Farming Machine : फसल की कटाई और थ्रेशिंग के लिए अनेक प्रकार के कृषि यंत्रों का इस्तेमाल किया जाता है. इन में से कुछ यंत्र केवल फसल की कटाई करते हैं और कुछ यंत्र फसलों की गहाई का काम करते हैं. बहुत ही कम ऐसे यंत्र हैं जो फसल की कटाई के साथसाथ थ्रेशिंग का काम भी करते हैं.
देश के अनेक हिस्सों में फसल काटने के लिए हार्वेस्टर यंत्र का इस्तेमाल किया जाता है जो फसल के ऊपरी हिस्से की कटाई करता हुआ उस के अनाज को निकालता है, बाकी फसल अवशेष खेत में पड़ा रह जाता है. इसे बाद में स्ट्रा रीपर जैसे यंत्र से काट कर भूसा बनाया जाता है या फिर कुछ किसान उसे खेत में जला देते हैं.
फसल कटाई और थ्रेशिंग के दोनों कामों को एकसाथ करने वाला यंत्र ट्रैक्टर पावर ग्रेन कम स्ट्रा कंबाइन यंत्र है जिसे पंजाब की गिल एग्रो इंडस्ट्रीज द्वारा बनाया गया है.
स्ट्रा कंबाइन की खासीयत
* पारंपरिक कंबाइन हार्वेस्टर मशीन के मुकाबले डीजल की कम खपत होती है और भूसा बनाने के लिए अलग से किसी यंत्र की जरूरत नहीं होती है.
* गेहूं, सरसों जैसे खाद्यान्न को 8 क्विंटल तक लगे टैंक में जमा किया जा सकता है.
इस मशीन के काम करने का तरीका दूसरे यंत्रों से हट कर है. इस कंबाइन हार्वेस्टर के साथ खास डिजाइन की बनी एक ट्रौली लगाई गई है जो फसल की थ्रेशिंग करने के साथसाथ भूसे को उस ट्रौली में इकट्ठा करती जाती है.
इस ट्रैक्टर पावर ग्रेन कम स्ट्रा कंबाइन मशीन में इकट्ठा होने के बाद खाली कर लिया जाता है. इस के अलावा साथ में लगी ट्रौली में इकट्ठा हुए भूसे को भी औटोमैटिक तरीके से खाली किया जाता है.
इस यंत्र का इस्तेमाल गेहूं के अलावा धान, सरसों, सोयाबीन, चना जैसी खाद्यान्न फसलों के लिए भी किया जाता है.
फसल की कटाई के लिए इस में 9 फुट चौड़ा कटरबार लगा होता है और थ्रेशिंग के लिए 41 इंच व्यास का ड्रम लगा होता है जिस में 3 पंखे और 4 ब्लैड भी लगे होते हैं जो थ्रेशिंग के काम को आसान करते हैं.





