Rapid Milk Testing Kit-
रोज सुबह घर में दूध आता है. हम उसे उबाल कर पी लेते हैं. लेकिन मन में एक सवाल हमेशा रहता है. कहीं इस दूध में पानी के अलावा कुछ और तो नहीं मिला हुआ है?
लेकिन अब दूध में मिलावट करने वाले तत्वों की पहचान अब चंद मिनटों में की जा सकेगी. सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ ने एक नई रैपिड मिल्क एडल्टरेशन टैस्टिंग किट (Rapid Milk Testing Kit) बनाई है. इस किट से उपभोक्ता घर पर ही दूध की शुद्धता की जांच आसानी से कर सकेंगे.
किस ने बनाई यह किट ?
विश्वविद्यालय परिसर में स्थित कटाई उपरांत प्रौद्योगिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण महाविद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों की संयुक्त टीम ने इस किट को तैयार किया है. इस टीम में अरुंधति गणेश बांद्रे, सीताराम, मयंक चौधरी और अगिमा शामिल हैं.
इस पूरी परियोजना का नेतृत्व दुग्ध सूक्ष्मजीव विज्ञान के सहप्राध्यापक डा. हर्ष पंवार ने किया.
यह किट क्याक्या बताएगी
दूध में सब से ज्यादा इन्हीं 7 चीजों की मिलावट की जाती है और यह किट इन्हीं सब को पकड़ेगी.
1. स्टार्च : दूध को गाढ़ा दिखाने के लिए मिलाया जाता है.
2. न्यूट्रलाइजर : खट्टे दूध को सही दिखाने के लिए मिलाया जाता है.
3. हाइड्रोजन पैरोक्साइड : दूध को देर तक खराब होने से बचाने के लिए मिलाया जाता है.
4. अमोनियम यौगिक : दूध में प्रोटीन ज्यादा दिखाने के लिए मिलाया जाता है.
5. फार्मेलिन : दूध को सड़ने से बचाने के लिए मिलाया जाता है. यह शरीर के लिए बहुत खतरनाक है.
6. नमक : दूध का स्वाद और गाढ़ापन बढ़ाने के लिए मिलाया जाता है.
7. नाइट्रेट : दूध की मात्रा बढ़ाने और जांच में गड़बड़ी करने के लिए मिलाया जाता है.
किट की सब से बड़ी खासीयत
इस किट की सब से बड़ी खासीयत है इस का रंग आधारित तरीका यानी आप को कोई मशीन चलानी नहीं है और कोई लंबा हिसाब नहीं करना है.
बस किट में दिए गए घोल की कुछ बूंदें दूध में डालनी हैं. अगर दूध में मिलावट होगी तो दूध का रंग बदल जाएगा और रंग देख कर ही पता चल जाएगा कि दूध में क्या मिलाया गया है.
किसान मेले में हुआ इस किट का विमोचन
विश्वविद्यालय परिसर में 2 से 4 नवंबर तक किसान मेला लगा था. इसी मेले में उत्तर प्रदेश शासन के कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के प्रमुख सचिव डा. एमके शनमुग सुंदरम ने इस किट का विमोचन किया.
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि दूध की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए इस तरह की त्वरित परीक्षण किट आज की सब से बड़ी जरूरत है.
कार्यक्रम में कुलपति डा. त्रिवेणी दत्त समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.
इस किट से किस को फायदा होगा
आम उपभोक्ता अब घर पर ही दूध की जांच कर सकता है.
दूध डेयरी वाले भी डेयरी पर आने वाले दूध की जांच तुरंत कर सकते हैं. मिलावटी दूध को उसी समय वापस किया जा सकेगा.
ईमानदार किसान को फायदा होगा, क्योंकि उस के शुद्ध दूध की पहचान अलग से हो जाएगी और मिलावट करने वालों की पोल खुल जाएगी.
अगर आप रोज दूध खरीदते हैं तो सिर्फ कीमत और गाढ़ेपन को देख कर दूध मत खरीदिए. दूध का असली मापदंड उस की शुद्धता है.
यह किट अभी विश्वविद्यालय स्तर पर बनी है. जैसे ही यह बाजार में आएगी, इसे जरूर अपने घर में रखें खासकर उन घरों में जहां छोटे बच्चे और बुजुर्ग हैं, क्योंकि मिलावटी दूध का सब से ज्यादा नुकसान उन्हीं को होता है.





