Grain Storage: खेती में उत्पादन जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही जरूरी है सही तरीके से अनाज का भंडारण. यदि भंडारण (Grain Storage) के दौरान थोड़ी भी लापरवाही हो जाए तो 5 से 10 प्रतिशत तक नुकसान हो सकता है. कई बार किसान बेहतर दाम मिलने की उम्मीद में अनाज रोक कर रखते हैं, लेकिन गलत स्टोरेज के कारण अनाज खराब हो जाता है और नुकसान उठाना पड़ता है.

इसलिए जरूरी है कि भंडारण वैज्ञानिक और सावधानीपूर्वक तरीके से किया जाए.

अनाज भंडारण से पहले क्या करें?

1. परिवहन साधनों की सफाई
अनाज ढोने वाली ट्रॉली, बैलगाड़ी, बोरे या अन्य बर्तनों को अच्छी तरह साफ और पूरी तरह सूखा होना चाहिए. नमी रहने पर कीट और फफूंद पनप सकते हैं.

2. गोदाम या भंडारगृह की तैयारी
• भंडारण (Grain Storage) से पहले गोदाम की दीवारों और कोनों की जांच करें.
• किसी भी प्रकार की दरार या छेद हो तो सीमेंट से भरें.
• चूने से पुताई करने से कीट नियंत्रण में मदद मिलती है.
• दरवाजे और खिड़कियां कुछ दिनों तक खुली रखें ताकि नमी पूरी तरह निकल जाए.

3. गोदाम में साफ-सफाई का विशेष ध्यान
भंडारगृह में कूड़ा-करकट बिल्कुल नहीं होना चाहिए. गंदगी छोटे कीटों और चूहों को आकर्षित करती है.

अनाज को सुरक्षित रखने के सही तरीके

1. बोरों की सही व्यवस्था
• अनाज से भरे बोरे सीधे फर्श पर न रखें.
• नीचे लकड़ी का पटरा या बांस की चटाई बिछाएं.
• बोरों को दीवार से 2–3 फुट दूर रखें.
• बोरों के बीच थोड़ा अंतर जरूर रखें.

2. नमी का नियंत्रण
• भंडारण (Grain Storage) से पहले अनाज में 10% से कम नमी होनी चाहिए.
• दानों को धूप में अच्छी तरह सुखाएं.
• सुखाने के बाद दानों को ठंडा होने दें, फिर भंडारण करें.

विशेष ध्यान:
चावल को तेज धूप में सीधे नहीं सुखाना चाहिए, इससे उसकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है.

3. नियमित वेंटिलेशन
हर 8–10 दिन में गोदाम के दरवाजे और खिड़कियां खोलें, ताकि ताजी हवा अंदर आए. इससे फफूंद और कीटों की संभावना कम होती है.

अनाज भंडारण में कीट नियंत्रण कैसे करें?

सही कीटनाशक का सीमित और सावधानीपूर्वक उपयोग भंडारण को सुरक्षित रख सकता है.

1. स्प्रे का उपयोग
• स्वीकृत कीटनाशक घोल को निर्धारित मात्रा में 100 वर्गमीटर क्षेत्र पर छिड़काव करें.
• छिड़काव के समय सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें.

2. फ्यूमिगेशन (धूमन) विधि
• एल्यूमिनियम फॉस्फाइड जैसी गैस आधारित दवाओं का उपयोग विशेषज्ञ की देखरेख में करें.
• पैक खोलते ही गैस बनना शुरू हो जाती है, इसलिए सावधानी आवश्यक है.
• पिसे हुए अनाज या तिलहन में गैस आधारित दवाओं का उपयोग नहीं करना चाहिए.

अनाज भंडारण (Grain Storage) में होने वाली सामान्य गलतियां

गीला अनाज सीधे स्टोर करना
दीवार से बोरे सटाकर रखना
छत की मरम्मत न कराना
बिना बिल या लेबल वाले रसायनों का उपयोग
गोदाम की नियमित जांच न करना

सुरक्षित भंडारण से बढ़ेगा मुनाफा

सही तरीके से अनाज भंडारण (Grain Storage) करने से न केवल नुकसान कम होता है, बल्कि किसान बेहतर बाजार भाव मिलने तक अनाज सुरक्षित रख सकता है. थोड़ी सी सावधानी और नियमित निरीक्षण से 5–10% तक होने वाले नुकसान को रोका जा सकता है .

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...