Soil Tillage Methods: कठोर जमी हुई मिट्टी को एक गहराई तक किसी हल से खोलना या पलटना जुताई कहलाता है. जुताई से पौधों के ठूंठ व खरपतवार निकल जाते हैं और मिट्टी मुलायम पड़ जाती है. इस से पैदावार बढ़ती है व टिकाऊपन आता है. बीजों का अंकुरण, जमाव और पौधों की संख्या जुताई पर निर्भर करती है. जुताई से मिट्टी के छेदों में इजाफा होता है और हवा व पानी का अच्छा संचार होता है.

गहरी जुताई :

यह काम गरमी में या फसल बोने के पहले या फसल कटाई के फौरन बाद नमी के आधार पर किया जाता है. इस की गहराई 25-30 सेंटीमीटर तक हो सकती है. इस काम में मिट्टी की सतहों में बदलाव होता है. बड़ेबड़े ढेले निकलते हैं, सूरज की गरमी में आने से उन में मौजूद कीटबीमारी के अंश खत्म हो जाते हैं. इसी तरह खरपतवारों को भी खत्म किया जा सकता है. गहरी जुताई से मिट्टी में पानी गहराई तक जाता है. गरमी में गहरी जुताई का खेती में अपना एक अहम स्थान होता है.

निचली जमीन की तुड़ाई :

जहां कहीं मिट्टी की निचली सतह में कठोर परत बन जाती है, वहां पर यह काम किया जाता है. इस से निचली जमीन में पानी और जड़ के पहुंचने में आसानी होती है. इस में जमीन की 60-70 सेंटीमीटर गहराई पर यंत्रों से मिट्टी की परतों को तोड़ा जाता है.

सामान्य जुताई :

इस का मतलब बीज को बोने के पहले या बोते समय की गई खेत की तैयारी से है. इस को हम खुर्रा जुताई, बतर की जुताई, बीज बोने के साथ की जुताई और धान फसल की स्थिति में खेत की मचाई और लेही तैयारी के नाम से जानते हैं.

बोआई के बाद की जुताई :

खेत में बीज बोने के बाद की गई जुताइयां इस श्रेणी में आती हैं. इन के द्वारा हम खरपतवार रोकथाम, गुड़ाई, निराई, मिट्टी चढ़ाने, उर्वरक को मिट्टी में मिलाने, नमी बचाने, पलवार बनाने व धान की बियासी वगैरह काम को पूरा करते हैं.

सालभर की जुताई :

बारिश वाले इलाकों में मिट्टी में नमी होने और खाली जमीन होने पर समयसमय पर जुताई की जाती है. इस का मकसद मिट्टी व नमी संरक्षण और खरपतवार रोकथाम है.

जुताई के उपकरण

जुताई के उपकरण को  हल कहते हैं. हल आदमी, पशु या मशीन चालित होते हैं. इन का इस्तेमाल खेती के उद्देश्य, मिट्टी के प्रकार, उस की जुताई, बोआई, निराई, गुड़ाई, खरपतवार रोकथाम वगैरह और कीमत पर निर्भर करता है.

मिट्टी पलटने और गहरी जुताई के लिए ट्रैक्टर चालित मिट्टी पलटने वाला हल, खाद उर्वरक व केमिकलों को मिट्टी में मिलाने के लिए पशु चालित मिट्टी पलटने वाला हल, जमीन पर उगी घास व वनस्पतियों को काट कर मिट्टी में दबाने के लिए डिस्क हल और अन्य जुताई के लिए कल्टीवेटर और देशी हल का इस्तेमाल होता है. गहराई में बनी कड़ी परत को तोड़ने के लिए सबसायलर उपयोगी हैं . Soil Tillage Methods

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...