Bateshwar Cattle Fair-

मेला नहीं, किसानों और पशुपालकों की सब से बड़ी मंडी है बटेश्वर.

उत्तर प्रदेश के आगरा में यमुना किनारे लगने वाला ऐतिहासिक बटेश्वर मेला एक बार फिर सज गया है. तकरीबन 400 साल पुराना यह मेला पशुओं के व्यापार के लिए देशभर में मशहूर है.

यहां ऐसे घोड़े पहुंच रहे हैं, जिन की कीमत बीएमडब्लू और मर्सिडीज जैसी लग्जरी कारों से भी ज्यादा है. इस बार मेले में 3 करोड़ रुपए कीमत के घोड़े आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं.

इस मेले का इतिहास मुगल और ब्रिटिश शासन से भी जुड़ा है. कभी यहां से मुगल और अंगरेजी सेना के लिए घोड़े, ऊंट और खच्चर खरीदे जाते थे.

11 से 28 नवंबर तक चलेगा बटेश्वर मेला

आगरा जिला मुख्यालय से तकरीबन 80 किलोमीटर दूर बाह तहसील में यमुना नदी के किनारे बटेश्वर गांव स्थित है. यह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का पैतृक गांव भी है.

दीवाली के बाद होता है मेले का आयोजन

आगरा के जिलाधिकारी मनीष बंसल के मुताबिक, मेले का आयोजन जिला पंचायत की ओर से कराया जाता है. इस की तैयारियों को ले कर संयुक्त बैठक हो चुकी है. मेले में आने वाले लोगों,पशुपालकों, व्यापारियों और पर्यटकों की सुरक्षा के साथ जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है.

ताज महोत्सव की तर्ज पर सजेगा मेला

जिला पंचायत अध्यक्ष मंजु भदौरिया ने बताया कि इस बार बटेश्वर मेले को ताज महोत्सव की तर्ज पर इंटरनैशनल फेयर के रूप में आयोजित करने की तैयारी है. 11 नवंबर, 2026 को भव्य कार्यक्रम के साथ मेले का आरंभ हुआ.

देशभर से पशुपालक पहुंचेगे यहां

देशभर से बड़ी मात्रा में पशुपालक और व्यापारी यहां पहुंचेंगे. उन के ठहरने के साथ पशुओं के लिए भी जिला पंचायत की ओर से जगह और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. यह मेला 28 नवंबर, 2026 तक चलेगा. इस दौरान कई सांस्कृतिक और खेलकूद से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.

कवि सम्मेलन से ले कर कुश्ती दंगल तक होंगे

बटेश्वर मेले में 23 नवंबर, 2026 को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. इस में देशभर के मशहूर कवि हिस्सा लेंगे. वहीं, 26 नवंबर को रन फौर छोटी काशी का आयोजन होगा. इस में पहला स्थान प्राप्त करने वाले धावक को एक लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा. इस के बाद 28 नवंबर को विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाएगा. इसी के साथ मेले का विधिवत समापन होगा.

मेले में पहुंचीं खास नस्ल की घोड़ियां

बटेश्वर का पशु मेला अच्छी नस्ल के घोड़ों के व्यापार के लिए देशभर में प्रसिद्ध है. इस बार उत्तर प्रदेश के अलगअलग जिलों के अलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली से पशु व्यापारी और पशुपालक पहुंच रहे हैं.

मेले में पंजाबी, नकुली, अबलक, मारवाड़ी और काठियावाड़ी नस्ल के घोड़े और घोड़ियां पहुंच चुकी हैं. अभी भी पशुओं के आने का सिलसिला जारी है. इस से मेले की रौनक लगातार बढ़ रही है.

बीएमडब्लू और मर्सिडीज से भी महंगे हैं घोड़े

इस बार मेले में सब से ज्यादा चर्चा आगरा के एत्मादपुर निवासी कमलकांत त्यागी के 2 घोड़ों की हो रही है. उन के पास सफेद रंग का 36 महीने का घोड़ा बादल और काले रंग का 30 महीने का घोड़ा चेतक है. दोनों की कीमत 3-3 करोड़ रुपए बताई जा रही है.

इन के अलावा कन्नौज और दूसरे जिलों से भी 35 लाख से ले कर 51 लाख रुपए तक कीमत वाले घोड़े मेले में पहुंचे हैं. इन की कीमत बीएमडब्लू और मर्सिडीज जैसी महंगी गाड़ियों से भी ज्यादा है.

पशुपालकों के लिए क्यों खास है यह मेला

पशुपालन सिर्फ शौक नहीं है, बल्कि यह आज लाखों रुपए की कमाई का जरीया बन गया है. अच्छी नस्ल का एक घोड़ा किसान की पूरी जिंदगी बदल सकता है. बटेश्वर मेला ही वह जगह है जहां देशभर के खरीदार एक ही जगह मिल जाते हैं. यहां अच्छी नस्ल की पहचान, सही कीमत और तुरंत बिक्री, तीनों मिल जाते हैं.

मुगल और अंगरेजी सेना के लिए खरीदे जाते थे यहां घोड़े

इतिहासकार राजकिशोर राजे के मुताबिक, बटेश्वर के पशु मेले का इतिहास मुगल काल से जुड़ा है. यहां से मुगल सेना के लिए घोड़े, खच्चर और दूसरे पशु खरीदे जाते थे. इस के बाद ब्रिटिश शासन के दौरान अंगरेजी सेना भी यहां से घोड़ों और अन्य पशुओं की खरीदारी करती थी. इस मेले में हाथियों तक की खरीदबिक्री होती थी. देश की आजादी के बाद इंडियन कैवलरी के लिए भी यहां से घोड़े खरीदे गए. आज भी कई राज्यों की पुलिस अपने घुड़सवार दल के लिए यहां से घोड़ों की खरीदारी करती है.

तीसरी पीढ़ी से मेले में आ रहे पशुपालक

बटेश्वर मेले में कई ऐसे पशुपालक भी पहुंचते हैं, जिन की पीढ़ियां यहां पशुओं का व्यापार करती रही हैं. राजस्थान के दौसा से आए ऊंट पालक कालू राम 15 ऊंट ले कर मेले में पहुंचे हैं. उन्होंने बताया कि वे कई साल से यहां आ रहे हैं और हर साल ऊंट बेच कर लौटते हैं. इस बार भी उन्हें अच्छे खरीदार मिलने की उम्मीद है.

वहीं, दिल्ली के लाल किसान के पास निवासी घोड़ा-घोड़ी पालक पवन ने बताया कि वह अपने परिवार की तीसरी पीढ़ी हैं, जो इस कारोबार से जुड़ी है. उन के दादा ने शौक के तौर पर घोड़े पालने शुरू किए थे. बाद में उन के पिता ने इस काम को बड़े स्तर पर आगे बढ़ाया. उन्होंने अपने पिता से घोड़े पालने और बेचने का काम सीखा. इस बार भी वह अच्छी नस्ल के घोड़े और घोड़ियां ले कर मेले में पहुंचे हैं.

जिला पंचायत को होती है 6 लाख रुपए की कमाई

बटेश्वर मेले के आयोजन पर जिला पंचायत हर साल एक करोड़ रुपए से अधिक खर्च करती है. वहीं, इस मेले से जिला पंचायत को आमदनी भी होती है. मेले में आने वाले प्रत्येक पशुपालक और व्यापारी को अपने पशुओं का रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है. इस से मेले में आए पशुओं की संख्या और उन की बिक्री का रिकौर्ड रखा जाता है.

इस साल घोड़े और घोड़ी के रजिस्ट्रेशन के लिए 600 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है. वहीं, ऊंट, खच्चर और गधे के रजिस्ट्रेशन के लिए 300 रुपए देने होंगे. साल 2025 में जिला पंचायत को मेले से तकरीबन 6 लाख रुपए की कमाई हुई थी.

अगर आप पशुपालक हैं और अच्छी नस्ल के घोड़े, ऊंट या खच्चर पालते हैं तो बटेश्वर मेला आप के लिए सब से बड़ा बाजार है. यहां आने से पहले अपने पशु का रजिस्ट्रेशन जरूर कराएं और पशु का स्वास्थ्य प्रमाणपत्र साथ ले कर आएं.

याद रखें. आज पशुपालन सिर्फ परंपरा नहीं है, बल्कि यह आधुनिक खेती की तरह एक बड़ा व्यवसाय बन चुका है और बटेश्वर जैसा मेला (Bateshwar Cattle Fair) इस व्यवसाय को नई ऊंचाई देता है.

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...