गरमियों के मौसम में अकसर दूध उत्पादन में कमी आ जाती है, जिस का नतीजा दूध महंगा होना होता है. लेकिन अब सर्दियों की शुरुआत में मदर डेयरी ने दूध के दाम (Milk Price) बढ़ा दिए हैं. इस से पहले 14 मई, 2026 को दूध की कीमतें बढ़ाई थीं. उस से पहले अप्रैल, 2025 में कीमतों में बदलाव किया गया था. इस तरह 6 महीने के अंदर यह दूसरी बार दाम बढ़े हैं.

दाम क्यों बढ़े

सूत्रों के अनुसार किसानों से दूध खरीदने की लागत काफी बढ़ गई है. चारा, डीजल और पैकेजिंग का खर्च भी बढ़ा है. इसी लागत का थोड़ा सा बोझ ग्राहकों पर डाला गया है.

मदर डेयरी अपने दूध की बिक्री से होने वाली कमाई का 75 से 80 फीसदी हिस्सा किसानों को देती है, इसलिए जब किसानों से खरीद महंगी होती है, तो ग्राहकों के लिए भी दूध महंगा हो जाता है.

नए दाम क्या होंगे. पूरी लिस्ट

दिल्ली-एनसीआर में नए दाम इस तरह होंगे.

दूध का नाम –  पुराना दाम  – नया दाम कितना बढ़ा

फुल क्रीम दूध प्रति एक लीटर पाउच  – पहले 72 रुपए  – अब 76 रुपए – कीमत बढ़ी 4 रुपए.

टोंड दूध प्रति एक लीटर पाउच –  पहले 60 रुपए  – अब 62 रुपए – कीमत बढ़ी 2 रुपए

डबल टोंड दूध प्रति एक लीटर पाउच – पहले 54 रुपए – अब 56 रुपए – कीमत बढ़ी 2 रुपए

गाय का दूध प्रति एक लीटर पाउच – 62 रुपए – 65 रुपए – कीमत बढ़ी 3 रुपए

टोंड दूध खुला, टोकन वाला प्रति एक लीटर – 58 रुपए -60 रुपए -कीमत बढ़ी 2 रुपए

आप की जेब पर कितना असर पड़ेगा.

मान लीजिए आप के घर में रोज 2 लीटर फुल क्रीम दूध आता है, तो अब आप को रोज 8 रुपए ज्यादा देने होंगे. महीने में यह खर्च करीब 240 रुपए बढ़ जाएगा.

अगर आप के घर में रोज 2 लीटर टोंड दूध आता है, तो रोज 4 रुपए ज्यादा लगेंगे. महीने में करीब 120 रुपए ज्यादा खर्च होगा.

दूध के अलगअलग नाम का क्या मतलब है

कई लोगों को फुल क्रीम, टोंड और डबल टोंड में फर्क नहीं पता होता है. इसे आसान भाषा में समझें.

फुल क्रीम दूध : इस में मलाई सब से ज्यादा होती है. कम से कम 6 फीसदी फैट होता है. यह ज्यादा गाढ़ा और पोषण से भरपूर माना जाता है.

टोंड दूध : फुल क्रीम दूध में से मलाई निकाल कर और पानी मिला कर इसे बनाया जाता है, ताकि फैट करीब 3 फीसदी रह जाए. यह रोज के पीने के लिए सब से ज्यादा बिकता है.

डबल टोंड दूध : इस में फैट और कम कर के करीब 1.5 फीसदी कर दिया जाता है. यह कम कैलोरी वाली डाइट पसंद करने वालों के लिए सही होता है.

बल्क टोंड दूध : यह मदर डेयरी के बूथ पर बिना पाउच के सीधा मिलने वाला टोंड दूध होता है. इसे टोकन दूध भी कहते हैं.

मदर डेयरी कितना बड़ा है.

मदर डेयरी को 1974 में शुरू किया गया था. यह नैशनल डेयरी डवलपमैंट बोर्ड यानी एनडीडीबी की कंपनी है. कंपनी दिल्ली-एनसीआर बाजार में अपने बूथ, दुकानों और औनलाइन प्लेटफार्म के जरीए रोजाना लगभग 35 लाख लीटर दूध बेचती है. इस की कुल रोज की दूध बिक्री 50 लाख लीटर से ज्यादा है.

क्या सिर्फ मदर डेयरी ने दाम बढ़ाए हैं

नहीं. इस से पहले कर्नाटक की नंदिनी और गुजरात की अमूल ने भी दूध के दाम बढ़ाए थे, इसलिए यह बढ़ोतरी सिर्फ एक कंपनी की नहीं है, बल्कि पूरे देश में दूध की लागत बढ़ रही है.

दाम बढ़ने के बाद भी दूध की जरूरत कम नहीं होगी, इसलिए अपनी जरूरत के हिसाब से दूध चुनें. अगर आप को ज्यादा मलाई वाला दूध नहीं चाहिए तो टोंड दूध लेना आप की जेब के लिए हलका रहेगा.

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...