Farm Machinery Subsidy-

गन्ना किसानों को कृषि यंत्रीकरण से जोड़ने और खेती की लागत कम करने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने गन्ना कृषि यंत्रों की खरीद पर आर्थिक अनुदान देने का निर्णय लिया है. योजना के तहत गन्ना उत्पादक जिलों के कुल 3,173 किसानों का चयन कर उन्हें कृषि यंत्र खरीदने के लिए परमिट जारी किया जाएगा. हिंदुस्तान में प्रकाशित खबर के अनुसार, विभाग की ओर से 44 प्रकार के कृषि यंत्रों की खरीद पर किसानों को 40 से 50 फीसदी तक अनुदान दिया जाएगा. इस के लिए किसानों की पात्रता और अनुदान प्राप्त करने से संबंधित आवश्यक दिशानिर्देश भी जारी किए गए हैं.

परमिट मिलने के 30 दिनों के भीतर करनी होगी खरीद

योजना के तहत चयनित किसानों के लिए कृषि यंत्रों की खरीद की समयसीमा भी निर्धारित की गई है. परमिट जारी होने के बाद किसानों को 30 दिनों के भीतर संबंधित गन्ना कृषि यंत्र खरीदना अनिवार्य होगा. कृषि यंत्र खरीदने के बाद किसानों को उस की रसीद समेत अन्य निर्धारित प्रक्रियाएं औनलाइन आवेदन के माध्यम से पूरी करनी होंगी. प्रक्रिया पूरी होने के बाद अनुदान की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी.

तिरहुत प्रमंडल के 4 जिले योजना में शामिल

तिरहुत प्रमंडल के संयुक्त कृषि निदेशक ने बताया कि योजना के तहत मुजफ्फरपुर समेत तिरहुत प्रमंडल के सभी 4 जिलों को शामिल किया गया है. मुजफ्फरपुर जिले में इस योजना का लाभ 117 किसानों को दिए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. योजना का उद्देश्य गन्ना उत्पादक किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध करा कर खेती में यंत्रीकरण को बढ़ावा देना और कृषि कार्यों को अधिक सुविधाजनक बनाना है.

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...