गेहूं की खेती (Wheat farming) करने वाले किसानों के लिए अच्छी खबर है. अगर आप इस बार गेहूं की अच्छी पैदावार लेना चाहते हैं तो करण वंदना और करण वैष्णवी किस्मों के बारे में जानना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है.
हरियाणा के करनाल स्थित अनुसंधान केंद्र से प्रमाणित इन दोनों किस्मों के बीज अब उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं. इनसे प्रति हेक्टेयर 65 से 70 क्विंटल तक गेहूं पैदा होने का अनुमान है.
50 फीसदी मिलेगी सब्सिडी
सबसे अच्छी बात यह है कि किसानों को इन किस्मों के बीज खरीदने पर 50 फीसदी अनुदान भी मिल रहा है. यानी किसान कम खर्च में अच्छी गुणवत्ता वाला बीज खरीदकर अपनी फसल की पैदावार बढ़ाने की तैयारी कर सकते हैं.
10 हजार से अधिक किसान खरीद चुके हैं बीज
अंबेडकरनगर के कृषि विभाग ने करण वंदना और करण वैष्णवी किस्मों के बीज मंगाकर राजकीय बीज भंडारों पर उपलब्ध करा दिए हैं. अब तक जिले के करीब 10 हजार किसान से अधिक किसान गेहूं का बीज खरीद चुके हैं.
विभाग ने करण वंदना के 3,982 क्विंटल और करण वैष्णवी के 3,246 क्विंटल बीज की व्यवस्था की है. दूसरी किस्मों को मिलाकर कुल 7,941 क्विंटल गेहूं का बीज राजकीय बीज भंडारों को दिया गया है. किसान अपने नजदीकी राजकीय बीज भंडार से बीज की उपलब्धता और अनुदान की जानकारी ले सकते हैं.
इस बार बढ़ा गेहूं की खेती का रकबा
जिले में गेहूं की खेती के प्रति किसानों का रुझान बढ़ रहा है. पिछले साल यहां करीब 1.25 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बोआई हुई थी. इस बार कृषि विभाग ने लक्ष्य बढ़ाकर 1.30 लाख हेक्टेयर कर दिया है. यानी पिछले साल के मुकाबले 5 हजार हेक्टेयर अधिक क्षेत्र में गेहूं की खेती होने की उम्मीद है.
पिछले कुछ वर्षों से किसान कम समय में तैयार होने वाली गेहूं की किस्मों की बोआई अधिक कर रहे थे. अब उत्पादन बढ़ाने के लिए नई और बेहतर किस्मों के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
सुपर सीडर कृषि यंत्र से करें बोआई
अच्छी पैदावार के लिए सिर्फ बढ़िया बीज खरीदना ही काफी नहीं है, बल्कि बोआई का तरीका भी सही होना चाहिए. कृषि वैज्ञानिक किसानों को सुपर सीडर से गेहूं की बोआई करने की सलाह दे रहे हैं. इससे धान की कटाई के बाद खेत में बचे फसल अवशेषों के बीच भी गेहूं की बोआई की जा सकती है. इससे पराली जलाने की जरूरत कम होती है और मिट्टी की सेहत बनाए रखने में भी मदद मिलती है.
कृषि विज्ञान केंद्र पांती के वैज्ञानिकों के मुताबिक किसान ऊसर जमीन में भी वैज्ञानिक तरीके अपनाकर गेहूं का अच्छा उत्पादन ले रहे हैं.
कम लागत में बेहतर उत्पादन पर जोर
गेहूं की खेती में सही किस्म का चुनाव, समय पर बोआई, संतुलित खाद और जरूरत के अनुसार सिंचाई का खास ध्यान रखना चाहिए. फसल में रोगों और कीटों की निगरानी भी जरूरी है.
कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार सही तरीके से खेती करने पर कम सिंचाई और कम लागत में भी अच्छा उत्पादन लिया जा सकता है. Wheat farming





