Pesticides: आमतौर पर कीटनाशी विष बहुत ही घातक होते हैं. इन का इस्तेमाल व रखरखाव बेहद सावधानीपूर्वक करना चाहिए, क्योंकि जरा सी असावधानी होने पर बड़ा जोखिम उठाना पड़ सकता है. कीटनाशकों का असावधानी से व अंधाधुंध इस्तेमाल करने से इनसान, मित्र कीटों, पालतू जानवरों व पेड़पौधों के साथसाथ पर्यावरण पर भी घातक प्रभाव पड़ता है. कीटनाशकों का लगातार इस्तेमाल करने से कीटों में कीटनाशियों के प्रति प्रतिरोधक क्षमता उत्पन्न हो जाती है व मित्र कीटों की संख्या में कमी आ जाती है नतीजन घातक कीटों की संख्या बढ़ जाती है और उन को नियंत्रित करना मुश्किल हो जाता है.

कीटनाशक (Pesticides) हमारे शरीर में सांस द्वारा, त्वचा द्वारा और आंखों के द्वारा पहुंच कर अपना जहरीला असर दिखाना शुरू कर देते हैं.

कीटनाशी का छिड़काव या बुरकाव करते समय मुंह पर मास्क न लगाने, खानेपीने या धूम्रपान करने से कीटनाशी शरीर में पहुंच जाते हैं. हवा की दिशा के विपरीत रह कर छिड़काव या बुरकाव करने से या लापरवाही से कीटनाशी हमारे शरीर में आंखों द्वारा भी घुस जाते हैं.

किसानों को कीटनाशक (Pesticides) दवाओं के छिड़काव से पहले, छिड़काव के दौरान व छिड़काव के बाद निम्नलिखित सावधानियां बरतनी चाहिए :

* नजदीकी कृषि अधिकारी से संपर्क कर के कीटों व नुकसान आदि के बारे में जानकारी प्राप्त करें व उन के द्वारा बताए गए कीटनाशी की तय मात्रा ही खरीदें.

* कीटनाशी अच्छी व भरोसेमंद दुकान से ही खरीदें.

* सीलबंद कीटनाशी ही खरीदें और पैकेट या डब्बे पर लगी सील को अच्छी तरह से जांच लें.

* ज्यादा जहरीले और सरकार द्वारा प्रतिबंधित कीटनाशकों को नहीं खरीदना चाहिए.

* डब्बे या पैकेट पर दर्ज इस्तेमाल की तारीख निकल जाने के बाद कीटनाशी को नहीं खरीदना चाहिए.

* आवश्यकतानुसार ही कीटनाशी खरीदना चाहिए.

* कीटनाशी खरीदते समय डब्बे को अच्छी तरह से देख लेना चाहिए कि वह कहीं से टूटा तो नहीं है या उस में लीकेज तो नहीं है.

* कीटनाशी को खाद्य पदार्थों, चारा व दूसरे घरेलू सामानों के साथ नहीं ले जाना चाहिए.

* दवा खरीदते समय दुकानदार से उस का बिल जरूर लेना चाहिए.

भंडारण और सावधानियां

*             कीटनाशियों को खानेपीने की चीजों के पास नहीं रखा जाना चाहिए.

*             कीटनाशक दवाओं को इनसानों व पशुओं के काम आने वाली दवाओं के साथ भी नहीं रखा जाना चाहिए.

*             कीटनाशियों को बच्चों व पालतू जानवरों की पहुंच से दूर ही रखा जाना चाहिए.

*             कीटनाशियों को ऐसे कमरे में रखना चाहिए, जिस में धूप व हवा की अच्छी व्यवस्था हो.

*             इस्तेमाल के बाद डब्बों को अच्छी तरह से बंद कर देना चाहिए.

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...