UP Cow Scheme. उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत गाय पालने पर हर माह मिलेंगे 6,000 रुपए. सरकार की यह योजना पर 4 गायों पर सालाना 72,000 रुपए की सहायता राशि मिलेगी. अगर आप भी उत्तर प्रदेश से हैं तो आप भी उठा सकते हैं इस योजना का लाभ। आइए, जानते हैं कैसे :

महिला और डेयरी उद्योग को मिलेगा बढ़ावा

उत्तर प्रदेश सरकार का मकसद है कि प्रदेश में डेयरी उद्योग और अधिक मजबूत हो और अधिक से अधिक किसानों और पशुपालकों की आय में बढ़ोतरी हो तथा साथ ही निराश्रित गोवंशों को संरक्षण मिल सके. अभियान के दौरान पशुपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित भी किया जाएगा.

4 गाय पालने पर मिलेगी 72 हजार रुपए की सहायता

पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत राज्य सरकार वर्तमान में प्रति गोवंश प्रतिमाह 1,500 रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है. इस योजना के अंतर्गत यदि कोई किसान या पशुपालक 4 निराश्रित/छुट्टा गोवंश अपने संरक्षण में रखता है, तो उसे कुल 72,000 रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी. यह राशि 4 समान किस्तों में दी जाएगी.

योजना के तहत मिलेंगे अन्य लाभ और सुविधाएं भी

सरल शब्दों में बताया जाए तो यह योजना ऐसे निराश्रित गोवंशों के लिए है जिन्हें अकसर बहुत से पशुपालक बाहर खुले में भटकने के लिए छोड़ देते हैं लेकिन इस योजना के आने से पशुपालकों को आर्थिक नुकसान नहीं होगा. सरकार ने योजना को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पशुओं के रखरखाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की है.

योजना से जुड़े लाभार्थियों को पशु शेड निर्माण की सुविधा मनरेगा योजना के तहत उपलब्ध कराई जाएगी. इसके लिए जिलाधिकारियों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जिससे किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े.

चलाया जाएगा विशेष अभियान

1 जून से 7 जून तक चले अभियान के दौरान प्रदेश की सभी गौशालाओं में विशेष गतिविधियां आयोजित की गयी . पशुधन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गौशालाओं में पशु स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं. गौशालाओं में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा. गोवंशों के लिए भूसा, हरा चारा, साइलेज और स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी. साथ ही पशुओं को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए गौशालाओं के आसपास बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण भी किया जाएगा.

पशुओं का फ्री होगा टीकाकरण

सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी गोवंशों का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए. इससे पशुओं में होने वाली विभिन्न बीमारियों की रोकथाम की जा सकेगी और दुग्ध उत्पादन क्षमता में भी सुधार होगा.

दूध से होगी कमाई

पशुपालन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी दुग्ध उत्पादकों को उनके दूध का भुगतान समय पर किया जाए. इसके साथ ही गांव-गांव में दुग्ध समितियों के गठन को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पशुपालक डेयरी सहकारिता से जुड़ सकें और अपने उत्पादों का बेहतर मूल्य ले सकें.

उत्तर प्रदेश सरकार का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रमों से किसानों और पशुपालकों को पशुओं के बेहतर आहार प्रबंधन, पशु स्वास्थ्य और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की नई तकनीकों की जानकारी मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी और पशुपालकों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...