Agri Exhibition : बिहार कृषि विभाग 12 से 15 मार्च तक पटना के गांधी मैदान में ‘एग्रो बिहार-2026’ मेला आयोजित करेगा. 4 दिन तक चलने वाला यह किसान मेला (Agri Exhibition) किसानों को अनेक आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी देने का बड़ा मंच बनेगा, जो किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी होगा.

कई राज्यों के कृषि यंत्र निर्माता आएंगे एक मंच पर

कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने बताया कि मेले में देश के प्रमुख कृषि यंत्र निर्माता अपनी अत्याधुनिक मशीनों और तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे. बिहार के अलावा पंजाब, हरियाणा, गुजरात, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के कृषि यंत्र निर्माता भी इसमें भाग लेंगे. इससे किसानों को विभिन्न कंपनियों के आधुनिक उपकरणों को एक ही स्थान पर देखने और समझने का अवसर मिलेगा.

लगेंगे 100 से अधिक स्टॉल

यह मेला करीब 3.25 लाख वर्गफीट क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा, जिसमें 100 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे. इसके अलावा खाद्य प्रसंस्करण, पशु एवं मत्स्य संसाधन, गन्ना उद्योग, उद्योग विभाग, सहकारिता विभाग और कॉम्फेड भी अपनी योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी देंगे. आगंतुकों के लिए बिहारी व्यंजनों से सुसज्जित विशेष फूड कोर्ट की भी व्यवस्था की गई है.

91 प्रकार के कृषि यंत्रों पर अनुदान की मिलेगी जानकारी

कृषि मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कृषि यांत्रिकरण योजना के तहत 91 प्रकार के कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जा रहा है, जिसके विस्तार से जानकारी भी मेले (Agri Exhibition) में मिलेगी. इसके अलावा किसान बिहार कृषि मोबाइल ऐप या जिला व प्रखंड कृषि कार्यालय से यंत्रवार अनुदान की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.

किसानों को मिलेगा अधिक लाभ

अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के किसानों के लिए कृषि यंत्रों पर अधिक अनुदान का विशेष प्रावधान किया गया है. इसके अलावा 20 हजार रुपए या उससे कम अनुदान वाले कृषि यंत्रों पर निबंधित गैर-रैयत कृषक भी योजना का लाभ ले सकते हैं. किसान अपनी पसंद के अनुसार विभाग द्वारा तय कृषि यंत्र खरीद सकते हैं और अनुदान प्राप्त कर सकते हैं.

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...