Weather Update :  आज 12 मई को देश के दर्जन भर राज्यों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना मौसम विभाग द्वारा बताई गई है. अलर्ट वाले राज्यों में देश की राजधानी दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर प्रदेश, बिहार जैसे उत्तर भारत के अनेक राज्य शामिल हैं. इसके अलावा पूर्वोत्तर के भी कई राज्यों में मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है.

पूर्वी भारत के राज्यों में तेज आंधी, बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है. देश के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी भी हो सकती है.

दिल्ली और एनसीआर में भी मौसम खराब हो सकता है. 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके बाद 13 मई से मौसम में बदलाव होगा. इस दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं गरज वाले बादल बन सकते हैं. इसके बाद 14 मई को मौसम साफ रहने की संभावना है.

उत्तर प्रदेश में भी आने वाले 3 दिनों तक बादलों का आना-जाना लगा रहे सकता है. कहीं-कहीं तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने की संभावना है. देश के पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. देश के पहाड़ी क्षेत्र उत्तराखंड में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

उत्तर बिहार के 19 जिलों में भी 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं. राजस्थान के कई इलाकों में भीषण गर्मी पड़ेगी और आने वाले दिनों में तापमान बढ़ोतरी होगी.

राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर के कुछ इलाकों में 4-5 दिन हीटवेव के हालात बन रहे हैं और आने वाले 48 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर व भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं आंधी चलने व हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है.

मध्य प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनमें रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, दिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, सागर आदि क्षेत्र शामिल हैं.

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...