Weather News: इस समय आधे से अधिक मार्च का महीना बीत चुका है और गर्मी की अच्छी शुरुआत हो चुकी होती है, लेकिन पिछले कई दिनों से मौसम में खासा बदलाव देखने को मिल रहा है. देश के कई हिस्सों में बरसात हो रही है, तेज हवाएं चल रही हैं, तापमान गिर गया है. आइए जानते हैं देश के किस हिस्से में कैसा रहेगा मौसम (Weather News) :
दिल्ली एनसीआर में मौसम बदला
दिल्ली एनसीआर में पिछले 2 दिनों से तापमान में अच्छीखासी गिरावट हो रही है और बरसात जारी है. आज 20 मार्च को तापमान 18 डिग्री दर्ज किया गया. अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. तेज हवाएं भी चल रही हैं और आने वाले सप्ताह में न्यूनतम तापमान 21, 30, 32, 33, 32, 34, 35 डिग्री रहने की संभावना है.
देश के अन्य राज्यों का हाल
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान (Weather News) के मुताबिक, देश के अनेक राज्यों में 21 मार्च तक बारिश, आंधी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा. पूर्वोत्तर से लेकर उत्तर-पश्चिम, मध्य और दक्षिण भारत तक मौसम सक्रिय रहने के संकेत हैं, जिससे तापमान में भी गिरावट आ सकती है.
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. वहीं, पंजाब, हरियाणा, यूपी, दिल्ली और राजस्थान के मैदानी इलाकों में 20 मार्च को गरज-चमक, बारिश और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है.
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम,, त्रिपुरा क्षेत्र में कहीं-कहीं भारी बारिश की भी चेतावनी है. इसके अलावा पूर्व और मध्य भारत के पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश और विदर्भ में 21 मार्च तक बीच बारिश, तेज हवाएं और कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं.
दक्षिण भारत के तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, केरल और तमिलनाडु में 21 मार्च तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.
इसी बीच बेंगलुरु में हाल ही में तेज बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली. कर्नाटक के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह का मौसम देखने को मिला.





