Sprinkler Irrigation-
मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और पानी की कमी के चलते किसानों के सामने सिंचाई की समस्या बढ़ती जा रही है. ऐसे में खेती में आधुनिक सिंचाई तकनीक अपनाना समय की जरूरत बन गया है. फव्वारा सिंचाई संयंत्र ऐसी ही एक उपयोगी तकनीक है, जिसकी मदद से कम पानी में खेत के बड़े हिस्से की सिंचाई की जा सकती है.
इस तकनीक में पाइप और नोजल के जरिए पानी को बारिश की बूंदों की तरह फसलों पर छिड़का जाता है. इससे खेत के कोने-कोने तक पानी पहुंचता है. खास बात यह है कि असमतल और रेतीली जमीन पर भी इस तकनीक से आसानी से सिंचाई की जा सकती है.
किसानों को इस तकनीक को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के मकसद से राजस्थान सरकार अनुदान भी दे रही है. इसके तहत पात्र किसानों को फव्वारा सिंचाई संयंत्र लगाने पर 60 फीसदी तक सब्सिडी मिल सकती है.
कितनी मिलेगी सब्सिडी?
राजस्थान सरकार की योजना के तहत सामान्य किसानों को फव्वारा सिंचाई संयंत्र की निर्धारित लागत का 50 फीसदी अनुदान दिया जाता है. वहीं, लघु और सीमांत किसानों को 60 फीसदी तक सब्सिडी मिलती है. किसान अधिकतम 5 हेक्टेयर कृषि भूमि के लिए इस योजना का लाभ ले सकते हैं.
कौन किसान कर सकते हैं आवेदन?
योजना का लाभ लेने के लिए किसान के पास कम से कम 0.2 हेक्टेयर सिंचित और कृषि योग्य जमीन होनी चाहिए. इसके अलावा खेत में सिंचाई के लिए पानी का उचित स्रोत होना भी जरूरी है.
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
योजना में आवेदन करने के लिए किसानों को कुछ जरूरी दस्तावेज तैयार रखने होंगे. इनमें आधार कार्ड या जन आधार कार्ड, 6 महीने से अधिक पुरानी न होने वाली जमाबंदी की नकल, सिंचाई के पानी के स्रोत का प्रमाण और फव्वारा संयंत्र आपूर्तिकर्ता का कोटेशन शामिल हैं.
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक किसान अपने नजदीकी ई-मित्र केंद्र पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन मिलने के बाद उद्यान विभाग की ओर से जरूरी जांच की जाती है और पात्र पाए जाने पर प्रशासनिक स्वीकृति जारी की जाती है.
ध्यान रखें कि प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद ही फव्वारा सिंचाई संयंत्र खरीदें और लगवाएं. संयंत्र स्थापित होने के बाद विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर उसका भौतिक सत्यापन करते हैं. निर्धारित मापदंडों के अनुसार संयंत्र सही पाए जाने पर अनुदान की राशि किसान के बैंक खाते में भेज दी जाती है.
फव्वारा सिंचाई के क्या हैं फायदे?
फव्वारा सिंचाई तकनीक से पानी पूरे खेत में समान रूप से फैलता है. इससे पानी का बेहतर इस्तेमाल होता है और अनावश्यक बहाव से होने वाली बर्बादी कम होती है. इस पद्धति से असमतल, रेतीली और हल्की ढलान वाली जमीन पर भी सिंचाई की जा सकती है.
इस तकनीक को अपनाकर किसान कम पानी में ज्यादा क्षेत्र की सिंचाई कर सकते हैं. इससे सिंचाई का काम आसान होता है और पानी की बचत के साथ खेती की लागत घटाने में भी मदद मिल सकती है.
योजना से जुड़ी अधिक जानकारी और आवेदन के लिए किसान राजस्थान सरकार के राज किसान साथी पोर्टल पर जा सकते हैं. Sprinkler Irrigation





