जादूटोनों और तंत्रमंत्रों (Superstition) से ही बाहर नहीं निकल पा रहे हैं.

बस्ती जिले के किसान कैलाश ने अपने खेतों में धान की बोआई की ही थी कि हलकीहलकी बारिश शुरू हो गई. उस ने तुरंत अपनी पत्नी से कहा कि बीज डालते ही बारिश होने लगी है. तुम जल्दी से काना बांध दो, जिस से बारिश बंद हो जाए. उस की पत्नी फौरन एक सफेद कपड़े को ले कर गांठ बांधने लगी और गांव के कुछ काने लोगों के नाम बोलने लगी.Superstition

एक बार थरौली गांव का राम कुमार अपनी मां की बीमारी की वजह से समय पर अपने गेहूं की फसल की मड़ाई नहीं कर पाया और बारिश होने से उस की सारी फसल बरबाद हो गई. तब गांव के कुछ धर्म के ठेकेदारों ने यह कहना शुरू कर दिया कि रामकुमार ने धान की फसल कटने के बाद कालीजी व शंकर भगवान को चढ़ावा नहीं चढ़ाया इसलिए भगवान ने नाराज हो कर उस की फसल खराब कर दी.

इस तरह के तमाम उदाहरण हमारे आसपास ग्रामीण क्षेत्रों में मौजूद हैं.

वसूली का तरीका : इस तरह की गलतफहमियां फैला कर के और भगवान व ग्राम देवता का डर दिखा कर ये धर्म के ठेकेदार फसल कटने के बाद किसान के घर में अनाज जाने से पहले देवीदेवताओं के नाम पर अपना हिस्सा वसूलते हैं.

किसान श्रीधर शुक्ल ने बताया कि उन के यहां कोई भी फसल होती है, तो वे सब से पहले गोसाई बाबा और पंडितजी को बुला कर उन की खलिहानी (हिस्सा) उन को निकाल कर दे देते हैं और उस के बाद ही अनाज को घर के अंदर ले जाते हैं. जब भी उन के छप्पर पर कोई लौकी या कद्दू फलता है, तो भी वे पहले फल को भगवान को चढ़ा कर पंडितजी या गोसाई बाबा को दान देते हैं, जिस से भगवान की कृपा उन पर बनी रहे और उन की फसल अगले साल और अच्छी हो. यह अजीबोगरीब हाल किसी खास इलाके का नहीं है, बल्कि पूरे हिंदुस्तान का है.

डराने के हैं और भी तरीके : कोई किसान बाबाओं व पंडितों को हिस्सा नहीं देता तो ये लोग बारिश न होने पर गांव के मनचले लड़कों से कह कर उस किसान के ऊपर गोबरी (सड़ा हुआ गोबर) फिंकवा देते हैं. कहा जाता है कि जिस इनसान के ऊपर गोबरी फेंकी जाती है, वह जितना चिल्लाएगा बारिश उतनी ही अच्छी होगी. अपने फायदे के लिए ये धर्म के ठेकेदार भोलेभाले गरीब किसानों को इस तरह के तमाम हथकंडे अपना कर परेशान करते हैं.

इस बारे में समाजसेवी डा. संजय द्विवेदी का कहना है कि आज भी गांवों में लोगों का पढ़ालिखा न होना एक बड़ी समस्या है, जिस का फायदा उठा कर धर्म के ठेकेदार अपना उल्लू सीधा करते हैं. वैसे अब लोग थोड़े जागरूक होने लगे हैं. कुछ पढ़ेलिखे लोग धर्म के ठेकेदारों के खिलाफ आवाज उठाने लगे हैं.

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...