New Wheat Variety-

मेरठ कृषि विश्वविद्यालय की पहली रिलीज गेहूं किस्म, उत्तरपूर्वी मैदानी क्षेत्र के किसानों के लिए होगी उपयोगी और मिलेगी ज्यादा पैदावार.

सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, मेरठ, उत्तर प्रदेश ने गेहूं की नई किस्म एसबीडब्ल्यू 2202 (सरदार समृद्धि) विकसित की है. विश्वविद्यालय द्वारा विकसित और रिलीज होने वाली यह गेहूं की पहली किस्म है. इसे वैरायटी आइडैंटिफिकेशन कमेटी (वीआईसी) ने पहचान दी है और अब वैरायटी रिलीज कमेटी (वीआरसी) से रिलीज की प्रक्रिया पूरी की गई है.

किस्म किस ने की विकसित और क्या है इस की खासीयत?

इस किस्म की पहचान 18 से 20 अगस्त, 2026 को श्री करण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर, जयपुर में आयोजित 65वीं अखिल भारतीय गेहूं एवं जौ शोधकर्ताओं की वार्षिक कार्यशाला में की गई. यह विश्वविद्यालय के आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन विभाग के गेहूं अनुसंधान कार्यक्रम की महत्वपूर्ण उपलब्धि है. इस किस्म का विकास डा. लोकेश कुमार गंगवार ने किया है.

उच्च उत्पादन और रोग प्रतिरोधक क्षमता वाली

एसबीडब्ल्यू 2202 किस्म की सब से बड़ी खासीयत है इस की अच्छी उत्पादन क्षमता और रोग प्रतिरोधक क्षमता. यह किस्म उत्तरपूर्वी मैदानी क्षेत्र में सिंचित परिस्थितियों में देर से बोआई के लिए उपयुक्त है. इस की औसत उपज करीब 45 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है, जबकि अधिकतम उपज क्षमता लगभग 64.8 क्विंटल प्रति हेक्टेयर बताई गई है.

इस के पौधों की औसत ऊंचाई करीब 100 सैंटीमीटर और पकने की अवधि लगभग 109 दिन है. यह किस्म भूरे एवं पीले रतुआ रोगों के प्रति उच्च स्तर की प्रतिरोधक क्षमता रखती है. इस के अलावा दाने की गुणवत्ता भी अच्छी बताई गई है.

प्रोसैसिंग के लिए भी उत्तम है यह किस्म चपाती और बिसकुट बनाने के लिए उपयोगी

नई गेहूं किस्म केवल अधिक उत्पादन के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि इस के दाने प्रसंस्करण की दृष्टि से भी बेहतर हैं. यह चपाती और बिसकुट दोनों के लिए उपयुक्त है. इस के दाने आकर्षक होते हैं और इन में प्रोटीन की मात्रा भी अच्छी है. बेहतर प्रसंस्करण गुणों के कारण इस किस्म से किसानों को बाजार में अच्छी संभावनाएं मिलने की उम्मीद है.

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अखिल भारतीय समन्वित गेहूं एवं जौ अनुसंधान कार्यक्रम के तहत विभिन्न शोध केंद्रों पर हुए परीक्षणों में इस किस्म का मूल्यांकन किया गया. उत्पादन, रोग प्रतिरोधक क्षमता और गुणवत्ता जैसे विभिन्न मानकों पर बेहतर प्रदर्शन के आधार पर इसे पहचान और रिलीज के लिए आगे बढ़ाया गया.

किसानों को जल्दी ही उपलब्ध होगा बीज

रिलीज और नोटिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एसबीडब्ल्यू 2202 (सरदार समृद्धि) का बीज किसानों के लिए आगामी रबी सीजन 2027-28 से उपलब्ध होने की उम्मीद है.

गेहूं की खेती करने वाले किसानों के लिए ‘सरदार समृद्धि’ भरपूर पैदावार देने वाली किस्म है, जो देर से बोआई होने पर भी 64.8 क्विंटल तक उपज दे सकेगी. New Wheat Variety

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...