Weather News: पिछले कई सप्ताह से मौसम में उतार-चढ़ाव चल रहा है. आने वाले दिनों में भी मौसम में बहुत बदलाव की संभावनाएं बन रही हैं. आइए, जानते हैं कि कहां कैसा रहेगा मौसम :
दिल्ली एनसीआर में मौसम
आज से 8 तारीख तक दिल्ली एनसीआर में मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज मौसम साफ रहने की संभावना है तथा तापमान में बढ़ोतरी होकर पारा 32 से 33 डिग्री तक पहुंच सकता है, लेकिन इसके बाद 7 और 8 अप्रैल को फिर से आंशिक बादल छाने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना बन रही है.
उत्तर प्रदेश बिहार में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश और बिहार में आज से 8 अप्रैल तक उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित अलीगढ़, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, महोबा, झांसी, जालौन, महामायानगर, हमीरपुर, झांसी, हरदोई और कानपुर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. बिहार की राजधानी पटना के अलावा चंपारण, भोजपुर, गया, रोहतास, कैमूर और औरंगाबाद में भी बारिश की होने के आसार बन रहे हैं.
राजस्थान में हो सकती है ओलावृष्टि
Weather News आज 6 अप्रैल को जयपुर और आसपास के इलाकों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं, जबकि अधिकतर अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है. कल 7 अप्रैल को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभागों में तीव्र आंधी-तूफान की गतिविधि, तेज हवाएं (50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा) चलने की संभावना है. कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है. इसके बाद 9 अप्रैल से अगले 3-4 दिनों तक पूरे राज्य में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की उम्मीद है.
हरियाणा और पंजाब का जानिए हाल
हरियाणा के यमुनानगर, अंबाला, करनाल, सोनीपत, गुरुग्राम, मेवात, रेवाड़ी, चरखी-दादरी में तेज हवा के झोंके के साथ बारिश की संभावना है. पंजाब में चंडीगढ़, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर, पटियाला, अमृतसर में बारिश और तूफान की चेतावनी है.
मध्य प्रदेश के हाल
देश के मध्य भाग मध्य प्रदेश में भोपाल, सतना, कटनी, दमोह, पन्ना, छतरपुर आदि में तेज बारिश होने की संभावना है. इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
पहाड़ी क्षेत्रों में भी गरज के साथ बरसात
उत्तराखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की काफी व्यापक संभावना है. नैनीताल, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, चंपावत, उधम सिंह नगर आदि में तेज बारिश हो सकती है. तेज रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं.
हिमाचल प्रदेश में आज से 10 अप्रैल तक कई जिलों में ओलावृष्टि की आशंका को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है. चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ओलावृष्टि, गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी, तेज हवाओं के चलने का अलर्ट जारी किया है. राज्य में 10 अप्रैल तक बारिश होने का अनुमान जताया गया है.
जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में आने वाले दिनों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश, बर्फबारी हो सकती है. वहीं, 10-11 अप्रैल को कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. इसके बाद 12-15 अप्रैल तक मौसम साफ रहने के आसार हैं.
कुल-मिलाकर देख जाए तो देश के अनेक हिस्सों में बारिश और हवा चलने के आसार बन रहे हैं जो किसानों के लिए नुकसान का कारण बन सकते हैं, क्योंकि अभी गेहूं की फसल तैयार है और कई जगह तो गेहूं की कटाई हो चुकी है जिनका भंडारण करना, मंडी ले जाना आदि ऐसे कई काम हैं, जिसमें बेमौसम बरसात रुकावट बन सकती है.Weather News





