Weather Update-
देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है. कहीं बारिश और बर्फबारी की संभावना है, तो कहीं तेज हवाओं और गरज-चमक का असर देखने को मिल सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर और आसपास के पहाड़ी इलाकों में बारिश-बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है. वहीं, बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र दक्षिण और पूर्वी भारत के मौसम को प्रभावित कर सकता है. दूसरी ओर, दिल्ली-NCR और हरियाणा में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है.
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के आसार
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में 13 नवंबर तक बारिश और बर्फबारी की संभावना है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश या बर्फबारी के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने और झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक चलने का अनुमान है.
हिमाचल प्रदेश में 13 और 14 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है. उत्तराखंड में भी 15 नवंबर तक कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. जम्मू-कश्मीर में 14 और 15 नवंबर को भी कुछ स्थानों पर बारिश जारी रहने का अनुमान है.
दिल्ली-NCR और हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-NCR में आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. IMD के अनुसार, 13 से 19 नवंबर के बीच दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा में बारिश की कोई संभावना नहीं है. सुबह के समय कुछ इलाकों में धुंध देखने को मिल सकती है, जबकि दिन में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने का अनुमान है.
पंजाब में 13 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. इसके बाद मौसम शुष्क रहने की संभावना है. वहीं, पश्चिमी राजस्थान में 14 और 15 नवंबर को कुछ जगहों पर बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं.
बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 13 नवंबर की सुबह कम दबाव का क्षेत्र बन चुका है. इसके 14 नवंबर तक और अधिक सक्रिय होने तथा 15 नवंबर के आसपास दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्से में डिप्रेशन में बदलने की संभावना है.
IMD के विस्तारित पूर्वानुमान में संकेत दिया गया है कि यह मौसम प्रणाली आगे और मजबूत हो सकती है. हालांकि, इसके संभावित रास्ते और तट से टकराने की जगह को लेकर अलग-अलग मौसम मॉडल में एकराय नहीं है. इसलिए इसके आगे के प्रभाव पर नजर रखी जा रही है.
दक्षिण भारत में बारिश का दौर
बंगाल की खाड़ी में बन रहे मौसमी सिस्टम का असर दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में भी दिखाई दे सकता है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 14 से 17 नवंबर के बीच अलग-अलग दिनों में बारिश की संभावना है. 15 नवंबर को कुछ इलाकों में व्यापक बारिश हो सकती है.
केरल और माहे में 15 नवंबर तक बारिश का अनुमान है. इसके बाद 16 से 19 नवंबर के बीच भी कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. IMD ने अगले सप्ताह तमिलनाडु और केरल में कुछ दिनों के दौरान भारी बारिश की आशंका जताई है. तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 14 से 17 नवंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. लक्षद्वीप में भी 17 नवंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है.
अंडमान-निकोबार में 18 नवंबर तक बारिश के आसार
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 18 नवंबर तक कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. 13 से 16 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. समुद्र में तेज हवाओं और खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
पूर्वोत्तर भारत में भी बदलेगा मौसम
पूर्वोत्तर राज्यों में भी अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 15 से 17 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है. वहीं, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 16 से 19 नवंबर के बीच छिटपुट बारिश हो सकती है.
19 से 25 नवंबर तक कैसा रहेगा मौसम?
IMD के विस्तारित पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 से 25 नवंबर के दौरान दक्षिण भारत के तमिलनाडु और केरल में कुछ दिनों तक भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी सप्ताह के शुरुआती दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.
इस दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है. हालांकि, देश के अधिकांश हिस्सों में कुल मिलाकर बारिश सामान्य से कम रहने का अनुमान है. बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रही मौसम प्रणाली की दिशा और उसकी तीव्रता के आधार पर आने वाले दिनों में बारिश का दायरा बदल सकता है.
किसानों और आम लोगों के लिए सलाह
जिन इलाकों में भारी बारिश, तेज हवा या बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है, वहां मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखें. किसान कटी हुई फसल और कृषि उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें तथा खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करें.





