Weeding Machine: फसल में पनपते खरपतवार उस की बढ़वार में रुकावट बनते हैं. इस वजह से पैदावार भी कम हो जाती है. सामान्य सी बात है, खेत की जमीन से जो ताकत हमारी फसल को मिलनी चाहिए, नहीं मिल पाती बल्कि खरपतवारों में बंट जाती है. इस का असर फसल की पैदावार पर पड़ता है इसलिए खेत से खरपतवारों का सफाया करना जरूरी है.
खरपतवार को खत्म करने के लिए किसान अपने खेत में खरपतवारनाशी का इस्तेमाल करते हैं जो फसल को काफी नुकसान पहुंचाते हैं या फिर पारंपरिक तरीके से निराईगुड़ाई करते हैं. लेकिन इस काम में समय और मजदूर भी लगते हैं. इस की आजकल वैसे भी कमी है.
लेकिन अब खरपतवार हटाने के लिए निराईगुड़ाई की अनेक मशीनें आ गई हैं जिन्हें किसान अपनी सुविधानुसार खरीद कर इस्तेमाल कर सकते हैं. इन में कुछ मशीनें हाथ से चलने वाली हैं तो कुछ मशीनों में निराईगुड़ाई यंत्रों (Weeding Machine) में इंजन लगा होता है जो बड़े किसानों के लिए काफी मुफीद है.
एक बात ध्यान रखने वाली यह है कि इस तरह के कृषि यंत्र उस खेत में ज्यादा कारगर हैं, जिस खेत में फसल लाइनों में बोई गई हो.
अंगद डीजल हल
यह बहुपयोगी निराई यंत्र है जो खेत के हर कोने तक पहुंचता है. मजदूरों की तुलना में यह यंत्र 10 गुना ज्यादा काम करता है. लाइन में बोई गई अंतर्वर्तीय फसलों के लिए यह आसानी से चलने वाला खास यंत्र है.
इस यंत्र से महिला किसान भी आसानी से निराईगुड़ाई कर सकती हैं. इस यंत्र के साथ दिए गए उपकरणों को जोड़ कर खेती के दूसरे काम जैसे जुताई, बोआई, छिड़काव, सिंचाई वगैरह काम भी निबटाए जा सकते हैं. इस का रखरखाव भी बहुत कम है.
प्रिया पावर वीडर
अतुल इंडस्ट्रीज का प्रिया पावर वीडर पैट्रोल से चलाया जाता है. यह 4.8 हौर्सपावर का है. इस की कुल क्षमता 5.5 हौर्सपावर है. यह एक घंटे में 2 से 2.5 बीघा खेत की निराईगुड़ाई कर सकता है और महज 600 से 700 मिलीलिटर तक पैट्रोल की खपत होती है. कृषि यंत्र निर्माता का कहना है कि हम देशभर में इस यंत्र को किसानों तक पहुंचाते हैं.
दो पहिए वाला ‘हो’ वीडर
यह कम कीमत का हाथ से चलने वाला निराईगुड़ाई यंत्र (Weeding Machine) है. इस यंत्र में खड़े हो कर निराईगुड़ाई की जाती है. इस का वजन लगभग 8 किलोग्राम है. इसे आसानी से फोल्ड कर के कहीं भी लाया व ले जाया जा सकता है. इस यंत्र में लगे ब्लेड को गहराई के अनुसार ऊपरनीचे किया जा सकता है.
‘पूसा’ चारपहियों वाला वीडर
जिन पौधे की कतारों के बीच की दूरी 40 सैंटीमीटर से ज्यादा है और कतार में बोई गई फसल से यह यंत्र खरपतवार निकालने के लिए अच्छा यंत्र है क्योंकि इस मशीन का फाल 30 सैंटीमीटर चौड़ा होता है. इस मशीन को पकड़ कर चलाने वाले हैंडिल को भी अपनी सुविधा के हिसाब से ऊपर या नीचे कर सकते हैं.
उपरोक्त दोनों यंत्र कृषि अभियांत्रिकी संभाग, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, पूसा, नई दिल्ली द्वारा बनाए गए हैं. इस के लिए आप इस संस्थान से संपर्क कर सकते हैं.
पावर टिलर से चलने वाला
कतार में बोई गई सोयाबीन, चना, अरहर, ज्वार, मक्का, मूंग वगैरह फसलों में निराईगुड़ाई के लिए यह उपयोगी यंत्र है. इस यंत्र को 8-10 हौर्सपावर के पावर टिलर में जोड़ कर चलाया जाता है.
इस यंत्र को केंद्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान, भोपाल ने बनाया है. आप इन के फोन नंबरों 0755-2521133, 0755-2521139 पर संपर्क कर सकते हैं.





