Cow Dung Processing Plant. गाय – भैंस का गोबर अब शहरों में गंदगी और बदबू की वजह बनने के बजाय कमाई का जरीया बनेगा. गाजियाबाद में नगरनिगम ने अपना पहला गोबर प्रोसैसिंग प्लांट शुरू किया है. यहां रोजाना 150 टन से अधिक गोबर का निस्तारण कर करीब 70 टन बायोफ्यूल तैयार किया जाएगा. इस का इस्तेमाल औद्योगिक इकाइयों में ईंधन के रूप में किया जाएगा. खास बात यह है कि गोबर से ईंधन बनाने के बाद बचने वाले अपशिष्ट से जैविक खाद भी तैयार होगी.

कविनगर जोन में स्थापित इस संयंत्र में 3 मशीनें लगाई गई हैं, जिन की मदद से गोबर को उपयोगी उत्पादों में बदला जाएगा. इस से शहर में गोबर के कारण होने वाली गंदगी और बदबू की समस्या कम होने की उम्मीद है.

पांचों जोन में लगेंगी 25 मशीनें

गाजियाबाद नगरनिगम इस योजना का विस्तार शहर के सभी पांचों जोन में करेगा. इस के लिए कुल 25 मशीनें लगाने की तैयारी है. अभी सड़कों और नालियों में गोबर बहाने के कारण कई इलाकों में गंदगी और बदबू फैलती है. इससे स्थानीय लोगों को परेशानी होती है और नालियां भी जाम होती हैं.

नए प्लांट के शुरू होने से पशुपालकों को गोबर के निस्तारण का बेहतर विकल्प मिलेगा. नगरनिगम ने पशुपालकों से अपील की है कि वे गोबर को नालियों में बहाने के बजाय निर्धारित प्लांट तक पहुंचाएं.

गोबर से ईंधन और अपशिष्ट से बनेगी खाद

इस संयंत्र में गोबर को संसाधित कर बायोफ्यूल तैयार किया जाएगा. इस का उपयोग विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में ईंधन के तौर पर होगा. वहीं, प्रक्रिया के बाद बचने वाले अपशिष्ट से जैविक खाद बनाई जाएगी.

इस खाद का इस्तेमाल नगरनिगम अपने पार्कों और नर्सरियों में लगे पेड़पौधों के लिए करेगा. इस तरह गोबर का उपयोग ईंधन और खाद दोनों बनाने में होगा.

बिना खर्च किए, होगी कमाई

इस प्लांट को सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की साझेदारी यानी पीपीपी मौडल पर शुरू किया गया है. नगरनिगम के मुताबिक, संयंत्र स्थापित करने में उसे अपनी ओर से कोई पैसा खर्च नहीं करना पड़ा है. तैयार बायोफ्यूल और जैविक खाद से निगम को राजस्व मिलने की भी उम्मीद है.

पशुपालकों के लिए भी फायदेमंद

शहर में बड़ी संख्या में लोग गाय – भैंस पालते हैं. उन के सामने रोजाना निकलने वाले गोबर के निस्तारण की समस्या रहती है. कई बार इसे नालियों और सड़कों पर डाल दिया जाता है, जिस से आसपास गंदगी फैलती है.

गोबर प्रोसैसिंग प्लांट शुरू होने से पशुपालकों को इस के निस्तारण का विकल्प मिलेगा. साथ ही गोबर से ईंधन और खाद बनाने की व्यवस्था शहर की स्वच्छता के साथ संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल का उदाहरण बन सकती है. Cow Dung Processing Plant

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...