Flax Farming-

अलसी तेल वाली फसलों में दूसरी खास फसल है. अलसी के पूरे पौधे से पैसा कमाया जा सकता है. इस के तने से लिनेन नामक बहुत महंगा रेशा मिलता है और बीज का इस्तेमाल तेल प्राप्त करने के साथसाथ  दवाओं में किया जाता है. आयुर्वेद में अलसी को रोज का भोजन माना जाता है. अलसी के कुल उत्पादन का करीब 20 फीसदी खाने के तेल के रूप में और बचा 80 फीसदी उद्योगों में इस्तेमाल होता है.

दुनिया में अलसी के उत्पादक के तौर पर भारत का तीसरा स्थान है, जबकि पहले स्थान पर कनाडा व दूसरे स्थान पर चीन हैं. भारत में खासतौर पर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, राजस्थान, ओडिशा, महाराष्ट्र व कर्नाटक आदि प्रदेशों में इस की खेती की जाती है. अलसी के कुल उत्पादन का लगभग 20 फीसदी खाद्य तेल के रूप में और बचा 80 फीसदी तेल उद्योग जैसे सूखा तेल, पेंट बनाने में, वारनिश, लेमिनेशन, तेल कपड़े, चमड़े, छपाई की स्याही, चिपकाने, टेपिलोन साबुन आदि में किया जाता है.

जमीन और जलवायु : अलसी की फसल के लिए काली भारी व दोमट मटियार मिट्टी मुनासिब होती है. जमीन में उचित जल निकासी का इंतजाम होना चाहिए. अलसी की फसल को ठंडी व सूखी जलवायु की जरूरत पड़ती है.

खेत की तैयारी : अलसी के अच्छे जमाव के लिए खेत भुरभुरा व खरपतवार मुक्त होना चाहिए. लिहाजा खेत में 2 से 3 बार हैरो चला कर पाटा लगाना जरूरी है, जिस से नमी बनी रह सके. अलसी का दाना छोटा व पतला होता है. अच्छे जमान के लिए खेत का भुरभुरा होना जरूरी है.

बोआई का समय : असिंचित क्षेत्रों में अक्तूबर के पहले पखवाड़े और सिंचित क्षेत्रों में नवंबर के पहले पखवाड़े में बोआई करनी चाहिए जल्दी बोआई करने पर अलसी की फसल को फली मक्खी व पाउडरी मिल्ड्यू आदि से बचाया जा सकता है.

बीजों की मात्रा

अलसी की बोआई 20 से 25 किलोग्राम बीज प्रति हेक्टेयर की दर से करनी चाहिए. कतार से कतार के बीच की दूरी 30 सेंटीमीटर और पौधे की दूरी 5 से 7 सेंटीमीटर रखनी चाहिए. बीजों को 2 से 3 सेंटीमीटर की गहराई पर बोना चाहिए. बोआई से पहले बीजों को कार्बेंडाजिम की 3 ग्राम मात्रा से प्रति किलोग्राम बीज की दर से उपचारित करना चाहिए.

उर्वरकों की मात्रा : असिंचित क्षेत्र में बेहतर उपज लेने के लिए नाइट्रोजन 50 किलोग्राम, फास्फोरस 40 किलोग्राम व पोटाश 40 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर की दर से और सिंचित क्षेत्रों में  नाइट्रोजन 100 किलोग्राम व फास्फोरस 75 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर की दर से डालें. असिंचित दशा में नाइट्रोजन, फास्फोरस व पोटाश की पूरी मात्रा और सिंचित दशा में नाइट्रोजन की आधी मात्रा व फास्फोरस की पूरी मात्रा बोआई के समय चोगे द्वारा 2-3 सेंटीमीटर नीचे प्रयोग करें. सिंचित दशा में नाइट्रोजन की बची आधी मात्रा टाप ड्रेसिंग के रूप में पहली सिंचाई के बाद इस्तेमाल करें. फास्फोरस के लिए सुपर फास्फेट का इस्तेमाल ज्यादा फायदेमंद है.

खरपतवार प्रबंधन : खरपतवार नियंत्रण के लिए बोआई के 20 से 25 दिनों बाद पहली निराईगुड़ाई व 40 से 45 दिनों बाद दूसरी निराईगुड़ाई करनी चाहिए. अलसी की फसल में रासायनिक विधि से खरपतवार की रोकथाम के लिए एलाक्लोर 1 किलोग्राम सक्रिय तत्त्व को बोआई के बाद व जमाव से पहले 500 से 600 लीटर पानी में मिला कर खेत में छिड़काव करें.

सिंचाई : अलसी के अच्छे उत्पादन के लिए 2 से 3 सिंचाई की जरूरत पड़ती है. पहली सिंचाई 4 से 6 पत्ती निकलने पर, दूसरी सिंचाई शाखा फूटते समय, तीसरी सिंचाई फूल आते समय व चौथी सिंचाई दाने बनते समय करनी चाहिए. सिंचाई के साथसाथ जल निकास का भी सही इंतजाम होना चाहिए. Flax Farming

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...