Mango Tree Protection-

अब किसान पारंपरिक खेती से हट कर बागबानी की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं. आम की बागबानी सब से अच्छी कमाई वाली खेती मानी जाती है. एक बार आम का पेड़ लग गया तो सालोंसाल फल देता है.

लेकिन आम से अच्छी कमाई तभी होगी जब पेड़ स्वस्थ रहेगा और फल ज्यादा आएगा. अगर पेड़ में कीट लग गया या रोग लग गया तो पैदावार कम हो जाएगी, इसलिए समझदार किसान पेड़ की देखभाल पर सब से ज्यादा ध्यान देते हैं.

पेड़ों की देखभाल में यह काम करें शामिल

पेड़ की देखभाल का सब से सस्ता और सब से आसान तरीका है तनों पर चूने की सफेदी करना. इस से कीट और रोगों का प्रकोप कम होता है और बेहतर बौर और फल उत्पादन में मदद मिलती है.

यह सलाह महायोगी गोरखनाथ कृषि विज्ञान केंद्र, चौकमाफी के उद्यान वैज्ञानिक डा. अजीत कुमार श्रीवास्तव ने दी है.

चूने की सफेदी से क्या फायदा होगा

डा. अजीत कुमार श्रीवास्तव के अनुसार चूने की सफेदी से दीमक, छाल खाने वाले कीटों और फफूंद से होने वाले रोगों का प्रकोप कम होता है.

सफेद रंग धूप को वापस भेज देता है. इस से तने का तापमान नियंत्रित रहता है और तना तेज धूप और गरमी से सुरक्षित रहता है.

सफेदी के लिए सही समय कौन सा है

अक्तूबरनवंबर सफेदी के लिए उपयुक्त समय है. इस समय सफेदी करने से सर्दी में छिपे कीट और फफूंद कम हो जाते हैं.

फरवरीमार्च में दोबारा सफेदी करने से पेड़ तेज गरमी से सुरक्षित रहते हैं.

घोल कैसे बनाएं

घोल बनाने के लिए 10 लीटर पानी में 1 किलोग्राम बुझा चूना और 200 ग्राम कौपर सल्फेट मिलाएं. इसे अच्छी तरह मिला कर घोल बनाएं.

इस घोल को ब्रश से तने पर जमीन से 4 से 5 फुट ऊंचाई तक लगाएं.

बौर के लिए एक और जरूरी सलाह

डा. अजीत कुमार श्रीवास्तव ने फूल आने से 10 से 15 दिन पहले छिड़काव की सलाह भी दी है. इस के लिए 1 लीटर पानी में 5 ग्राम बोरिक एसिड और जिंक सल्फेट मिला कर छिड़काव करें. इस से फल की गुणवत्ता में सुधार होता है.

किसान को क्या सावधानी रखनी है

-सफेदी करते समय हाथों में दस्ताने जरूर पहनें और आंखों को बचा कर रखें. चूना आंख में जाने से जलन हो सकती है.

-सफेदी हमेशा सूखे मौसम में करें. बारिश वाले दिन सफेदी न करें.

अगर आपने अभी तक अपने आम के पेड़ों पर सफेदी नहीं की है तो देर न करें. नवंबर का महीना चल रहा है. यही सब से अच्छा समय है. कृषि वैज्ञानिक के बताए अनुपात से ही घोल बनाएं और अपने बाग के हर पेड़ पर सफेदी करें.

अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्र में बागबानी विशेषज्ञ से भी सलाह ले सकते हैं.

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...