Cobra Snake. कोबरा सांप के पेट से निकली पॉलीथिन. डॉक्टर भी रह गए दंग. 16 टांकों के बाद बची सांप की जान… आखिर उसके पेट तक प्लास्टिक पहुंची कैसे? पूरी कहानी पढ़िए
क्या आपने कभी सुना है कि किसी कोबरा सांप के पेट से पॉलीथिन निकाली गई हो? लेकिन हाल ही में हरियाणा के हिसार से ऐसा मामला सामने आया है जो हर किसी को चौंका रहा है. जानकारी के मुताबिक एक जहरीले कोबरा की सर्जरी के दौरान उसके पेट से पॉलीथिन और लोहे का छोटा टुकड़ा निकाला गया. सफल ऑपरेशन के बाद सांप को 16 टांके लगाए गए. यह घटना सिर्फ एक रेस्क्यू नहीं, बल्कि प्लास्टिक प्रदूषण के खतरनाक असर की भी बड़ी चेतावनी है.
पाइप में फंसा था कोबरा, रेस्क्यू के बाद अस्पताल पहुंचाया
हिसार स्थित लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) में करीब 2 साल का एक कोबरा पाइप में फंसा मिला. रेस्क्यू के दौरान उसकी पूंछ पर चोट भी थी. स्नेक रेस्क्यू टीम ने उसे सुरक्षित निकालकर तुरंत पशु चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी जांच शुरू की.
ऑपरेशन में जो निकला, उसने सबको चौंका दिया
जांच के बाद डॉक्टरों ने सर्जरी करने का फैसला लिया. जैसे ही ऑपरेशन शुरू हुआ, कोबरा के पेट से काले रंग की पॉलीथिन और लोहे का एक छोटा टुकड़ा निकला. डॉक्टरों का कहना है कि सांप के पेट से पॉलीथिन निकलने का ऐसा मामला बेहद दुर्लभ है. ऑपरेशन के बाद कोबरा को 16 टांके लगाए गए और अब उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
आखिर सांप के पेट में पॉलीथिन कैसे पहुंची?
विशेषज्ञों का मानना है कि सांप अक्सर चूहों, मेंढकों या अन्य छोटे जीवों का शिकार करते हैं. यदि शिकार ने पहले प्लास्टिक निगल रखी हो या प्लास्टिक के बीच मौजूद हो, तो वह सांप के पेट तक पहुंच सकती है. हालांकि, इस मामले में यह स्पष्ट नहीं है कि पॉलीथिन उसके शरीर में कैसे पहुंची.
सांप की निगरानी, फिर जंगल में होगी वापसी
डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल कोबरा को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है. यदि उसकी रिकवरी सामान्य रही तो करीब 2 हफ्ते बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया जाएगा.
देखने में आया है अभी तक गायों और अन्य मवेशियों के पेट से पॉलीथिन निकलने की खबरें आम थीं, लेकिन कोबरा के पेट से प्लास्टिक मिलना बताता है कि प्लास्टिक प्रदूषण अब जंगलों के जीवों तक भी पहुंच चुका है. विशेषज्ञों का कहना है कि खुले में फेंकी गई पॉलीथिन और प्लास्टिक की चीजें न केवल पर्यावरण, बल्कि पूरे वन्यजीव तंत्र के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही हैं. Cobra Snake





