गांवों में रोजगार और कमाई के नए अवसर पैदा करने के लिए मुरगीपालन (Poultry Farming) को बढ़ावा दिया जा रहा है. इसी कड़ी में आगरा मंडल में मुरगीपालन उद्योग पर 40 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा. इसके लिए विगत दिनों पशुपालन विभाग की ओर से आगरा के मंडलायुक्त सभागार में पोल्ट्री सम्मेलन आयोजित किया गया. इस में मुरगीपालन का कारोबार बढ़ाने और नई इकाइयां लगाने के लिए उद्यमियों ने 40 करोड़ रुपए के समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए. सम्मेलन में 150 से अधिक मुरगीपालकों, उद्यमियों और प्रगतिशील किसानों ने हिस्सा लिया.

कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने की. उन्होंने उद्यमियों से बातचीत करते हुए कहा कि मुरगीपालन को फायदे का कारोबार बनाने के लिए अच्छी नस्ल के चूजों, सही खानपान और आधुनिक तकनीक पर ध्यान देना जरूरी है. उन्होंने अंडों के पोषण महत्व और मुरगियों को बीमारियों से बचाने के लिए साफसफाई रखने पर भी जोर दिया.

वैज्ञानिक तरीके से मुर्गी पालन की जानकारी

सम्मेलन में विशेषज्ञों ने मुरगीपालन से जुड़ी कई जरूरी जानकारियां दीं. मथुरा स्थित दुवासु विश्वविद्यालय के प्रो. डा. अमिताभ भट्टाचार्य ने आधुनिक तरीके से मुरगियों की देखभाल और फार्म के रखरखाव के बारे में बताया. सहायक प्रो. डा. अविनाश ने मुरगियों को उन की जरूरत के अनुसार दाना देने और सही खानपान का महत्व समझाया.

वेंकीज इंडिया के एजीएम डा. विजय कुमार शर्मा ने मुरगीपालन शुरू करने के जरूरी नियमों और बेहतर प्रबंधन की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मुरगियों के स्वास्थ्य, साफसफाई और खानपान का ध्यान रख कर उत्पादन बढ़ाया जा सकता है.

महिलाओं को सोलर लाइट पर 90 प्रतिशत सब्सिडी

सम्मेलन में महिला और पुरुष उद्यमियों के लिए सोलर लाइट पर मिलने वाली सब्सिडी की जानकारी भी दी गई. बताया गया कि सोलर लाइट लगाने पर महिला उद्यमियों को 90 प्रतिशत और पुरुष उद्यमियों को 50 प्रतिशत सब्सिडी देने का प्रावधान है. इस से पोल्ट्री फार्म में बिजली की जरूरत पूरी करने और बिजली खर्च कम करने में मदद मिल सकती है. हालांकि, सब्सिडी का लाभ विभाग की तय शर्तों के अनुसार मिलेगा.

बैंक से कर्ज और सरकारी मंजूरी में मिलेगी मदद

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. डीके पांडेय ने मुरगीपालकों को भरोसा दिलाया कि पशुपालन विभाग कारोबार शुरू करने और नई इकाइयां लगाने में उन की मदद करेगा. बैंक से कर्ज लेने, विभागीय सहयोग और जरूरी मंजूरी दिलाने के लिए भी अधिकारियों से समन्वय किया जाएगा.

सम्मेलन में अलगअलग जिलों से आए मुरगीफार्म संचालकों ने अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने कारोबार के दौरान आने वाली समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं. पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने कुक्कुट विकास नीति-2022, सरकारी अनुदान और आधुनिक मुरगी फार्म लगाने की प्रक्रिया की जानकारी दी.

कार्यक्रम के अंत में अपर निदेशक ग्रेड-2 डा. देवेंद्र पाल सिंह ने उद्यमियों को प्रशस्तिपत्र दे कर सम्मानित किया. इस पहल से आगरा मंडल में मुरगीपालन की नई इकाइयां शुरू होने, अंडे और चिकन का उत्पादन बढ़ने तथा ग्रामीण युवाओं और महिलाओं के लिए कमाई के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है. Poultry Farming

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...