Wheat at Support Price : मध्य प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी अभियान अब अपने अंतिम चरण में है. राज्य सरकार ने 100 लाख टन खरीद का लक्ष्य तय किया था, जिसमें से अब तक 87.71 फीसदी गेहूं खरीदा जा चुका है. हालांकि लक्ष्य हासिल करने के लिए अभी 12.29 फीसदी खरीद बाकी है और खरीदी की अंतिम तारीख भी करीब आ चुकी है.

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के मुताबिक किसानों की सुविधा और प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए कई अहम बदलाव किए गए हैं. अब तक 12 लाख से अधिक किसानों से 87.71 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है. साथ ही तौल पर्ची जारी करने का समय रात 10 बजे तक और भुगतान रसीद जारी करने की सीमा रात 12 बजे तक बढ़ा दी गई है.

खरीदी केंद्रों पर तुलाई व्यवस्था मजबूत, बढ़ाए गए तौल कांटे

खरीद केंद्रों पर किसानों की भीड़ कम करने और गेहूं तौलने की गति बढ़ाने के लिए तौलने वाले कांटों की संख्या में इजाफा किया गया है. पहले प्रत्येक केंद्र पर 4 कांटे थे,लेकिन कुछ हफ्तों से यह संख्या बढ़ाकर 6 कर दी गई है. आवश्यकता के अनुसार जिलों में अतिरिक्त कांटे लगाने की अनुमति भी दी गई है. खाद्य विभाग खरीदी अभियान पर कड़ी नजर रख रहा है, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो.

गेहूं खरीदने के बदले किसानों को मिला 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक भुगतान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गेहूं खरीदने के बदले में किसानों को अब तक दस हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान किया जा चुका है. इसके अलावा, खरीदे गए गेहूं में से लगभग 75 लाख 95 हजार 792 मीट्रिक टन का उठाव भी पूरा हो गया है. राज्य में किसानों से गेहूं खरीदा जा रहा है जिसकी कीमत 2585 रुपये प्रति क्विंटल है. साथ ही, प्रदेश सरकार की ओर से किसानों को 40 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस भी मिल रहा है। इस तरह, किसानों को कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहे हैं.

गेहूं खरीदी में भोपाल और उज्जैन संभाग सबसे आगे

मध्य प्रदेश के विभिन्न संभागों में गेहूं खरीदी के आंकड़ों पर नजर डालें तो भोपाल और उज्जैन डिविजन सबसे आगे हैं. भोपाल डिविजन में अब तक 24.62 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं खरीदा गया है, जबकि उज्जैन डिविजन में 20.23 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरिदे गये हैं. इसके अलावा, जबलपुर, सागर, इंदौर और नर्मदापुरम संभागों में भी लाखों मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है, जिससे पूरे प्रदेश में गेहूं खरीदी का अभियान तेज़ी से आगे बढ़ रहा है.

रीवा से चंबल तक तेज़ी से चल रही गेहूं खरीदने की प्रक्रिया

मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है. रीवा से लेकर चंबल तक किसानों का गेहूं सरकार द्वारा खरीदा जा रहा है. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, मध्य प्रदेश के रीवा संभाग में अब तक 5.17 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है. ग्वालियर संभाग में 3.66 लाख मीट्रिक टन और चंबल संभाग में 1.96 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है. इसके अलावा, शहडोल संभाग में 61 हजार मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है. खरीदने की प्रक्रिया 23 मई 2026 तक जारी रहेगी.

सरकार किसानों को समय पर भुगतान देने के लिए रोजाना निगरानी कर रही है. यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य मिले. Wheat at Support Price

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...