Fenugreek Farming-

मेथी कम समय में तैयार होने वाली खुशबूदार फसल है और किसानों के लिए तुरंत आमदनी का जरीया बनती हैं. इस की हरी पत्तियों की मांग घर, होटल और बाजार में पूरे समय बनी रहती है.

कम समय में कमाई शुरू

खास बात यह है कि अच्छी देखभाल में इस की पहली कटाई 30-35 दिन में ही हो जाती है. और तो और, इसे खेत ही नहीं, घर की बालकनी में भी आसानी से उगाया जा सकता है.

बोआई का सही समय है कब ?

मेथी ठंड के मौसम की फसल है. उत्तर भारत में इस के लिए सब से अच्छा समय सितंबर के आखिर से नवंबर तक है. इस के लिए 15 से 25 डिगरी तापमान सब से अच्छा है.

मिट्टी और खेत की तैयारी

मेथी की खेती के लिए दोमट और बलुई दोमट मिट्टी, जिस का पीएच 6 से 7 हो, सब से अच्छी मानी जाती है. खेत में पानी रुकना नहीं चाहिए.
आज मेथी की अनेक उन्नत किस्में मौजूद हैं इसलिए अपने यहां की आबोहवा के अनुसार बीज का चुनाव करें.

सिंचाई और देखभाल

बोआई के तुरंत बाद हलकी सिंचाई करें, फिर 7-10 दिन के अंतर पर सिंचाई करें. जड़ गलन से बचाने के लिए खेत में पानी न रुकने दें.

हरी पत्तियों की कटाई

लगभग एक महीने के बाद 30-35 दिन में फसल कटाई लायक होने लगती है. सुबह के समय पौधे को जमीन से लगभग 2 इंच ऊपर से काटें. इस के बाद 15 दिन बाद दूसरी कटाई भी मिल जाएगी. एक फसल से 3 से 5 बार तक कटाई कर पत्तियां ली जा सकती हैं.

मेथी के बीज की खेती : अतिरिक्त मुनाफा

अगर मैथी का बीज तैयार करना है तो फसल को फूल और फली बनने तक खेत में छोड़ना होगा. इस में लगभग 90-110 दिन लगते हैं.

जब फलियां हलकी भूरी हो जाएं तो फसल काट कर 2-3 दिन सुखा लें. बीज का भाव ज्यादा स्थिर रहता है और इसे महीनों तक स्टोर किया जा सकता है. किसान चाहें तो एक हिस्से से पत्ती और एक हिस्से से बीज ले सकते हैं.

अब घर में भी उगाएं मेथी

खेत नहीं है तो भी टैंशन नहीं. मेथी घर में सब से आसानी से उगने वाली सब्जी है. आप घर में मेथी उगा कर ताजा और पौष्टिक हरी सब्जी ले सकते हैं.

घर में कैसे उगाएं मैथी?

एक टोकरी, पुराना टब या गमला, थोड़ी मिट्टी और गोबर की खाद और मेथी बीज. चाहें तो घर में इस्तेमाल होने वाला मैथी दाना भी लगा सकते हैं.

क्या है तरीका?

मिट्टी में गोबर की खाद मिला कर मिट्टी तैयार करें और उसे गमले में भरें. ऊपर से मेथी दाना बिखेर दें. ध्यान रहे दाना बहुत गहरा न जाए. ऊपर से हलकी मिट्टी की परत डालें और पानी का छिड़काव करें. गमले में नमी रहना जरूरी है. इस के लिए रोज हलका पानी दें. 6-8 दिन में अंकुर निकल आएंगे और लगभग 30-35 दिन में आप घर की ताजा मेथी काट सकते हैं.

सब से खास बात यह है कि घर में लगाई मेथी बाजार वाली मेथी से कहीं अधिक पौष्टिक होगी.

किसान के लिए मेथी 35 दिन में कैश देने वाली फसल है, बीज के लिए 100 दिन में बोनस देने वाली है और घर वालों के लिए बालकनी में उगने वाली फ्री की सब्जी है. Fenugreek Farming

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...