Bihar Krishi App: बिहार सरकार ने किसानों के फायदे के लिए बड़ा कदम उठाया है. अब किसानों को किसानों को बिहार कृषि मोबाइल ऐप के जरिए खाद उर्वरक की सटीक जानकारी मिलेगी कि किस खाद विक्रेता के पास खाद है या नहीं. इससे किसानों को सही समय पर सही उर्वरक मिल सकेगा और दुकानदारों द्वारा किसानों को गुमराह नहीं किया जा सकेगा.

क्या है बिहार कृषि ऐप की खासियत

बिहार कृषि ऐप एक आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसे खासतौर पर किसानों की सुविधा को ध्यान में रखकर बनाया गया है. इस ऐप के जरिए किसान अपने आसपास के दुकानों में उपलब्ध उर्वरकों की ताजा, सटीक और रियल टाइम जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं. पहले किसानों को उर्वरक के लिए दुकानदारों पर निर्भर रहना पड़ता था, जहां कई बार गलत जानकारी, स्टॉक खत्म होने का बहाना या अनियमितता देखने को मिलती थी. इस ऐप के विकसित होने से खाद की कालाबाजारी भी रुकेगी.

देना होगा खाद का लेखा-जोखा

बिहार सरकार के इस कदम से उर्वरक विक्रेताओं को अपने स्टॉक की जानकारी हमेशा अपडेट करनी होगी, जिसे इस मोबाइल ऐप पर राज्य का कोई भी किसान देख सकता है. इससे किसान यह देख सकेंगे कि किस दुकान पर कौन सा उर्वरक उपलब्ध है और कितनी मात्रा में है. इससे समय की बचत होगी और किसान अपनी सुविधा के अनुसार उर्वरक खरीद सकेगा.

किसानों को घर बैठे जानकारी

-इस ऐप के इस्तेमाल से किसानों को घर बैठे ही जानकारी मिल जाएगी कि कौन सा उर्वरक-खाद कहां उपलब्ध है.

-डिजिटल सिस्टम के कारण दुकानदार अब गलत जानकारी नहीं दे पाएंगे.

-किसानों का समय बचेगा और काम आसान होगा.

-फसल की जरूरत के हिसाब से किसान समय पर उर्वरक का उपयोग कर सकेंगे.

इस कदम से सरकार का उद्देश्य साफ है कि किसानों को सही जानकारी मिले और बाजार में पारदर्शिता बनी रहे.

डिजिटल कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में बिहार कृषि ऐप किसानों के लिए एक भरोसेमंद और उपयोगी माध्यम है. इससे उर्वरक की उपलब्धता की सही जानकारी मिलने से किसानों का काम आसान होगा और उन्हें खाद के लिए इधर-उधर नहीं भटकना होगा. वैसे भी आजकल आधुनिक तकनीकी का दौर है, ऐसे में यह ऐप किसान वर्ग के लिए बहुत फायदेमंद साबित होगा.

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...