Happy Seeder : मशीन हैप्पी सीडर धान की कटाई के बाद बिना खेत जोते ही खेत में गेहूं की सीधे बोआई करती है. साथ ही, धान के खेत कटने के बाद उस के जो अवशेष या ठूंठ खेत में रह जाते हैं उन्हें भी बारीकबारीक काट कर खेत में फैला देती है. इस की एक परत खेत में बन जाती है जिस से नमी भी बनी रहती है.

इस मशीन में नीचे की तरफ ब्लेड लगे होते हैं जो यह काम करते हैं. इस बार धान की कटाई के बाद हरियाणा, पंजाब के अनेक किसानों ने इस तकनीक को अपनाया है. पराली प्रबंधन की दिशा में भी इस मशीन का खासा योगदान है.

पराली जलाने से पैदा हुए दूषित वातावरण और समय को देखते हुए कई कृषि यंत्र निर्माता इस मशीन को बना रहे हैं इसलिए इस तरह की मशीनों की जानकारी किसानों को जरूर लेनी चाहिए. इस यंत्र के अनेक ब्रांड बाजार में मौजूद हैं. ऐसे ही एक कृषि यंत्र हैप्पी सीडर की जानकारी दी जा रही है.

इस की पहली खूबी तो यही है कि कंबाइन मशीन से धान कटने के बाद इस यंत्र से खेत में सीधी बोआई की जाती है जिस से पराली को जलाना नहीं पड़ता और जमीन को नुकसान नहीं होता है.

हैप्पी सीडर से बोआई करने पर प्रति एकड़ 2,000 से 3,000 रुपए तक का फायदा होता है, वहीं धान के अवशेष, जो मिट्टी में मिल जाते हैं, उस में 8-10 टन जैविक खाद प्रति एकड़ मिलती है. इस में नाइट्रोजन, पोटाश, फास्फोरस का काफी बड़ा हिस्सा मिल जाता है. साथ ही, पराली के अवशेष खेत में रह जाते हैं जिस से खेत में नमी बनी रहती है और खरपतवार में भी कमी आती है. खरपतवारनाशक दवाओं का खर्च भी बचता है. मतलब, पराली प्रबंधन में भी इस यंत्र का खासा योगदान है.

खांडेवाला हैप्पी सीडर

हैप्पी सीडर से गेहूं की कटाई के बाद धान लगाने से पहले भी मूंग, मक्का वगैरह की सीधी बीजाई कर सकते हैं. औसतन देखा जाए तो हैप्पी सीडर के इस्तेमाल से अनेक फायदे हैं.

एक ओर जहां खेत की जुताई का खर्च बच जाता है, वहीं फसल में पानी कम लगता है, मजदूर भी कम लगते हैं और अवशेषों के खेत में मिल जाने से खाद भी मिलती है. इसलिए किसानों को इस तरह की मशीनों का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए जिस से फायदा मिले.

कृषि यंत्र खरीदने पर राज्य सरकारों द्वारा किसानों को अनुदान भी मिलता है. उस की जानकारी ले लें तभी यंत्र खरीदें. साथ ही, उसे किस तरह से इस्तेमाल करना है, यह भी ठीक तरह से समझ लें.

खांडेवाला कृषि उद्योग के सेल्स मैनेजर कप्तान सिंह जागलान ने बताया कि हम हैप्पी सीडर के अलावा भी अनेक कृषि यंत्र बनाते हैं जो किसानों की पहुंच में हैं और उन के लिए खासा उपयोगी भी हैं. Happy Seeder

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...