Subsidy Scheme. पारंपरिक फसलों वाले किसान अब बागबान बन रहे हैं, क्योंकि आज के समय में बागबानी अच्छा कारोबार साबित हो रहा है. अगर आप भी अपनी खेती से मोटी कमाई का जरिया बनाना चाहते हैं, तो फल पौध रोपण योजना आपके लिए मोटे मुनाफे वाली साबित हो सकती है, क्योंकि मध्य प्रदेश के किसानों के लिए 40 से 50 फीसदी तक सब्सिडी दी जा रही है.
क्या है योजना
मध्य प्रदेश सरकार द्वारा ‘फल पौध रोपण योजना’ और राष्ट्रीय बागबानी मिशन के तहत बागबानी पर 40 फीसदी से 50 फीसदी तक की सब्सिडी प्रदान करती है. यह अनुदान आम, अमरूद, नीबू, अनार, पपीता और केला जैसे फलों के पौधों की लागत पर 3 वर्षों (60:20:20 के अनुपात) में दिया जाता है. आम, अमरूद, नीबू, आंवला जैसे सदाबहार फलों के बगीचे लगाकर आप अपनी बंजर या खाली पड़ी जमीन को भी मुनाफे के बड़े बिजनेस में बदल सकते हैं.
फल पौध रोपण योजना में सब्सिडी की जानकारी
इस योजना के तहत आम, अमरूद, नीबू, चीकू, अनार, बेर जैसे फल लगाने पर लागत का 40 फीसदी अनुदान दिया जाता है तथा बागबानी में संकर बीजों और आधुनिक ड्रिप सिंचाई तकनीकों का उपयोग करने वाले किसानों को 50 फीसदी तक की सब्सिडी दी जाती है.
इन लोगों को अधिक फायदा
इस योजना में छोटे और सीमांत किसानों के साथ-साथ महिला किसानों को प्राथमिकता और अतिरिक्त छूट दी जाती है. इसके अलावा, विभाग के एक्सपर्ट्स किसानों को मुफ्त में तकनीकी ट्रेनिंग भी देते हैं, जिसमें पौधों को बीमारियों से बचाने और ड्रिप इरिगेशन जैसी आधुनिक सिंचाई तकनीकों का सही इस्तेमाल करना सिखाया जाता है जिससे कम पानी में भी अच्छी बागबानी की जा सके.
योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक मदद
इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों की शुरुआती लागत को कम करना है जिससे वे बिना किसी आर्थिक तनाव के आधुनिक बागबानी अपना सकें.
आपको बता दें मध्य प्रदेश का उद्यानिकी विभाग इस योजना के तहत फलदार पौधों की खरीद, गड्ढे खोदने, खाद-पानी के प्रबंधन और फेंसिंग जैसे जरूरी कामों के लिए भारी सब्सिडी मुहैया कराता है. यह वित्तीय सहायता अलग-अलग फलों की वैराइटी के हिसाब से तय की जाती है, जो सीधे लाभार्थी किसान के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है.
आवश्यक दस्तावेज
-किसान का आधारकार्ड और पहचान पत्र.
-भूमि के स्वामित्व का प्रमाण (खसरा/खतौनी की नकल).
-बैंक खाता पासबुक की फोटोकॉपी (डीबीटी के लिए आधार से लिंक).
-पासपोर्ट साइज फोटो.
आवेदन कहां और कैसे करें?
मध्य प्रदेश के किसान सरकार के बागबानी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के पोर्टल MPFSTS पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
इसके अलावा, अपने नजदीकी उद्यानिकी विभाग (Horticulture Department) कार्यालय या कृषि विज्ञान केंद्र में संपर्क कर अधिक जानकारी ले सकते हैं.
राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही अन्य योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए myScheme पोर्टल पर भी विजिट किया जा सकता है.
अगर आप भी इस योजना का लाभ उठाकर अपने खेत में फलों का बगीचा तैयार करना चाहते हैं, तो आप उद्यान विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं या फिर अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर या जिला उद्यानिकी विभाग के कार्यालय में जाकर फॉर्म भर सकते हैं. अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्र से भी संपर्क कर सकते हैं.





