मेरा गांव मेरा गौरव : केंद्रीय भेड़ एवं ऊन अनुसंधान संस्थान, अविकानगर द्वारा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के फ्लैगशिप कार्यक्रम ‘मेरा गांव मेरा गौरव’ के अंतर्गत आज मालपुरा तहसील के दड़ावट गांव में पशु स्वास्थ्य शिविर एवं किसान–वैज्ञानिक संवाद का आयोजन निदेशक डॉ. अरुण कुमार तोमर के मार्गदर्शन में किया गया.
पशुपालन और नेचुरल खेती पर फोकस
इस आयोजन में खेती एवं पशुपालन में वैज्ञानिक पद्धतियों के महत्त्व पर विशेष जोर दिया गया. किसानों को मिट्टी परीक्षण के आधार पर रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग, गुणवत्तायुक्त बीज की उपयुक्त मात्रा, फसल के अनुसार सिंचाई प्रबंधन तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने हेतु देशी खाद और हरी खाद के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई.
कैसे करें हरी खाद तैयार
हरी खाद बनाने के लिए मुख्यत ढैंचा, ग्वार, लोबिया, मूंग जैसी दलहनी फसलों का इस्तेमाल किया जाता है और बोआई के 25–30 दिन बाद खेत में जोतकर मिलाने से मिट्टी में पोषक तत्त्वों की वृद्धि होती है इस के बारे में भी बताया गया.
डॉ. रंगलाल मीना ने समेकित पोषण एवं कीट प्रबंधन के माध्यम से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने तथा फसलों में रोगों की रोकथाम के उपायों पर चर्चा की. सीताराम मीना ने हरी खाद के माध्यम से मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने की विधियों की जानकारी दी.
पशुओं के लिए पशुपालकों को मिली मुफ्त दवाएं
पशु स्वास्थ्य शिविर में कुल 390 पशुओं (150 भेड़, 213 बकरी, 12 गाय एवं 15 भैंस) का उपचार पशु चिकित्सक डॉ. सृष्टि सोनी द्वारा किया गया तथा मुफ्त दवाओं का वितरण किया गया. कार्यक्रम में दड़ावट गांव के 74 किसानों (68 पुरुष एवं 6 महिलाएं) ने भाग लिया. इस अवसर पर पशु आनुवंशिकी एवं प्रजनन विभाग के अध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ सारथी मिश्रा ने भेड़ों की उन्नत नस्लों के महत्त्व एवं संतुलित पशु आहार पर किसानों से संवाद किया.
इसी क्रम में मालपुरा तहसील के काड़ीला गांव में 22 अप्रैल, 2026 को सायंकाल-रात्रि चौपाल एवं किसान–वैज्ञानिक संवाद का आयोजन किया गया. इसमें टीम लीडर डॉ. रणधीर सिंह भट्ट, डॉ. सुभाष कच्छावा, डॉ. अजीत सिंह महला और डॉ. नृपेंद्र प्रताप सिंह ने सहभागिता की.
इस कार्यक्रम में 80 किसानों (50 महिलाएं एवं 30 पुरुष) ने भाग लेकर ‘मेरा गांव मेरा गौरव’ कार्यक्रम की जानकारी प्राप्त की. कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजित प्रश्नोत्तरी में विजेता किसानों को टीम लीडर डॉ. सिद्धार्थ सारथी मिश्रा द्वारा सम्मानित किया गया. कार्यक्रम की जानकारी अविकानगर के मीडिया प्रभारी डॉ. अमर सिंह मीना द्वारा दी गई.





