World Environment Day: विश्व पर्यावरण दिवस 2026 की वैश्विक थीम ‘प्रकृति से प्रेरित–जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए’ के अनुरूप जनपद बस्ती में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक व्यापक जन अभियान का आरंभ हो गया है. विश्व युवक केंद्र, नई दिल्ली एवं युवा विकास समिति, बस्ती के संयुक्त तत्वावधान में 5 जून से 5 जुलाई, 2026 तक चलने वाले इस माहव्यापी अभियान की शुरुआत प्रेस क्लब में पोस्टर लॉन्चिंग एवं गोष्ठी के साथ की गई.
क्या है इस अभियान का मकसद
इस अभियान का मकसद जन भागीदारी के जरिए पर्यावरण संरक्षण के संदेश को घर-घर तक पहुंचाना है.
पर्यावरण के लिए बड़ी चुनौती
इस मौके पर मुख्य अतिथि एवं वरिष्ठ पर्यावरणविद् कौशल पांडेय ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन मानवता के सामने सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है. इससे निबटने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी और जमीनी स्तर पर जागरूकता आवश्यक है.
विशिष्ट अतिथि डॉ. नवीन सिंह ने युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों और युवाओं की सक्रिय सहभागिता से ही पर्यावरण संरक्षण के प्रयास वास्तविक रूप में सफल हो सकते हैं. वहीं, सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर राम गदाधर पांडेय ने अनुशासन, जिम्मेदारी और सामूहिक सहयोग को इस अभियान की सफलता का मूल आधार बताया.
उद्यान विभाग के केंद्रीय पौधशाला प्रभारी इंद्रमणि यादव ने कहा कि पौध रोपण पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है. उन्होंने हर व्यक्ति से जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की.
बागबानी को मिले बढ़ावा
उद्यान विशेषज्ञ मंगला प्रसाद मौर्य ने फलदार वृक्षों जैसे आम, अमरूद, लीची, जामुन और कटहल के महत्व को बताते हुए कहा कि ये न केवल पर्यावरण को शुद्ध करते हैं, बल्कि पोषण और आजीविका का भी महत्वपूर्ण स्रोत हैं. कार्यक्रम में फलदार पौधों का वितरण भी किया गया.
संस्था से जुड़े बृहस्पति कुमार पांडेय ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 5 जुलाई तक चलने वाले इस कार्यक्रम में पर्यावरण गोष्ठियां, बड़े पैमाने पर पौध रोपण, सीड बॉल निर्माण, जागरूकता रैलियां और सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज का हर वर्ग इस ‘जलवायु कार्रवाई’ से जुड़ सके.
इस अवसर पर राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किसान राम मूर्ति मिश्र, प्रमोद ओझा, अरविंद कुमार सिंह, अहमद अली, राम पूरन चौधरी, संध्या दीक्षित, रीता पांडेय एवं बबिता गौतम सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता और सामूहिक भागीदारी पर बल दिया.
इंद्रमणि यादव को ‘पर्यावरण प्रहरी सम्मान’
पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए उद्यान विभाग के केंद्रीय पौधशाला प्रभारी इंद्रमणि यादव को ‘पर्यावरण प्रहरी सम्मान’ से सम्मानित किया गया. इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाले लगभग 60 अन्य लोगों को भी सम्मानित किया गया. इस अवसर पर राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किसान राम मूर्ति मिश्र सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार साझा किए.
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक विशाल मानव श्रृंखला बनाकर पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और पर्यावरण संरक्षण के उपायों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया. इस दौरान अनुराग कुमार श्रीवास्तव, माधुरी, शशांक शुक्ल, शैल पांडेय, डॉ. मनीष चौधरी, गौरव मिश्रा, निवेदिता पांडेय, अनुमोदिता पांडेय, लक्ष्मी अरोरा, रेखा चित्रगुप्त, प्रतिमा श्रीवास्तव, गरुड़ध्वज पांडेय, वंदना वर्मा, अर्चना पांडेय, सीमा देवी, अखिलेश निधि श्रीवास्तव, गिरजेश दुबे, सुनील कुमार मौर्य, धीरज सिंह, युग सरन, संदीप यादव, अखिलेश मिश्र, मंगेश दुबे तथा अनुराधा दुबे सहित अनेक लोग उपस्थित रहे.





