Food Grain Production-

देश के किसानों की मेहनत से कृषि उत्पादन ने नया कीर्तिमान बनाया है. वर्ष 2025-26 में देश का कुल खाद्यान्न उत्पादन बढ़कर 3785.38 लाख टन पहुंच गया है. यह पिछले वर्ष के मुकाबले 208.06 लाख टन अधिक है. चावल, गेहूं, मक्का, दलहन और तिलहन सहित कई फसलों का उत्पादन बढ़ा है. वहीं, वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन में भी 1671.43 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन होने का अनुमान है.

कृषि मंत्री की नजर में

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 26 नवंबर, 2026 को वर्ष 2025-26 के प्रमुख कृषि फसलों के अंतिम उत्पादन अनुमान और वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन के पहले अग्रिम अनुमान जारी किए. उन्होंने बताया कि भारत चावल, दलहन, जूट, मोटे अनाज और मसालों के उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर है. गेहूं और कपास के उत्पादन में भारत दूसरे स्थान पर है.

चावल निर्यात में भी 5 फीसदी की बढ़ोतरी

कृषि मंत्री के अनुसार, भारत अब अपनी खाद्यान्न जरूरतों को पूरा करने के साथ दूसरे देशों को भी बड़ी मात्रा में कृषि उपज उपलब्ध करा रहा है. भारतीय चावल के निर्यात में 5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. अमेरिका, कनाडा और मध्य पूर्व के देशों में भारतीय बासमती चावल की मांग बनी हुई है.
वैश्विक उत्पादन में भारत गेहूं, कपास, मूंगफली और फल-सब्जियों के मामले में चीन के बाद दूसरे स्थान पर है. वहीं, गन्ना उत्पादन में ब्राजील के बाद भारत दूसरे स्थान पर है.

Food Grain Productionवर्ष 2025-26 में प्रमुख फसलों का उत्पादन

कृषि मंत्रालय के अंतिम अनुमानों के मुताबिक, वर्ष 2025-26 में प्रमुख फसलों का उत्पादन इस प्रकार रहा:

खाद्यान्न:
कुल उत्पादन 3785.38 लाख टन रहा, जबकि वर्ष 2024-25 में यह 3577.32 लाख टन था.

चावल और गेहूं:
चावल का उत्पादन 1551.54 लाख टन रहा, जो पिछले वर्ष से 49.70 लाख टन अधिक है. गेहूं का उत्पादन 1220.64 लाख टन रहा. इसमें पिछले वर्ष के मुकाबले 41.19 लाख टन की बढ़ोतरी हुई.

मक्का और मोटे अनाज:
मक्का उत्पादन बढ़कर 550.25 लाख टन पहुंच गया. पोषक और मोटे अनाज का कुल उत्पादन 740.80 लाख टन रहा. इसमें श्री अन्न यानी मिलेट्स का योगदान 172.09 लाख टन रहा.

दलहन:
कुल दलहन उत्पादन 272.40 लाख टन रहा, जो पिछले वर्ष से 15.57 लाख टन अधिक है. इसमें चना 125.13 लाख टन, मूंग 43.96 लाख टन और अरहर 35.99 लाख टन रही.

तिलहन:
कुल उत्पादन 432.55 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया. इसमें मूंगफली 131.71 लाख टन, सरसों 137.66 लाख टन और सोयाबीन 126.36 लाख टन रही. पिछले वर्ष के मुकाबले मूंगफली के उत्पादन में 12.29 लाख टन और सरसों में 10.99 लाख टन की बढ़ोतरी हुई.

नकदी फसलें:
गन्ने का उत्पादन 5037.29 लाख टन, कपास का 280.06 लाख गांठ और जूट व मेस्ता का उत्पादन 94.28 लाख गांठ रहा. कपास की एक गांठ 170 किलोग्राम और जूट की एक गांठ 180 किलोग्राम की होती है.

खरीफ 2026-27 में भी बेहतर उत्पादन का अनुमान

इस बार अल नीनो, मानसून में देरी और कम बारिश के कारण कई राज्यों में खरीफ फसलों की बुवाई प्रभावित हुई. जून में सामान्य से 35 से 40 फीसदी कम बारिश दर्ज होने और महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना व आंध्र प्रदेश में मिट्टी की नमी कम रहने से धान, मक्का, अरहर, सोयाबीन और कपास की फसलों पर असर पड़ा.

इसके बावजूद कृषि मंत्रालय ने खरीफ 2026-27 में कुल 1671.43 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन का अनुमान लगाया है. यह पिछले 5 वर्षों के औसत उत्पादन से 97.67 लाख टन अधिक है.

खरीफ की प्रमुख फसलों के पहले अग्रिम अनुमान इस प्रकार हैं:

चावल और मोटे अनाज: खरीफ चावल का उत्पादन 1219.05 लाख टन रहने का अनुमान है. पोषक और मोटे अनाज का कुल उत्पादन 381.05 लाख टन रहने की उम्मीद है. इसमें मक्का 260.64 लाख टन, बाजरा 89.43 लाख टन, ज्वार 14.79 लाख टन, रागी 12.48 लाख टन और छोटे मिलेट्स 3.71 लाख टन शामिल हैं.

दलहन:
खरीफ में कुल दलहन उत्पादन 71.32 लाख टन रहने का अनुमान है. इसमें अरहर 31.22 लाख टन, मूंग 16.59 लाख टन, उड़द 14.49 लाख टन और अन्य दलहन 9.02 लाख टन शामिल हैं.

तिलहन:
खरीफ तिलहन का उत्पादन 239.47 लाख टन रहने का अनुमान है. इसमें मूंगफली 111.68 लाख टन, सोयाबीन 102.44 लाख टन, अरंडी 18.97 लाख टन, तिल 4.91 लाख टन, सूरजमुखी 1.17 लाख टन और रामतिल 0.30 लाख टन शामिल हैं.

नकदी फसलें:
खरीफ सीजन में गन्ने का उत्पादन 4543.39 लाख टन रहने का अनुमान है. कपास का उत्पादन 248.66 लाख गांठ और जूट व मेस्ता का 97.06 लाख गांठ रहने की उम्मीद है.

दलहन और तिलहन पर सरकार का खास जोर
कृषि मंत्री ने कहा कि देश में गेहूं और चावल का पर्याप्त भंडार है. अब सरकार का जोर दलहन और तिलहन का उत्पादन बढ़ाकर आयात पर निर्भरता कम करने पर है. इसके लिए राष्ट्रीय दलहन मिशन और राष्ट्रीय तिलहन मिशन के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं.

फसल विविधीकरण को बढ़ावा

सरकार फसल विविधीकरण को भी बढ़ावा दे रही है, ताकि किसान केवल गेहूं और धान तक सीमित न रहें और मूंग, अरहर, सरसों, मूंगफली जैसी फसलों की खेती से भी आमदनी बढ़ा सकें.

खरीफ 2026-27 के ये पहले अग्रिम अनुमान हैं. फसल कटाई के समय खेतों में किए जाने वाले फसल कटाई प्रयोगों से वास्तविक उपज के आंकड़े मिलने के बाद इन्हें दूसरे और अंतिम अनुमानों में संशोधित किया जाएगा. Food Grain Production

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...