हरियाणा सरकार ने गन्ने की खेती को आधुनिक बनाने के लिए वर्ष 2026-27 में नई पहल शुरू की है. इस के तहत किसानों को आधुनिक तरीके से गन्ने की बिजाई, पेड़ी प्रबंधन और कृषि यंत्रों के इस्तेमाल के लिए अनुदान (Subsidy) दिया जाएगा.
इस योजना के तहत मिलेगा अनुदान
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने ‘गन्ना तकनीकी उद्देश्य परियोजना’ के तहत यह योजना शुरू की है. इस का उद्देश्य गन्ने की खेती में नई तकनीक और मशीनीकरण को बढ़ावा देना है. योजना का लाभ राज्य के प्रमुख गन्ना उत्पादक क्षेत्रों के पात्र किसानों को मिलेगा.
इन तरीकों से गन्ने की खेती पर मिलेगा अनुदान
किसानों को गन्ने की आधुनिक खेती के लिए प्रदर्शन प्लाट लगाने पर आर्थिक सहायता दी जाएगी. इस में 4 फुट की दूरी पर गन्ने की बिजाई, सिंगल बड और बडचिप विधि, बीज उपचार और सीड नर्सरी जैसी तकनीकें शामिल हैं. इस के अलावा 4 फुट की चौड़ी कतार में गन्ने की पेड़ी फसल के बेहतर प्रबंधन को भी योजना में शामिल किया गया है.
इन कृषि यंत्रों पर भी मिलेगा अनुदान
गन्ने की खेती में मशीनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए कई कृषि यंत्रों को योजना में शामिल किया गया है. इनमें प्रमुख हैं :
-गन्ना बीज उपचार यंत्र, जिस की क्षमता 30 से 120 लीटर है.
-इंजन से चलने वाला पावर वीडर.
-गन्ना रटून मैनेजर.
-वाइड-रो रिज/रिज.
-4 फुट का रोटावेटर.
-ट्रैक्टर से चलने वाला स्प्रेयर.
-सबसोइलर और चिसलर.
-गन्ना कटर.
-गन्ना स्ट्रिपर और प्लांटर.
-मिनी ट्रैक्टर.
इन सभी यंत्रों पर मिलने वाला अनुदान निर्धारित नियमों और पात्रता के आधार पर दिया जाएगा.
हरियाणा के इन किसानों को मिलेगा लाभ
योजना में यमुनानगर, नारायणगढ़, शाहाबाद, करनाल, असंध, भादसों, पानीपत, कैथल, रोहतक, सोनीपत, जींद, पलवल, भूना, गोहाना और महम के सहायक गन्ना विकास अधिकारियों के क्षेत्र में आने वाले किसान शामिल हैं.
कब तक करना होगा आवेदन
जिन किसानों ने अप्रैल के बाद वसंत या ग्रीष्म ऋतु में गन्ने की बिजाई की है, वे 30 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. वहीं, आगामी शरद ऋतु में यानी अक्तूबरनवंबर में गन्ने की बिजाई करने वाले किसानों के लिए आवेदन की अवधि 1 अक्तूबर से 31 दिसंबर, 2026 तक रहेगी.
ऐसे करें आवेदन
जो किसान इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं वे हरियाणा कृषि विभाग की आधिकारिक वैबसाइट agriharyana.gov.in पर जा कर औनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने से पहले किसान योजना की पात्रता और जरूरी नियमों की जानकारी जरूर देख लें.





