BHU’s Sabour Vibhuti-

बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए क्यों खास है सबौर विभूति?

बिहार में खरीफ सीजन के दौरान बड़े पैमाने पर धान की खेती होती है, लेकिन मानसून के समय कई जिलों में बाढ़ और जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है. खेतों में कई दिनों तक पानी भरा रहने से धान के पौधे खराब हो जाते हैं और किसानों को दोबारा रोपाई तक करनी पड़ती है.

किसानों की इसी समस्या को देखते हुए बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के वैज्ञानिकों ने धान की उन्नत किस्म सबौर विभूति पर काम किया है.

इस किस्म की 3 बड़ी खासीयतें

1. विश्वविद्यालय के अनुसंधान प्रक्षेत्र में इस बार बाढ़ और जलभराव के कारण धान की कई किस्मों को नुकसान पहुंचा, लेकिन सबौर विभूति की फसल 10 से 12 दिन तक पानी में डूबे रहने के बाद भी काफी हद तक सुरक्षित रही. शुरुआती आकलन में सिर्फ 10 फीसदी तक नुकसान का अनुमान है.

2. यह मध्यम अवधि में तैयार होने वाली उन्नत किस्म है. इस की औसत उपज क्षमता 55 से 60 क्विंटल प्रति हेक्टेयर बताई गई है. यह उपज क्षमता सामान्य हालात में आंकी गई है. बाढ़ की हालत में उपज थोड़ी कम हो सकती है.

3. इस किस्म के दाने और उन का स्वरूप मंसूरी टाइप धान जैसा है. मंसूरी धान बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में किसानों और खाने वालों दोनों की पसंद है, इसलिए इस किस्म को बाजार में बेचने में किसानों को परेशानी नहीं होगी.

झुलसा रोग में होगी कमी

धान में 2 तरह का झुलसा होता है. एक होता है जीवाणुजनित झुलसा यानी बैक्टीरियल ब्लाइट और दूसरा होता है फफूंदजनित झुलसा यानी ब्लास्ट.

विश्वविद्यालय ने सबौर विभूति को मुख्य रूप से झुलसा रोग के प्रति प्रतिरोधक क्षमता को ध्यान में रख कर तैयार किया है. इस साल के निरीक्षण में इस किस्म में जीवाणुजनित झुलसा रोग से उल्लेखनीय नुकसान नहीं देखा गया यानी यह पूरी तरह रोग मुक्त नहीं है, लेकिन रोग का असर कम है.

बीज उत्पादन के लिए 3 एकड़ में की गई खेती

बिहार कृषि विश्वविद्यालय के सबौर स्थित अनुसंधान प्रक्षेत्र में सबौर विभूति किस्म की खेती बीज उत्पादन के उद्देश्य से की गई है. फिलहाल करीब 3 एकड़ क्षेत्र में इस किस्म को उगाया गया है.

विश्वविद्यालय के कुलपति डा. डीआर सिंह ने इस किस्म के बेहतर प्रदर्शन को किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया है. उन्होंने वैज्ञानिकों को विशेष फील्ड डे आयोजित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसान खेत में इस किस्म का प्रदर्शन देख कर इस की विशेषताओं और खेती से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकें.

बीएयू ने श्रीअन्न की 6 संभावित किस्में भी तैयार कीं

बिहार कृषि विश्वविद्यालय में धान के अलावा श्रीअन्न यानी मोटे अनाज की उन्नत किस्मों पर भी काम हो रहा है.

विश्वविद्यालय के अनुसार, अखिल भारतीय समन्वित लघु धान्य अनुसंधान परियोजना के तहत 6 संभावित किस्में तैयार की गई हैं और उनका अध्ययन किया जा रहा है.

इन में शामिल हैं :

सबौर मडुआ-1.

सबौर मडुआ-2.

सबौर कंगनी-1.

सबौर सांवा-1.

सबौर कुटकी-1 और सबौर कोदो-1.

ये सभी अभी संभावित किस्में हैं. इन के परीक्षण और गुणवत्ता जांच को जल्द पूरा कर के विमोचन का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं.

विश्वविद्यालय का मकसद ऐसी उन्नत किस्में तैयार करना है, जो बदलते मौसम और फसल में लगने वाले प्रमुख रोगों का सामना कर सकें और किसानों को बेहतर उत्पादन देने में मदद करें.

अगर आप के खेत में हर साल बाढ़ या जलभराव आता है तो सबौर विभूति आप के लिए उम्मीद की किस्म हो सकती है. इस किस्म का बीज खरीदने के लिए अपने नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्र या बीएयू सबौर से संपर्क करें.

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...